Danapur News : दानापुर थाना क्षेत्र के तकियापर में गुरुवार देर शाम एक युवक पर दर्जनभर से अधिक बदमाशों ने हमला कर दिया. हमलावरों ने लाठी-डंडे और रॉड से उसकी पिटाई की. हमला इतना बेरहम था कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. तुरंत उसे इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में तनाव फैल गया और परिजनों में कोहराम मच गया. आसपास के लोग न्याय की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और जांच शुरू कर दी.
मृतक की पहचान और परिवार में मातम
मृतक की पहचान तकियापर निचली गली कश्यप टोली निवासी बिट्टू उर्फ पालकियां के रूप में हुई. वह विनय कुमार सिंह का पुत्र था. घटना की खबर मिलते ही परिजन और मोहल्ले में मातम का माहौल बन गया. मां लगातार रो-रोकर बुरा हाल थी. परिजन न्याय की मांग को लेकर आक्रोशित हैं. घर में चीख-पुकार और शोक का माहौल है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली से लौटे थे, बहन की शादी में शामिल होने आए थे
बताया जाता है कि बिट्टू दिल्ली में ट्रक चलाने का काम करता था. वह अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए तीन दिन पहले घर आया था. घटना वाले दिन वह देर शाम तकियापर गया था. इसी दौरान बदमाशों ने उसे घेर लिया और उसे संभलने का मौका भी नहीं दिया. हमलावरों ने उसे बेरहमी से पीटा.
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम और आगजनी
हमले के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया. लोगों ने तकियापर के पास सड़क जाम कर दी और आगजनी की. भीड़ ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. कुछ देर के लिए इलाके में तनाव का माहौल बना रहा. पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया.
पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज दलबल के साथ जांच में जुट गए. एफएसएल टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया. घटनास्थल से ईंट और लोहे की रॉड बरामद की गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में लगी हुई है.
जल्द गिरफ्तारी का दावा, जांच जारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि कुछ युवकों ने मिलकर बिट्टू की पिटाई की. उसकी गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों के बयान के आधार पर घटना के कारणों का खुलासा होगा. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है.
इसे भी पढ़ें-बिहार में मौसम बदलेगा करवट, तेज हवा और बारिश के साथ ठनका गिरने की चेतावनी
इसे भी पढ़ें-रेलवे का बड़ा फैसला: आनंद विहार समेत कई रूटों की स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ी
इसे भी पढ़ें-बेऊर जेल से कड़ी सुरक्षा में विधानसभा पहुंचे अनंत सिंह, मतदान के बाद फिर लौटे जेल
इसे भी पढ़ें-मतदान के बीच कांग्रेस के 3 विधायक गायब; कमरूल होदा का दावा- सभी विधायक रास्ते में हैं
इसे भी पढ़ें-बिहार विधानसभा में मतदान जारी, पहली बार वोट डालने पहुंचीं मैथिली ठाकुर

