Indian Railways Scrap Auction : पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने सुनियोजित परिसंपत्ति प्रबंधन और पारदर्शी ई-नीलामी प्रक्रिया के जरिए कबाड़ निपटान और राजस्व सृजन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. मंडल ने एक ही दिन में 6.65 करोड़ रुपये की कबाड़ बिक्री दर्ज कर नया रिकॉर्ड बनाया है.
मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक मोसेस नाग के पर्यवेक्षण में सामग्री प्रबंधन विभाग की टीम ने यह उपलब्धि हासिल की. यह पूरी प्रक्रिया भारतीय रेल के “मिशन जीरो स्क्रैप” अभियान के तहत संसाधनों के बेहतर उपयोग, रेलवे परिसरों की स्वच्छता और सतत परिसंपत्ति प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की जा रही है.
पश्चिम बंगाल की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
एक दिन में ₹6.65 करोड़ की कबाड़ बिक्री
10 मार्च 2026 को आयोजित ई-नीलामी में मालदा मंडल ने विभिन्न विभागों से प्राप्त निष्प्रयुक्त और अप्रचलित रेलवे सामग्रियों का पारदर्शी तरीके से निपटान किया. इस प्रक्रिया के माध्यम से मंडल ने एक ही दिन में 6.65 करोड़ रुपये की कबाड़ बिक्री दर्ज की.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ई-नीलामी की पारदर्शी व्यवस्था से कबाड़ सामग्रियों का त्वरित निपटान संभव हुआ है और इससे रेलवे को बेहतर राजस्व भी प्राप्त हो रहा है.
लक्ष्य से 110 प्रतिशत अधिक राजस्व
मालदा मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 23 करोड़ रुपये की कबाड़ बिक्री का लक्ष्य निर्धारित किया था. लेकिन 10 मार्च 2026 तक ही मंडल ने 25.37 करोड़ रुपये की बिक्री कर ली, जो तय लक्ष्य का लगभग 110 प्रतिशत है.
यह उपलब्धि मंडल के कुशल संसाधन प्रबंधन, वित्तीय अनुशासन और पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है. समयबद्ध और पारदर्शी निपटान प्रक्रिया से रेलवे परिसरों में स्वच्छता, सुरक्षा और परिचालन दक्षता भी बेहतर हो रही है.
मिशन ‘जीरो स्क्रैप’ को मिल रहा बल
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कबाड़ सामग्रियों के नियमित और पारदर्शी निपटान से न केवल राजस्व बढ़ रहा है, बल्कि रेलवे परिसरों में जगह खाली होने से संचालन व्यवस्था भी बेहतर हो रही है.
मालदा मंडल का कहना है कि वह पारदर्शी और त्वरित निपटान प्रक्रियाओं के माध्यम से “मिशन जीरो स्क्रैप” को और मजबूत करेगा और भारतीय रेल के सतत एवं संसाधन-कुशल विकास के लक्ष्य में अपना योगदान जारी रखेगा.
इसे भी पढ़ें-सियालदह–गेडे और गेडे–माजेरहाट रूट पर अतिरिक्त स्पेशल EMU ट्रेनें, 16 मार्च से लागू होगा नया शेड्यूल
इसे भी पढ़ें-हावड़ा स्टेशन के प्रबंधन और रेलवन सुपर ऐप की विदेशी अतिथि ने की सराहना
इसे भी पढ़ें-मालदा मंडल ने लिया निर्णय, स्टेशनों का विकास और ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी
इसे भी पढ़ें-वोटर लिस्ट जारी, ऐसे चेक करें आपका नाम सूची में है या हट गया

