Aurangabad News : दाउदनगर से औरंगाबाद आ रही एडीएम की सरकारी गाड़ी में एक हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में वाहन में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए. घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
भरथौली पुल के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत भरथौली पुल के समीप हुई. बताया गया कि एडीएम की गाड़ी दाउदनगर की ओर से औरंगाबाद आ रही थी, जबकि हाइवा विपरीत दिशा यानी दाउदनगर की ओर जा रही थी. इसी दौरान हाइवा चालक ने अचानक टक्कर मार दी, जिससे एडीएम की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई.
टक्कर लगते ही एडीएम की गाड़ी के चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को नियंत्रित किया और सड़क किनारे नीचे उतार दिया. इससे किसी बड़ी घटना से बचाव हो सका. हालांकि वाहन के साइड हिस्से में नुकसान हुआ है, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
हाइवा चालक फरार, कुछ देर तक लगा जाम
हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. दुर्घटना के कारण करीब 15 मिनट तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही. सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना और जम्होर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच-पड़ताल शुरू की.
पुलिस कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि हाइवा चालक की पहचान और वाहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी.
Road Accident : बिहार के भभुआ मेंमॉर्निंग वॉक के लिए निकले 52 वर्षीय अधेड़ की शुक्रवार सुबह स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत हो गई. मृतक की पहचान वार्ड संख्या 6 निवासी स्व. श्रीनिवास तिवारी के पुत्र अशोक तिवारी के रूप में की गई है. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों ने मामले को महज सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए भूमि विवाद में हत्या की आशंका जताई है.
सुबह टहलने निकले थे, स्कॉर्पियो सवार ने मारी टक्कर
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, अशोक तिवारी शुक्रवार सुबह करीब 7.30 बजे अपने घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. इसी दौरान वार्ड संख्या 6 में अधिवक्ता लक्ष्मीकांत तिवारी के घर के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया. टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल अशोक तिवारी को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें वाराणसी लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मौत के बाद वाराणसी में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया.
भूमि विवाद में हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
इधर, मृतक के परिजनों ने इस घटना को दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश बताते हुए भूमि विवाद में विपक्षी लोगों पर हत्या कराने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. फिलहाल इस संबंध में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की छानबीन में जुटी है.
ऑनलाइन परीक्षा देते स्टूडेंट्स. फोटो (AI Generated)
BSEB DElEd Exam Pattern : बिहार में प्राथमिक शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए डीएलएड प्रवेश परीक्षा को लेकर तस्वीर अब काफी हद तक साफ हो चुकी है. बिहार स्कूल एग्जाम बोर्ड की ओर से परीक्षा कार्यक्रम और एग्जाम पैटर्न पहले ही जारी कर दिया गया है, जिससे उम्मीदवारों को अपनी तैयारी की दिशा तय करने में आसानी मिल रही है.
डीएलएड कोर्स में नामांकन के लिए यह प्रवेश परीक्षा बेहद अहम मानी जाती है. हर साल बड़ी संख्या में छात्र इस परीक्षा में शामिल होते हैं और इसी के आधार पर सरकारी व निजी प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिला मिलता है.
11 दिसंबर से शुरू हुई थी आवेदन प्रक्रिया
बिहार स्कूल एग्जाम बोर्ड ने डीएलएड प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 दिसंबर 2025 से शुरू की थी. इच्छुक उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करने के लिए 9 जनवरी 2026 तक का समय दिया गया था. तय अवधि के भीतर बड़ी संख्या में छात्रों ने फॉर्म भरे हैं. आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर परीक्षा तिथि और आयोजन व्यवस्था पर टिकी हुई है.
19 जनवरी से 18 फरवरी के बीच होगी परीक्षा
बोर्ड की ओर से जारी सूचना के अनुसार डीएलएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन 19 जनवरी 2026 से 18 फरवरी 2026 के बीच किया जाएगा. परीक्षा एक से अधिक दिनों और अलग-अलग शिफ्ट में आयोजित हो सकती है. किस अभ्यर्थी की परीक्षा किस दिन और किस शिफ्ट में होगी, इसकी जानकारी एडमिट कार्ड के माध्यम से दी जाएगी. एडमिट कार्ड परीक्षा से कुछ दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाने की संभावना है.
कंप्यूटर आधारित होगी पूरी परीक्षा
डीएलएड प्रवेश परीक्षा इस बार भी पूरी तरह कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के रूप में आयोजित की जाएगी. उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर कंप्यूटर के माध्यम से प्रश्न हल करने होंगे. ऑनलाइन मोड होने के कारण प्रश्न पत्र में पारदर्शिता बनी रहेगी और मूल्यांकन प्रक्रिया भी तेज होगी.
परीक्षा पैटर्न की बात करें तो इसमें कुल 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा, यानी परीक्षा कुल 120 अंकों की होगी. अभ्यर्थियों को प्रश्न हल करने के लिए 150 मिनट यानी 2 घंटे 30 मिनट का समय दिया जाएगा. ऐसे में समय प्रबंधन की भूमिका काफी अहम होगी.
Bihar DElEd Exam Subjects
क्रम संख्या
विषय
प्रश्नों की संख्या
निर्धारित अंक
1
सामान्य हिंदी / उर्दू (General Hindi / Urdu)
25
25
2
गणित (Mathematics)
25
25
3
विज्ञान (Science)
20
20
4
सामाजिक अध्ययन (Social Studies)
20
20
5
सामान्य अंग्रेजी (General English)
20
20
6
तार्किक एवं विश्लेषणात्मक क्षमता (Logical & Analytical Reasoning)
10
10
कुल
120
120
शिक्षाविदों का मानना है कि परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए उम्मीदवारों को मॉक टेस्ट और ऑनलाइन प्रैक्टिस पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि कंप्यूटर आधारित परीक्षा के माहौल से पहले ही परिचित हो सकें.
तैयारी में जुटे अभ्यर्थी
परीक्षा की तारीख सामने आने के बाद अब अभ्यर्थियों ने अपनी तैयारी तेज कर दी है. विषयवार अभ्यास, पुराने प्रश्नों का अध्ययन और समय सीमा में प्रश्न हल करने की रणनीति पर खास फोकस किया जा रहा है. डीएलएड प्रवेश परीक्षा को लेकर आने वाले दिनों में एडमिट कार्ड और अन्य दिशा-निर्देश भी बोर्ड की ओर से जारी किए जाएंगे.
परेड की तैयारियां 20 जनवरी से सैंडिस कंपाउंड में होंगी शुरू.
Bhagalpur News : भागलपुर, 08 जनवरी 2026: जिले में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा भवन में बैठक आयोजित की गई. बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने परेड, झांकियां और अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की.
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मुख्य समारोह की परेड की तैयारी 20 जनवरी से सैंडिस कंपाउंड में शुरू की जाएगी. अंतिम पूर्वाभ्यास 24 जनवरी को सुबह 9 बजे आयोजित किया जाएगा. इस निरीक्षण में जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक भाग लेंगे. बैठक में डीसी, अपर समाहर्ता राजस्व और सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
मुख्य समारोह में आकाशवाणी भागलपुर के उद्घोषक द्वारा कमेंट्री की जाएगी. इसके लिए जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को अधिकृत किया गया है. समारोह और अन्य स्थल पर राष्ट्रगान की प्रस्तुति झुनझुनवाला बालिका उच्च विद्यालय, मोक्षदा इंटर बालिका उच्च विद्यालय और अन्य विद्यालयों के छात्रों द्वारा दी जाएगी. जिला शिक्षा पदाधिकारी इस पहल की समीक्षा करेंगे.
परेड में बैंड और विभागों का होगा प्रदर्शन
परेड में सीटीएस बैंड नाथनगर द्वारा बैंड प्रस्तुति दी जाएगी. बीएमपी, डीएपी, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड और फायर ब्रिगेड द्वारा परेड का प्रदर्शन किया जाएगा.
झांकियों में शामिल ये विभाग
मुख्य समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी. इसमें आईसीडीएस, जीविका, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, उत्पाद एवं मध्य निषेध, परिवहन, ग्रामीण विकास और पुलिस विभाग सम्मिलित होंगे.
पुरस्कार और खेल का होगा आयोजन
अच्छा प्रदर्शन करने वाले दलों के नायक को पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा नागरिक एकादश और जिला प्रशासन एकादश के बीच सैंडिश मैदान में 20-20 क्रिकेट मैच का आयोजन भी किया जाएगा.
School Closed : झारखंड के कई जिलों में शीतलहर की संभावना को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. इस चेतावनी को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को लेकर निर्णय लिया है. उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने जिले में संचालित सभी प्रकार के विद्यालयों में कक्षाएं अस्थायी रूप से बंद रखने का आदेश जारी किया है.
दो दिनों तक बंद रहेंगे सभी स्कूल
प्रशासनिक आदेश के अनुसार रांची जिले के अंतर्गत आने वाले सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, बिना सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक संस्थान और निजी विद्यालयों में केजी से लेकर 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई 09 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक बंद रहेगी.
पहले भी दिया गया था ठंड अवकाश
गौरतलब है कि इससे पहले राज्य में ठंड को देखते हुए सभी श्रेणी के स्कूलों को 8 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया गया था. मौसम विभाग की ताजा चेतावनी के बाद अवकाश की अवधि को आगे बढ़ाया गया है.
शिक्षक और कर्मियों को रहना होगा उपस्थित
हालांकि विद्यार्थियों को स्कूल नहीं आना होगा, लेकिन सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों को 9 और 10 जनवरी को विद्यालय पहुंचना अनिवार्य किया गया है. उन्हें ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज करते हुए गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा.
परीक्षाओं पर स्कूल प्रबंधन को छूट
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि इन तिथियों के दौरान किसी विद्यालय में अनिवार्य परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, तो उनके आयोजन को लेकर संबंधित विद्यालय प्रबंधन अपने विवेक से निर्णय ले सकेगा.
मौसम को लेकर किन इलाकों पर नजर
मौसम विभाग के अनुसार रांची के अलावा बोकारो, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में शीतलहर की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है.
Bihar News : नेपाल और उत्तर प्रदेश की सीमा के समीप बगहा जिले के सेमरा थाना में तैनात एएसआई अजय कुमार पाण्डेय का बुधवार की रात ड्यूटी के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. इस घटना से पूरे पुलिस विभाग में गहरा शोक फैल गया.
ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ी
एएसआई पाण्डेय ड्यूटी के समय अचानक सीने में तेज दर्द महसूस करने लगे. तत्काल मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेजा.
अस्पताल में इलाज के बावजूद बचाया नहीं जा सका
अस्पताल में डॉ. संजय कुमार गुप्ता ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की, लेकिन एएसआई पाण्डेय का निधन अस्पताल पहुँचने से पहले ही हो चुका था. चिकित्सक ने बताया कि पहली नजर में यह हार्ट अटैक का मामला प्रतीत होता है.
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया. उनके निधन से पूरे बगहा जिले में पुलिसकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई. साथ काम करने वाले अधिकारी उन्हें अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार अधिकारी के रूप में याद कर रहे हैं.
परिजनों को दी गई सूचना
दिवंगत एएसआई के परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
पूर्णिया जिले के निवासी थे एएसआई
एएसआई अजय कुमार पाण्डेय मूलतः पूर्णिया जिले के निवासी थे. उनके असामयिक निधन से परिवार और पुलिस विभाग दोनों को अपूरणीय क्षति पहुँची है. डीआईजी और एसपी बगहा सुशांत कुमार सरोज, एसडीपीओ बगहा कुमार देवेंद्र, रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शोक व्यक्त कर दिवंगत आत्मा की शांति की कामना कर रहे हैं.
Bhagalpur Rail News : भागलपुर और हंसडीहा के बीच चलने वाली DEMU पैसेंजर ट्रेन (73444/73443) 09, 10 और 11 जनवरी 2026 को रद्द रहेगी. रेलवे अधिकारियों ने यह जानकारी रोड ओवर ब्रिज निर्माण के लिए लागू ट्रैफिक और पावर ब्लॉक के कारण दी है.
ट्रैफिक और पावर ब्लॉक का समय
मालदा डिवीजन के भागलपुर–टिकानी सिंगल लाइन सेक्शन में ब्लॉक लागू रहेगा:
09 जनवरी को 12:50 बजे से 15:50 बजे तक 3 घंटे
10 और 11 जनवरी को 13:15 बजे से 15:45 बजे तक 2½ घंटे
ब्लॉक इस दौरान रोड ओवर ब्रिज के लिए गर्डर लॉन्च करने के कार्य के लिए लगाया जा रहा है. रेलवे ने बताया कि ब्लॉक 22309 UP हावड़ा–जमालपुर वंदे भारत एक्सप्रेस के गुजरने के बाद लागू होगा.
यात्रियों के लिए सूचना
रेलवे ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद जताया है और सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना ब्लॉक के अनुसार समायोजित करें.
Bihar News : भागलपुर में कहलगांव प्रखंड के ओगरी, लगमा एवं वंशीपुर पंचायत में पदस्थापित कृषि समन्वयक कुमार सदाशिव को कार्य में लापरवाही और बिना सूचना अनुपस्थित रहने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. जिला कृषि पदाधिकारी ने 7 जनवरी 2026 को निलंबन का आदेश जारी किया.
बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने का आरोप
अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, कहलगांव के प्रतिवेदन के अनुसार कुमार सदाशिव ने 31 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक अवकाश का आवेदन दिया था, लेकिन 2 जनवरी 2026 से बिना किसी सूचना के पंचायत मुख्यालय से अनुपस्थित पाए गए. इस दौरान वे e-KYC जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी शामिल नहीं हुए.
स्पष्टीकरण मांगने पर भी नहीं दिया जवाब
प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कहलगांव द्वारा 2 जनवरी एवं 4 जनवरी 2026 को उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई उत्तर नहीं दिया गया. विभाग ने इसे स्वेच्छाचारिता और कर्तव्यहीनता की श्रेणी में माना है.
जांच में यह भी सामने आया कि एग्री स्टैक परियोजना अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री के प्रगति कार्य में जानबूझकर लापरवाही बरती गई, जिससे सरकारी कार्य प्रभावित हुआ. यह आचरण बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली 1976 के नियम 3(1) का उल्लंघन बताया गया है.
डीडीसी की समीक्षा बैठक में कार्रवाई के निर्देश
06 जनवरी 2026 को उप विकास आयुक्त, भागलपुर की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें अनधिकृत अनुपस्थिति और कार्य में लापरवाही को गंभीर माना गया. बैठक में संबंधित कर्मी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
जिला कृषि पदाधिकारी ने किया निलंबन
अनुमंडल कृषि पदाधिकारी की अनुशंसा पर जिला कृषि पदाधिकारी ने 7 जनवरी 2026 को बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के नियम 9(1) के तहत श्री कुमार सदाशिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.
निलंबन अवधि में मुख्यालय नवगछिया
निलंबन की अवधि में कुमार सदाशिव का मुख्यालय अनुमंडल कृषि कार्यालय, नवगछिया निर्धारित किया गया है. इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा. मामले में आरोप पत्र अलग से जारी किए जाने की जानकारी दी गई है.
Court Bomb Threat : देश के अलग–अलग हिस्सों में जिला न्यायालयों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियों ने गुरुवार को सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी. मध्यप्रदेश के रीवा से लेकर बिहार के किशनगंज और गया तक एक के बाद एक कोर्ट परिसरों को निशाना बनाए जाने की धमकियों से अफरा-तफरी का माहौल बन गया. एहतियातन कई जगहों पर कोर्ट परिसर खाली कराए गए और न्यायिक कार्य अस्थायी रूप से रोक दिए गए.
एमपी के रीवा जिला न्यायालय को मिली धमकी
मध्यप्रदेश के रीवा जिले में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला न्यायालय को आरडीएक्स विस्फोट से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने की सूचना सामने आई. ई-मेल में न केवल विस्फोट की चेतावनी दी गई थी, बल्कि समय, तरीके और कथित उद्देश्य का भी उल्लेख किया गया था. मेल में दोपहर 2:35 बजे से पहले कोर्ट खाली कराने की बात लिखी गई थी, जिससे खतरे की गंभीरता और बढ़ गई.
सूत्रों के मुताबिक यह ई-मेल हिंदी भाषा में लिखा गया था और उसमें तमिलनाडु से जुड़े वर्ष 1979 के एक राष्ट्रीय रक्षा/आतंक से संबंधित कानून का हवाला भी दिया गया था. धमकी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं.
letter
कोर्ट परिसर कराया गया खाली
रीवा में सुरक्षा को देखते हुए जिला न्यायालय परिसर की घेराबंदी कर दी गई. वकीलों, न्यायालय कर्मचारियों और फरियादियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई. हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हो सकी है.
हिमाचल प्रदेश: हिमाचल हाई कोर्ट को आधिकारिक ई-मेल के जरिए बम की धमकी मिली, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं. बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली, जिससे न्यायिक कार्य लंबे समय तक बाधित रहा.
पंजाब: पंजाब के रूपनगर, मोगा, श्री आनंदपुर साहिब और फिरोजपुर की अदालतों को धमकी भरे संदेश मिले. हालात को देखते हुए लुधियाना में पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों की जांच के लिए मॉक ड्रिल भी कराई.
बिहार के किशनगंज सिविल कोर्ट भी निशाने पर
बिहार के किशनगंज जिले में भी सिविल कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है. ई-मेल में कोर्ट परिसर में विस्फोटक होने का दावा किया गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया. प्रारंभिक जांच में ई-मेल के तमिलनाडु से भेजे जाने की आशंका जताई जा रही है.
धमकी के बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई और पुलिस की विशेष टीमों ने भवन के हर हिस्से की बारीकी से जांच की. एसडीओपी गौतम कुमार के अनुसार डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को बुलाकर सघन तलाशी ली जा रही है, फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है.
गयाजी व्यवहार न्यायालय को भी बम की धमकी
बिहार के गया जिले में भी व्यवहार न्यायालय को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही लोग खुद ही कोर्ट से बाहर निकलने लगे. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसएसपी आनंद कुमार, सिटी एसपी रामानंद कुमार कौशल, डीएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे.
पूरे कोर्ट परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. डॉग स्क्वायड की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया और सुरक्षा कारणों से कोर्ट के सभी न्यायिक कार्य स्थगित कर दिए गए.
ई-मेल के पीछे साजिश की जांच
गया बार एसोसिएशन के अधिवक्ता ललित कुमार गुप्ता के अनुसार धमकी भरा ई-मेल तमिलनाडु से भेजा गया बताया जा रहा है. मेल में खुद को एक संगठन से जुड़ा बताते हुए कुछ मांगें रखी गई हैं और उन्हें पूरा न करने पर कोर्ट को उड़ाने की चेतावनी दी गई है.
साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां सक्रिय
मामलों में साइबर सेल को ई-मेल के स्रोत की तकनीकी जांच में लगाया गया है. आईपी एड्रेस, सर्वर लोकेशन और मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह किसी संगठित साजिश का हिस्सा है या अफवाह फैलाने की कोशिश.
Bhagalpur News : बिहार राज्य अल्पसंख्यक वित्तीय निगम, पटना के निर्देश पर भागलपुर जिले में अल्पसंख्यक वर्ग को दिए गए ऋण की वसूली के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा. यह शिविर 19 जनवरी 2026 से 24 जनवरी 2026 तक कुल छह दिनों के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, भागलपुर परिसर में लगाया जाएगा.
यह शिविर मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना, NMDFC टर्म लोन योजना एवं मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक शिक्षा ऋण योजना के अंतर्गत वितरित ऋणों की वसूली में तेजी लाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है.
प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य अल्पसंख्यक वित्तीय निगम, पटना द्वारा पत्रांक 5403 दिनांक 23.12.2025 के आलोक में शिविर की तिथि निर्धारित की गई है. जिला प्रशासन ने सभी संबंधित ऋणियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर शिविर में उपस्थित होकर अपने बकाया ऋण की किस्त जमा करना सुनिश्चित करें.
प्रशासन का कहना है कि समय पर ऋण भुगतान करने से भविष्य में मिलने वाली सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी.