Bihar Police : मोहनिया थाना अंतर्गत वार्ड संख्या 7 में स्थित एक दुकान के गोदाम से हुई चोरी की घटना को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है. जांच के दौरान पुलिस ने चोरी से जुड़ा हुआ कई सामान बरामद किया है, वहीं एक युवक को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है.
कैसे सामने आई चोरी की घटना?
डीएसपी प्रदीप कुमार ने सोमवार को मोहनिया थाना परिसर में मीडिया को बताया कि स्टुरगंज बाजार इलाके में स्थित एक दुकान के गोदाम में रविवार को चोरी की वारदात हुई थी. गोदाम में रखे घरेलू और इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब मिलने के बाद दुकानदार इरशाद अली ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने कुछ स्थानीय लोगों पर संदेह भी जताया था.
इसे भी पढ़ें-पटना सिटी की तंग गली में मौत का तांडव, युवक को घेरकर मार डाला, दोस्त घायल
आवेदन के बाद तेज हुई पुलिस कार्रवाई
शिकायत मिलते ही मोहनिया थाना में कांड दर्ज कर मामले के उद्भेदन के लिए अनुमंडल स्तर पर एक टीम गठित की गई. पुलिस ने तकनीकी जांच, स्थानीय पूछताछ और सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्धों की पहचान शुरू की.
संदिग्ध के घर हुई छापेमारी
जांच के क्रम में पुलिस टीम ने वार्ड संख्या 7 में एक संदिग्ध के आवास पर छापा मारा. इस दौरान चोरी से जुड़े कई सामान बरामद किए गए, जिनमें 26 प्लास्टिक कुर्सियां, 24 इंच का स्मार्ट टीवी, 15 लीटर का वाटर हीटर, छह मिक्सर ग्राइंडर और एक फ्रिज शामिल है. मौके से शाहरुख उर्फ गुलाम कादिर को हिरासत में लिया गया.
न्यायालय में पेश किया गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी को आवश्यक चिकित्सीय जांच के बाद न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़ा गया युवक पहले भी चोरी के मामलों में संलिप्त रह चुका है.
इसे भी पढ़ें-पटना में रात को निकली महिला घर नहीं लौटी, गोली मारकर हत्या
अन्य लोगों की भूमिका की जांच
डीएसपी ने बताया कि इस मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता. शेष चोरी गए सामान की बरामदगी और संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है.
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में अंचल पुलिस पदाधिकारी मोहनिया सुनील कुमार निर्झर, पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष आलोक कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार सहित कई पुलिसकर्मियों की भूमिका रही.
इसे भी पढ़ें-पहले चोर ने होटल में भरपेट खाए रसगुल्ले; फिर उड़ा ले गए नकदी-सामान
इसे भी पढ़ें-शादी के 5 महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पर लगा हत्या का आरोप

