Bhagalpur News : भागलपुर के नवगछिया प्रखंड में बाल श्रम के खिलाफ जिला स्तरीय धावादल ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की. जीरो माइल चौक स्थित दो मिठाई दुकानों पर छापेमारी कर तीन बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया. सभी बच्चों को आगे की प्रक्रिया के लिए बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया.
दो दुकानों पर छापेमारी, तीन बाल श्रमिक मुक्त
11 मार्च 2026 को गठित जिला स्तरीय धावादल ने नवगछिया प्रखंड के जीरो माइल चौक स्थित बाबा विश्वनाथ मिष्ठान भंडार में छापेमारी की. यहां से दो बाल श्रमिक हिटलर कुमार और दिलवर कुमार को विमुक्त कराया गया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इसके अलावा टीम ने जगदम्बा मिष्ठान में भी कार्रवाई की, जहां से एक बाल श्रमिक गोलू कुमार को मुक्त कराया गया. धावादल की कार्रवाई के बाद तीनों बच्चों को संरक्षण और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए बाल कल्याण समिति, भागलपुर को सुपुर्द कर दिया गया.
श्रम विभाग के अधिकारियों की टीम ने चलाया अभियान
धावादल का संचालन श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अनिता कुमारी के नेतृत्व में किया गया. टीम में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राजेश कुमार सिन्हा (रंगरा चौक), परितोष कुमार सिंह (खरीक), प्रभाशीष (नारायणपुर) और मनोहर कुमार (बिहपुर) शामिल रहे.
कार्रवाई के दौरान नवगछिया थाना की पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही और अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया.
लोगों से की गई अपील
छापेमारी के दौरान धावादल के सदस्यों ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों को बाल श्रम के खिलाफ जागरूक किया. अधिकारियों ने बताया कि बाल श्रम कानूनन अपराध है और इससे बच्चों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है.
लोगों से अपील की गई कि किसी भी प्रतिष्ठान में बच्चों से काम नहीं कराया जाए और ऐसी जानकारी मिलने पर प्रशासन को सूचित किया जाए.
इसे भी पढ़ें-भागलपुर में बड़े गैंग का भंडाफोड़, महिला यात्री से लूट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

