22.1 C
Delhi
16 February 2026, Monday
Home Blog Page 44

Bhagalpur News : मृत महिला के नाम पर फर्जी शपथ से दाखिल-खारिज, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

भागलपुर
पीएम किसान योजना में पंजीकरण व e-KYC बढ़ाने पर जोर.

Bhagalpur News : मृत महिला के नाम से शपथ पत्र दाखिल कर दाखिल-खारिज कराने के गंभीर मामले को लेकर सूबे के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस प्रकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. टाउन हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ने जिलाधिकारी को मामले की गंभीरता से जांच कराने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए.

बताया गया कि इस मामले में अंचलाधिकारी के आदेश पर जगदीशपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है. जानकारी के अनुसार बरहपुरा निवासी सैयद इनामुद्दीन ने इस फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए सदर एसडीओ से लिखित शिकायत की थी. शिकायत की जांच के दौरान यह चौंकाने वाला मामला उजागर हुआ, जिसके बाद अधिकारियों का ध्यान इस ओर गया.

मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. बड़ी संख्या में लोगों ने मोजाहिदपुर के गणिचक निवासी मो. इस्लाम की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है. लोगों का कहना है कि बीते पांच दिनों से मामला चर्चा में है, इसके बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जो प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है. लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई कर दोषियों को कानून के शिकंजे में लेने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें-नये साल में महंगी बिजली का लग सकता है झटका, 1 अप्रैल से बढ़ सकती हैं बिहार में दरें

इसे भी पढ़ें-मंगलवार को राशि अनुसार करें ये आसान उपाय, दूर होंगी परेशानियां

Bihar Electricity Bill : नये साल में महंगी बिजली का लग सकता है झटका, 1 अप्रैल से बढ़ सकती हैं बिहार में दरें

Bihar Electricity Bill
1 अप्रैल से बढ़ सकती हैं बिहार में दरें.

Bihar Electricity Bill : नए साल की शुरुआत में ही बिहार के बिजली उपभोक्ताओं के लिए महंगाई की आहट सुनाई दे रही है. राज्य में बिजली दरों में बढ़ोतरी की तैयारी की जा रही है. यदि प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लग जाती है तो संशोधित दरें 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होंगी. प्रस्ताव के तहत बिजली की दर में 35 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी और छोटे दुकानदारों के फिक्स चार्ज में 50 रुपये की कटौती को लेकर आज जनसुनवाई होगी.

कितने समय तक लागू रहेंगी नई दरें

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

बिहार विद्युत विनियामक आयोग के कोर्ट रूम में आज इस प्रस्ताव पर सुनवाई तय है. आयोग के अध्यक्ष आमिर सुबहानी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे. सुनवाई के दौरान आम उपभोक्ताओं की राय सुनी जाएगी. इसके बाद साउथ और नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों तथा विभिन्न संगठनों के तर्कों पर विचार किया जाएगा. सभी तथ्यों की समीक्षा के बाद ही आयोग अंतिम निर्णय लेगा. स्वीकृति मिलने पर यह फैसला 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक लागू रहेगा.

इन शहरों में भी रख सकेंगे अपनी बात

जानकारी के अनुसार बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी, स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर और बिहार ग्रिड कंपनी ने आयोग को अलग-अलग प्रस्ताव सौंपे हैं, जिन पर विचार किया जाएगा. पटना की जनसुनवाई में जो लोग शामिल नहीं हो पाएंगे, उनके लिए वैकल्पिक तिथियां भी तय की गई हैं. 15 जनवरी को बेगूसराय के कलेक्ट्रेट सभागार, 19 जनवरी को गया कलेक्ट्रेट सभागार और 5 फरवरी को विद्युत भवन मुख्यालय-2 स्थित आयोग के कोर्ट रूम में सुनवाई होगी, जहां उपभोक्ता अपनी राय रख सकते हैं.

किन उपभोक्ताओं पर पड़ेगा अतिरिक्त बोझ

यदि बिजली दर बढ़ाने का फैसला होता है तो ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं के लिए मौजूदा एक स्लैब व्यवस्था बनी रहेगी. इसके तहत 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी. हालांकि, तय सीमा से अधिक खपत करने पर प्रति यूनिट 35 पैसे अतिरिक्त चुकाने होंगे. वहीं 100 यूनिट से कम बिजली इस्तेमाल करने वाले शहरी और ग्रामीण दुकानदारों को भी ज्यादा भुगतान करना पड़ेगा. व्यवसायिक उपभोक्ताओं के लिए एकल स्लैब तय कर दर 8.14 रुपये प्रति यूनिट रखने का प्रस्ताव है.

कहां मिल सकता है राहत

बिजली दरों में बढ़ोतरी के साथ ही स्लैब व्यवस्था में बदलाव का भी प्रस्ताव रखा गया है. साउथ और नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने शहरी क्षेत्रों में दो स्लैब को एक करने का सुझाव दिया है. वर्तमान में शहरी इलाकों में पहला स्लैब 7.42 रुपये और दूसरा स्लैब 8.95 रुपये प्रति यूनिट है. यदि दोनों को मिलाकर एक स्लैब बना दिया जाता है तो दर 7.77 रुपये प्रति यूनिट हो जाएगी. ऐसे में 125 यूनिट मुफ्त बिजली के बाद उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट करीब 1.18 रुपये की राहत मिल सकती है.

इसे भी पढ़ें-जेल में बंद आरजेडी नेता मुन्ना शुक्ला की तबीयत बिगड़ी, पटना के IGIMS में इलाज जारी

इसे भी पढ़ें-बिहार में अब घर खरीदना सुरक्षित, रेरा दिखाएगा भरोसेमंद बिल्डर

इसे भी पढ़ें-दिल्ली में लालू और यूरोप ट्रिप पर तेजस्वी; तेज प्रताप यादव पहुंचे राबड़ी आवास, क्या रही वजह?

Bangladesh Violence : हमलों का भयावह दौर जारी, 2 हिंदुओं की हत्या, विधवा पर हमला, यूनुस प्रशासन मौन

Bangladesh Violence
हमलों का भयावह दौर जारी.

Bangladesh Violence : बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हाल की हिंसा ने नया रूप ले लिया है. पिछले 24 घंटों में दो हिंदुओं की गोली मारकर हत्या कर दी गई और एक हिंदू विधवा के साथ हिंसक हमला हुआ. ये घटनाएं पिछले एक महीने में लगातार बढ़ रही हिंसा की श्रृंखला को दर्शाती हैं और देश में कानून व्यवस्था की गंभीर स्थिति को उजागर करती हैं. सोमवार की घटनाओं ने बांग्लादेश में आम चुनाव से पहले सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

24 घंटे में दो अलग-अलग हत्याएं

सोमवार को जेस्सोर जिले के मोनिरामपुर में 45 वर्षीय राणा प्रताप बैरागी को गोली मार दी गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राणा प्रताप बाजार में अपने रोज़मर्रा के काम से आए थे, तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला किया. मौके पर ही उनकी मौत हो गई. राणा प्रताप एक आइस फैक्ट्री के मालिक और ‘बीडी खबर’ अखबार के कार्यकारी संपादक थे.

स्थानीय निवासियों ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार हमलावर फैक्ट्री पहुंचे, राणा प्रताप को बहकाकर एक गली में ले गए, और वहां सिर में कई गोलियां मारकर उन्हें मार दिया. घटनास्थल से पुलिस ने सात खाली कारतूस बरामद किए. इस हमले ने पूरे इलाके में तनाव और भय पैदा कर दिया.

रात करीब 10 बजे नरसिंगदी जिले के पलाश उपजिला में भी हमला हुआ. 40 वर्षीय शरत चक्रवर्ती मणि पर धारदार हथियारों से हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल मणि को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. स्थानीय लोगों का दावा है कि हमलावरों ने उन्हें सिर्फ उनके हिंदू होने के कारण निशाना बनाया.

महिलाओं के खिलाफ अमानवीय हमला

कालीगंज क्षेत्र में एक 40 वर्षीय हिंदू विधवा के साथ दो आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और उसके बाद उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया. आरोपियों ने पीड़िता के बाल काटे और पूरी दरिंदगी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया.

शिकायत में महिला ने बताया कि आरोपियों ने उस पर अवैध वसूली और धमकियों के लिए हमला किया. आरोपियों ने उससे 50,000 टका (करीब 37,000 रुपये) की मांग की और घर में मौजूद मेहमानों के साथ भी मारपीट की. पुलिस ने औपचारिक जांच शुरू कर दी है.

हिंसा की बढ़ती श्रृंखला

शेख हसीना सरकार के पतन के बाद से हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमलों में लगातार वृद्धि हुई है. दिसंबर 2025 में कट्टरपंथी छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद से हिंसा तेज़ हुई. भारत-विरोधी प्रदर्शनों ने इसे धीरे-धीरे सांप्रदायिक रूप दे दिया और अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय को निशाना बनाया जाने लगा.

बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई ओइक्य परिषद के प्रवक्ता काजोल देबनाथ के अनुसार, दिसंबर में ही हिंदू समुदाय पर सात हमले हुए, जिनमें पांच लोग मारे गए. पिछले 18 दिनों में छह लोगों की मौत हुई.

पिछले 18 दिनों में होने वाली घटनाएं

  • 18 दिसंबर 2025: मैमनसिंह में दीपू चंद्र दास को भीड़ द्वारा पीट-पीटकर और जिंदा जलाया.
  • 24 दिसंबर 2025: राजबारी में अमृत मंडल की हत्या.
  • 29-30 दिसंबर 2025: गारमेंट फैक्ट्री में ड्यूटी के दौरान बजेंद्र बिस्वास की गोली मारकर हत्या.
  • 31 दिसंबर 2025: शरियतपुर में खोकन चंद्र दास पर चाकू से हमला, पेट्रोल डालकर जलाया; 3 जनवरी 2026 को अस्पताल में मौत.
  • 5 जनवरी 2026: जशोर में राणा प्रताप बैरागी की हत्या.
  • 5 जनवरी 2026: नरसिंगदी में शरत चक्रवर्ती मणि की हत्या.

इसे भी पढ़ें-जापान में फिर भूकंप, पूर्वी तट के पास 6 तीव्रता की हलचल, तेज झटकों से सहमे लोग

इसे भी पढ़ें-बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया का 80 वर्ष की आयु में निधन; राजनीति में एक युग का अंत

इसे भी पढ़ें-ईरान के तफ्तान ज्वालामुखी में हलचल, फटने को व्याकुल; वैज्ञानिकों ने बढ़ाई सतर्कता

The Raja Saab First Review : पैसा वसूल एंटरटेनर, क्लाइमेक्स और आखिरी 30 मिनट खास

क्लाइमेक्स और आखिरी 30 मिनट खास
क्लाइमेक्स और आखिरी 30 मिनट खास.

The Raja Saab First Review : फिल्म ‘द राजा साब’, जिसमें प्रभास, संजय दत्त, बोमन ईरानी और निधि अग्रवाल मुख्य भूमिकाओं में हैं, 9 जनवरी 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज़ होने वाली है. यह फिल्म हॉरर और कॉमेडी का अनोखा मिश्रण है, और प्रभास इस फिल्म में ऐसा अंदाज दिखा रहे हैं जिसे उनके फैंस ने पहले कभी नहीं देखा. फिल्म के रिलीज़ से पहले ही पहला रिव्यू सामने आ गया है और दर्शकों में उत्साह चरम पर है.

फिल्म का सेटअप एक रहस्यमयी हवेली के इर्द-गिर्द घूमता है. कहानी में एक युवक अपने गायब दादा को खोजने के लिए वहां जाता है, और हवेली में उसे अजीब और डरावनी घटनाओं का सामना करना पड़ता है. इस दौरान दर्शक को डर और कॉमेडी का मिश्रण देखने को मिलता है, जो फिल्म को फेस्टिवल एंटरटेनमेंट का दर्जा देता है.

उमैर संधू का पहला रिव्यू

ओवरसीज सेंसर बोर्ड के मेंबर उमैर संधू ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का रिव्यू साझा किया. उनके मुताबिक:

therajasaab एक ऐसा एंटरटेनर है जो पूरे परिवार के लिए पैसा वसूल है. प्रभास ने पूरे शो में अपनी ऊर्जा और करिश्मा दिखाया. संजय दत्त का प्रदर्शन भी शानदार है और उनका प्रभास के साथ स्क्रीन फेस-ऑफ दर्शकों के लिए खास है. फिल्म का आखिरी 30 मिनट और क्लाइमेक्स सबसे मजेदार हिस्सा है. कुछ हिस्से धीमे हैं, लेकिन कुल मिलाकर यह त्योहार के मौसम के लिए परफेक्ट फिल्म है. निधि अग्रवाल ने अपनी भूमिका में क्यूटनेस और कॉमिक टाइमिंग दिखाया है. गाने औसत हैं, लेकिन डायरेक्शन और वीएफएक्स की क्वालिटी पहले क्लास की है. 3.5/5★.”

रिव्यू में दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों के लिए फिल्म की हॉरर-कॉमेडी शैली, क्लाइमेक्स की रोमांचक दृश्यों और प्रमुख कलाकारों के प्रदर्शन को सराहा गया है. खासकर प्रभास और संजय दत्त के बीच की केमिस्ट्री को सबसे बड़ी हाइलाइट माना जा रहा है.

The Raja Saab First Review : पैसा वसूल एंटरटेनर, क्लाइमेक्स और आखिरी 30 मिनट खास The Raja Saab First Review
The Raja Saab First Review.

सेंसर बोर्ड की मंजूरी और रिलीज़ डिटेल

सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने फिल्म को देखा और इसे यूए (UA16+) सर्टिफिकेट दिया. बोर्ड ने कुछ सीन और डायलॉग में छोटे बदलाव सुझाए, जिन्हें लागू करने के बाद फिल्म को बिना किसी आपत्ति के रिलीज़ की अनुमति मिल गई.

इस रिलीज़ सर्टिफिकेट के साथ, फिल्म सिनेमाघरों में 9 जनवरी 2026 से दर्शकों के सामने होगी. इसके रिलीज़ होने के पहले ही सोशल मीडिया और फैंस में फिल्म को लेकर चर्चा जोरों पर है.

स्टार कास्ट और उनका अंदाज

फिल्म में प्रभास मुख्य किरदार में हैं और उनके नए अवतार को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं. संजय दत्त ने अपने स्टाइल और एक्शन सीन से दर्शकों को प्रभावित करने की तैयारी कर ली है. बोमन ईरानी ने फिल्म में कॉमिक और इमोशनल दोनों ही सीन में अपनी छाप छोड़ी है. वहीं निधि अग्रवाल की क्यूट और फ्रेश परफॉर्मेंस फिल्म की हल्की-फुल्की कॉमिक टाइमिंग को बढ़ाती है.

इसके अलावा रिद्धि कुमार और जरीना वहाब भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म की कहानी में उनकी भूमिका को दर्शकों के लिए रोमांचक मोड़ बनाने वाला बताया जा रहा है.

कहानी एक नजर में

फिल्म की कहानी एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके दादा अचानक गायब हो जाते हैं. उनकी खोज में युवक एक पुरानी हवेली में जाता है. हवेली में उसे बुरी ताकतों और अजीब घटनाओं का सामना करना पड़ता है. फिल्म में डर और हास्य का संतुलन इस तरह रखा गया है कि दर्शक पूरे समय स्क्रीन से जुड़े रहते हैं.

अंत में, फिल्म का क्लाइमेक्स और अंतिम 30 मिनट दर्शकों के लिए सबसे रोमांचक हिस्सा माना जा रहा है, जहां कहानी का हर रहस्य धीरे-धीरे खुलता है.

इसे भी पढ़ें-प्रभास की ‘द राजा साब’ से मालविका मोहनन का फर्स्ट लुक जारी, कहानी में छिपा बड़ा राज

इसे भी पढ़ें-फ्लॉप हुई रितेश, विवेक और आफताब की कॉमेडी फिल्म, 50 करोड़ में कमाई सिर्फ इतनी

इसे भी पढ़ें-रिकॉर्डतोड़ कमाई पर अक्षय खन्ना ने दिया सबसे शांत रिएक्शन, 3 शब्दों में कही बात

Hen vs snake viral video: बच्चों को बचाने के लिए मुर्गी की जहरीले सांप से भिड़ंत, देखिए आगे क्या हुआ?

Viral Video
बच्चों की रक्षा में जहरीले सांप से भिड़ गई मुर्गी.

Viral Video: प्रकृति में मां की ताकत का कोई मुकाबला नहीं होता. जब संतान पर संकट आता है, तो मां अपने से कई गुना ताकतवर दुश्मन से भी टकराने से पीछे नहीं हटती. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इसी जज्बे को दिखाता है, जहां एक मुर्गी अपने बच्चों को बचाने के लिए जहरीले सांप से सीधी भिड़ंत कर लेती है.

कोबरा ने किया हमला, मुर्गी कैसे बनी बनी ढाल?

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक मुर्गी अपने चूजों के साथ दीवार के पास बैठी होती है. तभी एक कोबरा वहां पहुंच जाता है और बच्चों को शिकार बनाने की कोशिश करता है. खतरे को भांपते ही मुर्गी ने बिना देर किए सांप पर हमला बोल दिया. वह पंख फड़फड़ाते हुए अपनी नुकीली चोंच से लगातार सांप पर वार करती है और पंजों से भी उसे नुकसान पहुंचाती है.

इसे भी पढ़ें-शिकार छूटा तो भड़क उठे मगरमच्छ, आपस में ही लड़ते दिखे; हैरान कर देने वाला नजारा

बहादुरी के आगे नहीं टिक सका जहरीला सांप

वीडियो में साफ दिखता है कि सांप फन फैलाकर पलटवार करने की कोशिश करता है, लेकिन मुर्गी की आक्रामकता के सामने उसकी एक नहीं चलती. लगातार हमलों से सांप बुरी तरह घायल हो जाता है और आखिरकार वहां से भागने में ही अपनी भलाई समझता है. मुर्गी का यह साहसिक रूप लोगों को हैरान कर रहा है.

मां की ताकत ने दिल जीत लिया

अपने बच्चों की रक्षा करते हुए मुर्गी ने यह साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में मां सबसे बड़ा योद्धा होती है. उसकी निर्भीकता और ममता ने एक खतरनाक शिकारी को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया.

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल

यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @AmazingSights अकाउंट से साझा किया गया है. पोस्ट किए जाने के कुछ ही घंटों में इसे करीब 6 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है. बड़ी संख्या में यूजर्स वीडियो को लाइक और शेयर कर रहे हैं और मुर्गी की बहादुरी की तारीफ कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें-फुफकारता रहा सांप, बच्चे पकड़ते रहे, चौंकाने वाला वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर कर रहा ट्रेंड

इसे भी पढ़ें-पेड़ पर सांप और बड़ी छिपकली की खतरनाक भिड़ंत, 27 सेकंड की लड़ाई ने मचाई सनसनी

इसे भी पढ़ें-जीभ दिखाना पड़ा भारी, सांप ने अचानक दबोची जीभ—वीडियो देख सहमे लोग

Aaj Ka Rashifal Upay 6 January 2026 : मंगलवार को राशि अनुसार करें ये आसान उपाय, दूर होंगी परेशानियां

Rashifal
Aaj Ka Rashifal 13 February 2026.

Aaj Ka Rashifal Upay 6 January 2026 : मंगलवार को शास्त्रों में साहस, शक्ति और सेवा भाव का प्रतीक माना गया है. 06 जनवरी 2026, मंगलवार का दिन विशेष रूप से हनुमान जी और भगवान शिव की आराधना के लिए अनुकूल माना जा रहा है. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार यदि इस दिन राशि के अनुसार छोटे-छोटे उपाय किए जाएं, तो जीवन की बाधाएं कम होती हैं और सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ता है. ज्योतिषाचार्य के अनुसार जानिए आज के राशि अनुसार उपाय.

मेष राशि

हनुमान जी को लाल रंग का फूल अर्पित करें और
“ॐ नमो भगवते हनुमते नमः” मंत्र का जाप करें. इससे आत्मविश्वास बढ़ेगा और कार्यों में सफलता मिलेगी.

वृष राशि

शिवलिंग पर जल में थोड़ा दूध मिलाकर अर्पण करें. यह उपाय मानसिक शांति देगा और आर्थिक अस्थिरता को कम करेगा.

मिथुन राशि

गणेश जी को दूर्वा चढ़ाएं और
“ॐ गण गणपतये नमः” मंत्र का 21 बार जाप करें. इससे निर्णय क्षमता मजबूत होगी.

कर्क राशि

आज हनुमान चालीसा का पाठ करें. इससे पारिवारिक तनाव में कमी आएगी और मन को स्थिरता मिलेगी.

सिंह राशि

सूर्योदय के समय सूर्यदेव को जल अर्पित करें. मान-सम्मान में वृद्धि होगी और आत्मबल सशक्त होगा.

कन्या राशि

जरूरतमंदों को गुड़ और चना दान करें. यह उपाय स्वास्थ्य और कार्यक्षेत्र से जुड़ी परेशानियों को दूर करने में सहायक होगा.

तुला राशि

शिव मंदिर में दीपक जलाएं और
“ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप करें. रुके हुए कार्यों में गति आएगी.

वृश्चिक राशि

हनुमान जी को सिंदूर अर्पित करें. इससे शत्रु बाधा और मानसिक भय से राहत मिल सकती है.

धनु राशि

पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं. भाग्य का सहयोग प्राप्त होगा.

मकर राशि

शिवलिंग पर बेलपत्र अर्पित करें. करियर और धन से जुड़ी समस्याओं में सुधार के संकेत मिलेंगे.

कुंभ राशि

हनुमान जी को बूंदी का भोग लगाएं. मित्रों से सहयोग मिलेगा और नई योजनाएं सफल हो सकती हैं.

मीन राशि

ध्यान करते हुए
“ॐ नमः शिवाय” मंत्र का 108 बार जाप करें. इससे आत्मिक शांति और मानसिक संतुलन प्राप्त होगा.

इसे भी पढ़ें-आज संकष्टी चतुर्थी, देखें आज के शुभ-अशुभ योग

इसे भी पढ़ें-कुंडली में मंगल का प्रभाव अधिक है? दोष से राहत के लिए पौष पूर्णिमा पर करें ये खास दान

इसे भी पढ़ें-नये साल के पहले माह में पड़ेंगे 3 बार प्रदोष व्रत, जानें तिथि, गुरु प्रदोष से मिलेगा विशेष आशीर्वाद

इसे भी पढ़ें-ग्रहों की चाल आज किसे देगी फायदा, किसे बरतनी होगी सावधानी—पढ़ें आज का राशिफल

इसे भी पढ़ें-आज पौष शुक्ल एकादशी, जानिए आज का शुभ-अशुभ समय और उपाय

Disclaimer: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं. HelloCities24 यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है. इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं. पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें. HelloCities24 अंधविश्वास के खिलाफ है.

Aaj Ka Panchang 06 January 2026 : आज संकष्टी चतुर्थी, देखें आज के शुभ-अशुभ योग

Aaj Ka Panchang
Aaj Ka Panchang 06 January 2026

Aaj Ka Panchang 06 January 2026 : 06 जनवरी 2026, मंगलवार को पंचांग के अनुसार माघ मास, कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि दिन में 11:18 बजे तक प्रभावी रहेगी. इसके बाद चतुर्थी तिथि प्रारंभ होगी, जिसे संकष्टी चतुर्थी के रूप में मनाया जाता है. आज गणेश उपासना का विशेष संयोग बन रहा है.

दिन का पंचांग

  • दिन: मंगलवार
  • तिथि क्रम: तृतीया (11:18 AM तक), आगे चतुर्थी
  • विक्रम संवत: 2082
  • शक संवत: 1947
  • हिजरी वर्ष: 1447
  • सूर्योदय: 06:40 AM
  • सूर्यास्त: 05:14 PM
  • नक्षत्र, योग और करण की स्थिति
  • नक्षत्र परिवर्तन: अश्लेषा से मघा (03:45 PM पर)
  • योग क्रम: विष्कुम्भ (02:12 AM तक), बाद में प्रीति
  • करण क्रम:
  • वणिज – प्रातः 08:01 तक
  • विष्टि (भद्रा) – 08:01 से 18:33 तक
  • बव – इसके पश्चात

आज की ग्रह चाल

  • सूर्य – धनु राशि में
  • चंद्रमा – कर्क से सिंह (03:45 PM पर परिवर्तन)
  • मंगल – धनु
  • बुध – धनु
  • बृहस्पति – मिथुन (वक्री अवस्था)
  • शुक्र – धनु
  • शनि – मीन
  • राहु – कुंभ
  • केतु – सिंह

मंगलवार का चौघड़िया काल

सुबह

  • रोग: 06:40 – 07:59 बजे
  • उद्वेग: 07:59 – 09:18 बजे
  • चर: 09:18 – 10:38 बजे
  • लाभ: 10:38 – 11:57 बजे

दोपहर

  • अमृत: 11:57 – 13:16 बजे
  • काल: 13:16 – 14:35 बजे

शाम

  • शुभ: 14:35 – 15:55 बजे
  • रोग: 15:55 – 17:14 बजे

कब करें शुभ कार्य

  • खरीदारी या नए काम: 11:57 AM से 01:16 PM
  • अभिजीत मुहूर्त: 11:37 AM से 12:18 PM

आज के अशुभ काल

  • राहुकाल: 02:35 PM – 03:55 PM
  • गुलिक: 11:57 AM – 01:16 PM
  • यमगण्ड: 09:18 AM – 10:38 AM
  • भद्रा: 08:01 AM – 06:33 PM
  • दिशाशूल: उत्तर दिशा

मंगलवार को उत्तर दिशा में यात्रा टालें. अनिवार्य होने पर गुड़ खाकर या पानी पीकर निकलना शास्त्रसम्मत माना गया है.

आज का धार्मिक महत्व

आज लंबोदर संकष्टी चतुर्थी का व्रत रखा जाएगा. रात्रि में चंद्र दर्शन के बाद अर्घ्य देने का विधान है.

फलदायी उपाय

गणेश जी को दूर्वा और मोदक अर्पित करें.
“ॐ गं गणपतये नमः” मंत्र का जप करें.
भद्रा के कारण पूजा संध्या में भद्रा समाप्ति के बाद करना अधिक लाभकारी माना गया है.

इसे भी पढ़ें-कुंडली में मंगल का प्रभाव अधिक है? दोष से राहत के लिए पौष पूर्णिमा पर करें ये खास दान

इसे भी पढ़ें-नये साल के पहले माह में पड़ेंगे 3 बार प्रदोष व्रत, जानें तिथि, गुरु प्रदोष से मिलेगा विशेष आशीर्वाद

इसे भी पढ़ें-ग्रहों की चाल आज किसे देगी फायदा, किसे बरतनी होगी सावधानी—पढ़ें आज का राशिफल

इसे भी पढ़ें-आज पौष शुक्ल एकादशी, जानिए आज का शुभ-अशुभ समय और उपाय

Disclaimer: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं. HelloCities24 यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है. इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं. पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें. HelloCities24 अंधविश्वास के खिलाफ है.

कम प्रगति वाले अंचलों को 3 दिन का अल्टीमेटम, भूमि सुधार को लेकर डिप्टी सीएम ने की समीक्षा, 2600 से अधिक आए आवेदन

Deputy CM Vijay Kumar Sinha
कम प्रगति वाले अंचलों को 3 दिन का अल्टीमेटम.

Jan Kalyan Samvad In Bhagalpur : राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार के मंत्री सह उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में भागलपुर के समीक्षा भवन में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के विभिन्न मापदंडों पर भागलपुर जिला की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में अभियान बसेरा-2, दाखिल-खारिज, ऑनलाइन दाखिल-खारिज, बिना कारण लंबित दाखिल-खारिज के मामले, परिमार्जन प्लस, परिमार्जन प्लस (डिजिटाइल जमाबंदी के लिए), परिमार्जन प्लस (जमाबंदी हटाने के लिए), ई-मापी, डीसीएलआर कोर्ट, एडीएम कोर्ट में लंबित मामलों तथा सरकारी जमीन के सत्यापन की समीक्षा सभी अंचलाधिकारियों से बारी-बारी से की गई.

कम प्रगति वाले अंचलों को तीन दिन का अल्टीमेटम

समीक्षा के दौरान इस्मालपुर, नवगछिया, पीरपैंती, गोराडीह एवं रंगरा चौक अंचलों की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई. माननीय मंत्री ने ऐसे अंचलाधिकारियों को चेतावनी देते हुए तीन दिनों का समय दिया तथा निर्देश दिया कि सभी मापदंडों में 14 जनवरी तक कार्य पूर्ण कर लिया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि इसके बाद यदि लंबित मामलों की संख्या अधिक पाई गई तो संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.

भूमि सुधार जनकल्याण संवाद में मिले 2600 से अधिक आवेदन

इसी क्रम में भागलपुर टाउन हॉल में आयोजित भूमि सुधार जनकल्याण संवाद के दौरान 2600 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए. उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सभी आवेदनों पर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. जिलास्तर पर सभी आवेदनों की स्कैनिंग कर कंप्यूटर पर अपलोड किया जाएगा और प्रत्येक आवेदक को उसके रजिस्ट्रेशन के दौरान दिए गए मोबाइल नंबर पर क्रमवार हर कार्रवाई की सूचना भेजी जाएगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

उन्होंने बताया कि संवाद कार्यक्रम के दौरान उदाहरण के तौर पर अंचलवार पांच-पांच शिकायतों की सुनवाई अधिकारियों के समक्ष की गई है, लेकिन शेष सभी आवेदनों पर भी गंभीरता से कार्रवाई होगी. 14 जनवरी के बाद सभी मामलों की पुनः समीक्षा की जाएगी. उन्होंने आम लोगों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार का लक्ष्य जनता की परेशानियों को दूर करना है.

इसी उद्देश्य से कड़ाके की ठंड के बावजूद राजस्व विभाग की टीम प्रधान सचिव श्री सी. के. अनिल और सचिव गोपाल मीणा के नेतृत्व में जिले-जिले में भ्रमण कर रही है. लक्ष्य है कि हर परेशान व्यक्ति की समस्या का समाधान किया जाए.

जिलाधिकारी ने भी की अलग से समीक्षा, 2613 आवेदनों के निष्पादन के निर्देश

इसके बाद भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को लेकर अलग से समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी और भूमि सुधार उप समाहर्ता को बताया कि भूमि सुधार जनसंवाद कार्यक्रम में कुल 2613 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इन आवेदनों को मामलों की गंभीरता के अनुसार वर्गवार बांटकर अपलोड करने का निर्देश दिया गया.

उन्होंने कहा कि सामान्य मामलों का निष्पादन तुरंत किया जाए, जबकि जटिल मामलों का निष्पादन अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के माध्यम से कराया जाएगा, लेकिन उन मामलों में आदेश सीओ और डीसीएलआर को ही पारित करना होगा. जनसंवाद के दौरान माननीय मंत्री द्वारा जिन मामलों की सुनवाई की गई है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर निष्पादित करने का निर्देश संबंधित अंचलाधिकारियों को दिया गया.

भूमाफिया चिन्हित करने और रैंक सुधार के निर्देश

जिलाधिकारी ने अपर निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय से विगत तीन से चार वर्षों के जमीन निबंधन की सूची प्राप्त कर ऐसे लोगों को चिन्हित करने का निर्देश दिया जो बार-बार जमीन की खरीद-बिक्री कर रहे हैं, ताकि भू-माफियाओं पर कार्रवाई की जा सके. उन्होंने राज्यस्तरीय रैंकिंग में निचले पायदान पर रहने वाले सभी अंचलाधिकारियों को चेतावनी देते हुए अपने रैंक में सुधार लाने का निर्देश दिया.

समीक्षा में पाया गया कि इस्माइलपुर, जगदीशपुर, गोपालपुर, सुल्तानगंज एवं नवगछिया अंचल निचले पायदान पर हैं. जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 200 से ऊपर रैंक वाले अंचल 50 से ऊपर रैंक प्राप्त करने का प्रयास करें और 200 से नीचे रैंक वाले अंचल 200 के ऊपर रैंक प्राप्त करें. सभी अंचलाधिकारियों को राजस्व से संबंधित सभी लंबित कार्य 11 जनवरी तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गया.

वरीय अधिकारी रहे मौजूद

बैठकों में प्रधान सचिव राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग श्री सी. के. अनिल, सचिव गोपाल मीणा, विशेष सचिव अरुण कुमार सिंह, अपर सचिव अजीव वत्सराज, आयुक्त के सचिव विनोद कुमार सिंह, भागलपुर के संयुक्त निदेशक-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी नागेंद्र कुमार गुप्ता, राजस्व मुख्यालय से उप निदेशक मोना झा, सहायक निदेशक-सह-जनसंपर्क पदाधिकारी जूही कुमारी, विशेष कार्य पदाधिकारी अनुपम प्रकाश, सहायक निदेशक सुधांशु शेखर, सुमित कुमार आनंद सहित राजस्व मुख्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें-दिव्यांग को मंच पर बुलाया, डिप्टी सीएम ने फरियाद सुन अफसरों को फटकार—टाउन हॉल में बदला माहौल

इसे भी पढ़ें-भूमाफियाओं और दलालों को जेल में डालेंगे; जमीन की दलाली से मिलेगी मुक्ति; डिप्टी सीएम ने किया बड़ा एलान

इसे भी पढ़ें-कैमरे में कैद भूकंप की दहशत, जलते-बुझते नजर आए बल्ब, कांपी धरती

इसे भी पढ़ें-सिडनी में स्टार्क ने फिर झुकाया स्टोक्स का सिर, टेस्ट इतिहास में बनाया नया रिकॉर्ड

इसे भी पढ़ें-बिहार में फिर चलेंगी बंद चीनी मिलें, गन्ना मंत्री ने किया एलान!

दिव्यांग को मंच पर बुलाया, डिप्टी सीएम ने फरियाद सुन अफसरों को फटकार—टाउन हॉल में बदला माहौल

Deputy CM Vijay Kumar Sinha
दिव्यांग को मंच पर बुलाया, डिप्टी सीएम ने फरियाद सुन अफसरों को फटकार.

Bhagalpur News : भागलपुर के टाउन हॉल में आयोजित भूमि सुधार जनकल्याण संवाद के दौरान सुनवाई की कार्रवाई पीरपैंती प्रखंड से शुरू की गई. पहली सुनवाई पीरपैंती के सिरमतपुर निवासी अजय कुमार सिंह के मामले से हुई. उन्होंने बताया कि उनके पूर्वजों की जमीन आजादी से पूर्व की है और 1977 के सर्वे में दखल में उनका नाम दर्ज है. वर्तमान में उनके पास एक धूर भी जमीन नहीं बची है. घर बनाने के लिए कोई जगह नहीं है. जमीन का एक हिस्सा पर घर बना है, जबकि बाकी हिस्सा बांसबिट्टा है.

अंचलाधिकारी द्वारा इसे सरकारी जमीन बताते हुए घेरने की बात कही गई. इस पर डिप्टी सीएम सह राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री ने स्पष्ट कहा कि यह नहीं चलेगा और मामले की जांच कराई जाएगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

संवाद कार्यक्रम में विकास कुमार ने पावर प्लांट के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजे में भेदभाव का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि छह मौजा में से चार मौजा को डेढ़ गुणा और दो मौजा को गुणा मुआवजा दिया जा रहा है, जो न्यायोचित नहीं है. सभी मौजा के लिए समान मुआवजे का प्रावधान होना चाहिए.

दिव्यांग को मंच पर बुलाया, डिप्टी सीएम ने फरियाद सुन अफसरों को फटकार—टाउन हॉल में बदला माहौल Deputy CM Vijay Kumar Sinha 4
भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम.

संबंधित सीओ ने बताया कि पुराने नियम के तहत चार मौजा के लिए डेढ़ गुणा मुआवजे का प्रावधान था, जबकि शेष दो मौजा के लिए प्रावधान से पहले नया नियम लागू हो गया. आदेश मिलने पर जयघोषा की राशि बढ़ाई जा सकती है. इस पर नियमसंगत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

बाखरपुर पंचायत के धीरज कुमार ने बताया कि उनकी एक एकड़ 98 डिसमिल जमीन है, जिस पर जबरन कब्जा कर लिया गया है. एक ही केवाला दो बार कराया गया है. 47 डिसमिल जमीन छोड़ी गई थी, जिस पर भी भूमाफिया का कब्जा है. सीओ ने बताया कि वे चार माह पहले आए हैं और उनके पास इस संबंध में कोई आवेदन नहीं आया है. डिप्टी सीएम ने आवेदन देने का निर्देश देते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर दोनों पक्षों को सुनकर जांच कर निष्पादन किया जाए.

दिव्यांग को मंच पर बुलाया, डिप्टी सीएम ने फरियाद सुन अफसरों को फटकार—टाउन हॉल में बदला माहौल Deputy CM Vijay Kumar Sinha 5
भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम.

सबौर के संजीव कुमार सुमन ने बताया कि उनकी जमीन की मापी दो बार हो चुकी है, लेकिन पोजिशन कायम नहीं हो पाई है. उनसे पूछा गया कि मापी से संतुष्ट हैं या नहीं, जिस पर उन्होंने सहमति जताई. बाउंड्री नहीं हो पाने की समस्या बताने पर मंगलवार को बाउंड्री कराने की बात कही गई. डिप्टी सीएम ने सीओ को थाना की मदद लेकर बाउंड्री कराने का निर्देश दिया.

विकास कुमार तिवारी ने बताया कि उन्होंने म्यूटेशन के लिए चार बार आवेदन किया, लेकिन हर बार खारिज कर दिया गया. बताया गया कि खाता-खसरा में जमीन दर्ज नहीं है. 2018 में केस रिजेक्ट कर दिया गया था. उन्हें बताया गया कि सीओ स्तर से खारिज आदेश को सीओ स्वयं रिवर्स नहीं कर सकते. डीसीएलआर के यहां आवेदन देने पर निर्देश मिलने के बाद उचित कार्रवाई होगी.

अरविंद कुशवाहा ने बताया कि वे विक्रमशिला खुदाई स्थल के भूस्थापित हैं, लेकिन अब तक कोई लाभ नहीं मिला है. सीओ ने बताया कि फाइल भेजी गई है. डिप्टी सीएम ने अलग से सीओ से मिलने को कहा.

दिव्यांग को मंच पर बुलाया, डिप्टी सीएम ने फरियाद सुन अफसरों को फटकार—टाउन हॉल में बदला माहौल Deputy CM Vijay Kumar Sinha 6
भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम.

वीरेंद्र कुमार ने बताया कि वे 2023 से जमीन की मापी के लिए दौड़ रहे हैं. सीओ ने बताया कि केवाला में ओवरराइट है. प्रधान सचिव ने आश्वस्त किया कि मुख्यालय स्तर से मामले की जांच होगी और न्याय मिलेगा.

प्रवीण कुमार राय ने बताया कि उनके पिता का निधन हो चुका है, इसके बावजूद उनके जीवित होने का फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन पर कब्जा कर लिया गया है. सीओ को एक सप्ताह में मामले का निपटारा करने का निर्देश दिया गया. डिप्टी सीएम ने कहा कि फर्जीवाड़े पर यहीं से एफआईआर दर्ज कराने की शुरुआत की जाए.

गोपाल कृष्ण ने बताया कि 2021 में बंटवारा हुआ था, लेकिन रिश्तेदार ने गलत चौहद्दी दिखाकर जमीन बेच दी और म्यूटेशन भी करा लिया. डीसीएलआर के आदेश से म्यूटेशन रद्द हो गया है, लेकिन धोखाधड़ी का मामला दर्ज नहीं हुआ. इस पर एसएसपी को मामले को देखने का निर्देश दिया गया.

विपिन दास ने बताया कि उन्हें 1976 में पर्चा मिला था. दस लोगों की पर्चा वाली जमीन है, लेकिन दखल नहीं दिलाया जा रहा है. बताया गया कि सरकार की नीति के अनुसार कालांतर में दी गई जमीन सीलिंग के लिए 30 वर्षों तक होती थी. यदि जमीन उपयोगी होगी तो नहीं मिलेगी, अन्यथा मिलेगी. डीएम को आवेदन भेजने की बात कही गई.

नाथनगर के मो. हसनेन अंसारी ने बताया कि जलापूर्ति विभाग की जमीन का गलत तरीके से म्यूटेशन करा लिया गया है. डिप्टी सीएम ने सरकार की जमीन बचाने के लिए आगे आने पर उनकी सराहना की और कहा कि निश्चित रूप से मामले को देखा जाएगा.

दिव्यांग को मंच पर बुलाया, डिप्टी सीएम ने फरियाद सुन अफसरों को फटकार—टाउन हॉल में बदला माहौल Deputy CM Vijay Kumar Sinha 7
भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम.

अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि उनकी जमीन सारथू में है. ऑनलाइन जमाबंदी नहीं हुई है. जमाबंदी का पन्ना फटा हुआ है और म्यूटेशन का मामला भी अटका है. प्रधान सचिव ने विभागीय कमी स्वीकार करते हुए कहा कि फी जमा कर मापी के लिए आवेदन करने पर समाधान होगा. संवाद कार्यक्रम में हर प्रखंड से दो-तीन आवेदकों की सुनवाई की गई.

दिव्यांग को मंच पर बुलाकर सुनी पीड़ा, एसएसपी को जांच का आदेश

बाथ थाना क्षेत्र के धांधी बेलारी निवासी दिव्यांग रामदेव मंडल ने बताया कि उनकी 12 डिसमिल जमीन, जो दाखिल में है, को थानाध्यक्ष ने खाली करवा दिया. पहले ग्रामीणों ने आग लगा दी थी. जमीन गैरमजरूआ नहीं है और अगर है तो कभी मापी कर नहीं बताया गया. डिप्टी सीएम के निर्देश पर दिव्यांग को जवानों की मदद से मंच पर लाया गया. एसएसपी को स्वयं जांच करने और डीएम को थाने से रिपोर्ट लेने का निर्देश दिया गया. डिप्टी सीएम ने उनके रहने की उचित व्यवस्था का भी निर्देश दिया.

डीसीएलआर को फटकार, तीन तारीख में निष्पादन का आदेश

कहलगांव के अंतीचक निवासी कुमोद कुमार वर्मा ने बताया कि पिता के नाम की जमीन में भाई ने अधिक म्यूटेशन करा लिया है. 2008 से आवेदन देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई. डिप्टी सीएम ने डीसीएलआर को फटकार लगाते हुए तीन तारीख में मामले के निष्पादन का आदेश दिया और कहा कि आवेदन में नाम-पता और मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से लिखें.

सीओ की उम्र देख वीआरएस पर सवाल, एसएसपी को तत्काल निर्देश

खरीक की गीता देवी ने बताया कि उनका म्यूटेशन आवेदन खारिज कर दिया गया है. सीओ ने बताया कि मां द्वारा दानपत्र और दूसरे पक्ष द्वारा वसीयत के आधार पर दावा किया जा रहा है. डीसीएलआर को 15 दिन में निष्पादन का निर्देश दिया गया. सीओ की अधिक उम्र और लड़खड़ाती बोली देख डिप्टी सीएम ने वीआरएस लेने के बारे में पूछा. गीता देवी के पुत्र ने जान से मारने की धमकी की बात कही, जिस पर एसएसपी को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया.

जांच के बिना आवेदन शून्य करने पर सख्त चेतावनी

डिप्टी सीएम ने कहा कि बिना जांच आवेदनों को शून्य करने की शिकायत मिली है. ऐसा करने वालों को शून्य कर दिया जाएगा. हर आवेदन की समीक्षा कर नियमसंगत कार्रवाई करनी होगी. म्यूटेशन खारिज होने पर 30 दिनों के भीतर डीसीएलआर के यहां अपील की जा सकती है.

हर अंचल कार्यालय में गार्ड की तैनाती का आदेश

डिप्टी सीएम ने अंचल कार्यालयों की सुरक्षा को लेकर एसएसपी को गार्ड की तैनाती का आदेश दिया. 15 तारीख से पहले सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन करने को कहा गया. आम नागरिकों से अपील की गई कि भूमि संबंधी किसी भी शिकायत के लिए 18003456215 पर कॉल करें, त्वरित समाधान किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें-भूमाफियाओं और दलालों को जेल में डालेंगे; जमीन की दलाली से मिलेगी मुक्ति; डिप्टी सीएम ने किया बड़ा एलान

इसे भी पढ़ें-कैमरे में कैद भूकंप की दहशत, जलते-बुझते नजर आए बल्ब, कांपी धरती

इसे भी पढ़ें-सिडनी में स्टार्क ने फिर झुकाया स्टोक्स का सिर, टेस्ट इतिहास में बनाया नया रिकॉर्ड

इसे भी पढ़ें-बिहार में फिर चलेंगी बंद चीनी मिलें, गन्ना मंत्री ने किया एलान!

Deputy CM : भूमाफियाओं और दलालों को जेल में डालेंगे; जमीन की दलाली से मिलेगी मुक्ति; डिप्टी सीएम ने किया बड़ा एलान

Deputy CM Vijay Kumar Sinha
डिप्टी सीएम ने किया बड़ा एलान.

Deputy CM Vijay Kumar Sinha is in Bhagalpur : राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार द्वारा शुरू किया गया भूमि सुधार जनकल्याण संवाद अब केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की भूमि से जुड़ी समस्याओं के समाधान का सशक्त मंच बनता जा रहा है. भागलपुर टाउन हॉल में आयोजित संवाद कार्यक्रम का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री(Deputy CM) सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग विजय कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार जनता बनाम भू-माफिया की लड़ाई में पूरी मजबूती से जनता के साथ खड़ी है और अब किसी भी दलाल, बिचौलिये या माफिया को बख्शा नहीं जाएगा. इस संवाद का उद्देश्य केवल भाषण देना नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं को सुनना, समझना और उनका नियमसम्मत समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करना है.

जनसंवाद से बनेगी पारदर्शी भूमि व्यवस्था

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि सुधार और भूमि विवाद अत्यंत जटिल विषय हैं, जिनमें विधिक प्रावधानों के साथ-साथ जमीनी वास्तविकताओं की गहरी समझ आवश्यक है. इसी सोच के तहत विभाग ने अपने कार्यकाल के पहले 100 दिनों में प्रमंडलवार और जिलावार जनसंवाद का निर्णय लिया है, ताकि जनता से सीधे मिले फीडबैक के आधार पर पारदर्शी, जनसुविधा आधारित और स्थायी नीतियां बनाई जा सकें. उन्होंने कहा कि विभाग की सभी सेवाएं अब पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई हैं. आम लोगों को इन सेवाओं का लाभ आसानी से मिले, इसके लिए 12 दिसंबर से पटना से जनकल्याण संवाद की शुरुआत की गई.

ऑनलाइन आवेदन में आमलोगों को हो रही कठिनाइयों को देखते हुए प्रत्येक अंचल कार्यालय में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) खोले गए हैं, जहां कंप्यूटर प्रशिक्षित वीएलई तय मामूली शुल्क पर आवेदन के साथ-साथ उचित परामर्श भी देंगे. कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ का उल्लेख करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जहां बीमारी ज्यादा होती है, वहां भीड़ भी बढ़ती है. हंगामा समाधान नहीं है, शांतिपूर्ण संवाद से ही रास्ता निकलता है.

दलाल और भू-माफिया पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

माननीय उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि फर्जी कागजात के आधार पर कार्यों में बाधा डालने वालों पर अब सख्त कार्रवाई होगी. सभी अंचल अधिकारियों और राजस्व कर्मचारियों को ऐसे तत्वों पर आपराधिक मुकदमा दर्ज करने का अधिकार दे दिया गया है. इस अधिकार का सही दिशा में उपयोग कर सही कार्य में बाधा डालने वाले माफिया तत्वों को जेल के अंदर भेजने का निर्देश दिया गया है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

उन्होंने बताया कि इस संवाद के उद्देश्यों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए पटना के ज्ञान भवन में राज्य के सभी 38 जिलों के अपर समाहर्ता (राजस्व), भूमि सुधार उप समाहर्ता और अंचल अधिकारियों की भूमि सुधार जनकल्याण कार्यशाला आयोजित की गई थी, जिसमें अधिकारियों को जनता की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया. विभाग की कार्यप्रणाली के केंद्र में बिहार की जनता है और पारदर्शिता, जवाबदेही व ईमानदारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.

जनता हित में किए गए दर्जनभर बड़े सुधार

उपमुख्यमंत्री ने अब तक किए गए सुधारात्मक कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि 1 जनवरी 2026 से राजस्व अभिलेखों की सत्यापित नकल केवल ऑनलाइन उपलब्ध है, जिसे पूर्ण वैधानिक मान्यता प्राप्त है. नगर निकाय क्षेत्रों में वंशावली निर्गत करने की व्यवस्था तय कर दी गई है. एससी/एसटी पर्चाधारियों को शत-प्रतिशत दखल दिलाने के लिए ऑपरेशन भूमि दखल देहानी शुरू किया गया है. परिमार्जन प्लस के अंतर्गत मामलों के निष्पादन के लिए 15, 35 और 75 कार्य दिवस की स्पष्ट समय-सीमा तय की गई है.

पारिवारिक बंटवारा पोर्टल से अब बंटवारा और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया आसान हुई है. पुराने दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस और मापी के मामलों के निष्पादन के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं. हर शनिवार को थाना की जगह अंचल कार्यालय में जनता दरबार लगाया जाएगा. राजस्व कर्मचारी अब अपने पंचायत में बैठकर काम करेंगे. मापी के बाद प्रतिवेदन ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य कर दिया गया है. सरकारी भूमि की गलत जमाबंदी पर तत्काल स्थगन के आदेश के साथ सभी जिलों में लैंड बैंक निर्माण के निर्देश दिए गए हैं. फर्जी कागजात के आधार पर व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर प्रत्येक अंचल में प्राथमिकी दर्ज करने के सख्त आदेश जारी किए गए हैं.

मार्च तक अधिकांश मामलों के समाधान का लक्ष्य : सीके अनिल

इससे पहले अध्यक्षीय संबोधन में विभाग के प्रधान सचिव श्री सीके अनिल ने उपस्थित जनसमूह को नववर्ष की मंगलकामनाएं देते हुए कहा किउपमुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह नई पहल ईमानदारी से समाधान की कोशिश है और इसमें जनसहयोग जरूरी है. उन्होंने कहा किउपमुख्यमंत्री ने इस वर्ष अंचल अधिकारियों को बड़ा अधिकार दिया है, जिसका उपयोग भू-माफियाओं को समाप्त करने में किया जाना चाहिए. विभाग का लक्ष्य मार्च तक अधिकांश समस्याओं के समाधान का है.

कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सभी अतिथियों का पौधा और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया. संवाद कार्यक्रम का संचालन सचिव गोपाल मीणा ने किया. इस अवसर पर विशेष सचिव अरुण कुमार सिंह, अपर सचिव अजीव वत्सराज, भागलपुर के वरीय आरक्षी अधीक्षक हृदय कांत, नवगछिया की एसपी प्रेरणा कुमार, आयुक्त के सचिव विनोद कुमार सिंह, भागलपुर के संयुक्त निदेशक-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी नागेंद्र कुमार गुप्ता, राजस्व मुख्यालय से उप निदेशक श्रीमती मोना झा, सहायक निदेशक-सह-जनसंपर्क पदाधिकारी जूही कुमारी, विशेष कार्य पदाधिकारी अनुपम प्रकाश, सहायक निदेशक सुधांशु शेखर, सुमित कुमार आनंद समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें-कैमरे में कैद भूकंप की दहशत, जलते-बुझते नजर आए बल्ब, कांपी धरती

इसे भी पढ़ें-सिडनी में स्टार्क ने फिर झुकाया स्टोक्स का सिर, टेस्ट इतिहास में बनाया नया रिकॉर्ड

इसे भी पढ़ें-बिहार में फिर चलेंगी बंद चीनी मिलें, गन्ना मंत्री ने किया एलान!