Bihar News : बिहार में रजौली थाना क्षेत्र के एनएच-20 पर सोमवार की सुबह सड़क हादसा हुआ. नवादा की ओर से आ रहे एक कंटेनर ने होंडा शाइन बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी. घटना स्थल पर कंटेनर के चालक और सह-चालक फरार हो गए.
घायल बाइक सवारों को अस्पताल में भर्ती
ग्रामीणों और डायल 1033 की एंबुलेंस की मदद से दोनों गंभीर रूप से घायल लोगों को रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने के कारण बाद में उन्हें नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
घायलों की हुई पहचान
मिली जानकारी के अनुसार घायलों में उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के 55 वर्षीय धीरेंद्र सिंह और खगड़िया जिले के 40 वर्षीय गोविंद सिंह शामिल हैं. दोनों करिगांव स्थित टोल प्लाजा में काम करते हैं और बहादुरपुर से दैनिक सामग्री खरीदकर लौट रहे थे. हादसे में एक घायल का सिर गंभीर रूप से चोटिल है, जबकि दूसरे का बायां पैर क्षतिग्रस्त हुआ है.
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. कंटेनर में फंसी बाइक को सड़क किनारे हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया. उन्होंने कहा कि दोनों घायलों का इलाज जारी है और लिखित आवेदन मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ग्रामीणों की नाराजगी और सड़क सुरक्षा की मांग
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि टोल के पास सड़क किनारे चाय की दुकानों और होटलों का होना ट्रक समेत अन्य वाहनों को मोड़ पर खड़ा कर देता है, जिससे बाइक सवारों को समय पर खतरे का पता नहीं चलता. वे मांग कर रहे हैं कि सड़क पर सुरक्षा उपाय किए जाएँ और वाहन मार्ग अधिक सुरक्षित बनाया जाए.
इसे भी पढ़ें-बिहार म्यूजियम और पटना म्यूजियम के बीच बनेगा टनल, पर्यटकों के लिए आसान होगा भ्रमण
इसे भी पढ़ें-ड्रोन तकनीक से बढ़ेगी पुलिस की निगरानी, बिहार में 50 हाई-टेक ड्रोन की होगी खरीद
इसे भी पढ़ें-बिहार में अंचलाधिकारियों को चेतावनी: राजस्व कार्यों में ढिलाई करने वालों को मिलेगी सजा, आदेश जारी


