Bengal Election Alert: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं. इसी बीच बीरभूम जिले से बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने की घटना ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. ग्रामीणों की सतर्कता से एक संदिग्ध ट्रैक्टर पकड़ा गया, जिसमें भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री लदी हुई थी.
ग्रामीणों की सतर्कता से खुला मामला
जानकारी के मुताबिक यह घटना बीरभूम के नलहाटी थाना क्षेत्र के कदासिर गांव की है. देर रात एक ट्रैक्टर गांव की सड़क से गुजर रहा था, जिस पर ग्रामीणों को शक हुआ. लोगों ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने तेजी से निकलने की कोशिश की.
पश्चिम बंगाल की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
हालांकि ग्रामीणों ने पीछा कर ट्रैक्टर को रोक लिया. जांच करने पर उसमें बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिली, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
हजारों जिलेटिन स्टिक और डेटोनेटर बरामद
मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन से करीब 10 हजार जिलेटिन स्टिक और सैकड़ों डेटोनेटर बरामद किए गए हैं. इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह सामग्री कहां ले जाई जा रही थी और इसके पीछे किसका हाथ है.
चुनाव से पहले सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. केंद्रीय बलों ने कई संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी है. अधिकारियों का कहना है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है.
अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं, जांच जारी
पुलिस ने ट्रैक्टर और बरामद विस्फोटकों को जब्त कर लिया है, लेकिन इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस विस्फोटक खेप का स्रोत क्या है और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था.
स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव से ठीक पहले इस तरह की बरामदगी गंभीर मामला है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें-ममता बनर्जी का बड़ा दांव, 75 विधायकों की छुट्टी; 291 उम्मीदवारों की घोषणा
इसे भी पढ़ें-बीजेपी की पहली लिस्ट जारी, 144 उम्मीदवारों का ऐलान; भवानीपुर से शुभेंदु अधिकारी
इसे भी पढ़ें-बंगाल में 5 लाख नये मतदाता पहली बार देंगे वोट, SIR के बाद आयेगा फाइनल वोटर डाटा

