Bihar Rain Alert: बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. शनिवार को राज्य के कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में तेज हवा, भारी बारिश और ठनका गिरने की आशंका जताई गई है, जबकि कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक वाला मौसम बना रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर बादलों की आवाजाही, हवा के तेज झोंके और अचानक बारिश जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है. खासकर पूर्वी और सीमावर्ती जिलों में लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत बताई गई है. मौसम के इस बदलाव का असर सिर्फ बारिश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की संभावना है. अगले दो दिनों के दौरान दिन और रात, दोनों के पारे में कमी आ सकती है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत महसूस होगी. हालांकि, वज्रपात और तेज हवा के कारण लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
इन जिलों में ज्यादा खराब रह सकता है मौसम
मौसम विभाग ने अररिया, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और बांका के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में तेज हवा के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है. साथ ही मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है. विभाग का अनुमान है कि हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे हालात में खुले स्थानों पर मौजूद लोगों, किसानों और सड़कों पर चलने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत होगी.
बाकी जिलों के लिए भी चेतावनी
राज्य के अन्य कई जिलों में भी मौसम पूरी तरह सामान्य रहने वाला नहीं है. जमुई, मधेपुरा, पूर्णिया, खगड़िया, मुंगेर सहित कई इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में हल्की बारिश, तेज हवा और ठनका गिरने की आशंका बनी हुई है. मौसम विज्ञान केंद्र ने संकेत दिया है कि बिहार के अधिकांश हिस्सों में कम या ज्यादा असर वाला बदला हुआ मौसम बना रह सकता है. ऐसे में लोगों को दिनभर मौसम के मिजाज पर नजर रखने की जरूरत होगी.
अगले 48 घंटे में मौसम देगा राहत
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के कई हिस्सों में अगले 48 घंटे के दौरान तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की संभावना है. इससे दिन की गर्मी कुछ हद तक कम हो सकती है. वहीं न्यूनतम तापमान में भी 1 से 4 डिग्री तक गिरावट संभव है, जिससे सुबह और रात का मौसम थोड़ा ठंडा महसूस हो सकता है. हालांकि इसके बाद अगले कुछ दिनों में पारा फिर धीरे-धीरे ऊपर चढ़ सकता है.
पिछले 24 घंटे में तापमान का हाल
बीते 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान भभुआ में दर्ज किया गया, जहां पारा 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा. वहीं पूरे बिहार में अधिकतम तापमान लगभग 29.9 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया. दूसरी ओर, न्यूनतम तापमान की बात करें तो डेहरी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. राज्य का न्यूनतम तापमान 17.5 से 22.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.
पटना में भी बदला-बदला रहेगा मौसम
राजधानी पटना में भी शनिवार को मौसम का असर साफ दिख सकता है. यहां के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. सुबह के समय शहर के कई हिस्सों में हल्की बारिश देखने को मिली और आसमान में बादल छाए रहे. अनुमान है कि दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. बीच-बीच में हल्की बारिश या हवा के तेज झोंके भी महसूस हो सकते हैं. मौसम के बदले इस रुख ने राजधानी में भी लोगों को सतर्क कर दिया है.
डाकबंगला चौराहे पर टला बड़ा हादसा
पटना में देर रात आए तेज आंधी-तूफान ने रामनवमी की तैयारियों के बीच हलचल मचा दी. डाकबंगला चौराहे पर पर्व को लेकर पंडाल और झांकियों की व्यवस्था की गई थी. इसी दौरान तेज हवा के झोंकों से बांस के सहारे लगी एलईडी लाइट नीचे गिर गई. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई बड़ा नुकसान या हादसा नहीं हुआ. अचानक बदले मौसम ने यह साफ कर दिया कि त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान मौसम को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है.
लोगों को बरतनी होगी सावधानी
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें. तेज हवा और वज्रपात के समय यात्रा टालना बेहतर रहेगा. किसानों, दुकानदारों और खुले में काम करने वाले लोगों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखनी चाहिए. आने वाले दो दिनों तक मौसम का यह अस्थिर रुख कई जिलों में असर दिखा सकता है.
इसे भी पढ़ें-रामनवमी के बाद बदला मौसम, कई जिलों में बारिश-आंधी का असर, आज भी अलर्ट
इसे भी पढ़ें-पश्चिम एशिया संकट के बीच पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों से की बातचीत, तैयारी और समन्वय पर जोर

