27.1 C
Delhi
17 February 2026, Tuesday
Home Blog Page 54

INDW vs SLW : मंधाना-शेफाली की तूफानी शुरुआत से भारत ने रचा टी20 इतिहास, देखें पूरे रिकॉर्ड

भारत ने रचा टी20 इतिहास
भारत ने रचा टी20 इतिहास.

INDW vs SLW: भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका के खिलाफ चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में बल्लेबाजी का जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया. ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार को खेले गए मैच में सलामी जोड़ी शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने शुरुआत से ही मैच पर भारत की पकड़ मजबूत कर दी. बाद में ऋचा घोष की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने स्कोर को ऐतिहासिक ऊंचाई तक पहुंचा दिया.

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद भारतीय टीम ने आक्रामक तेवर दिखाए. पारी की शुरुआत में ही स्मृति मंधाना ने पहली गेंद पर बाउंड्री लगाकर इरादे साफ कर दिए. शुरुआती ओवरों में रन गति लगातार बढ़ती गई और तीसरे ओवर के बाद भारत ने 26 रन बोर्ड पर टांग दिए. काव्या कविंदी और कविशा दिलहारी के खिलाफ दोनों ओपनरों ने खुले हाथों से रन बटोरे. पावरप्ले समाप्त होने तक भारतीय टीम बिना विकेट गंवाए 61 रन तक पहुंच चुकी थी.

मंधाना का ऐतिहासिक माइलस्टोन

शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की जोड़ी ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 50 से अधिक रनों की 24वीं साझेदारी पूरी कर नया रिकॉर्ड बनाया. इसी दौरान सातवें ओवर में मंधाना ने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 10,000 रन भी पूरे कर लिए. इस उपलब्धि तक पहुंचने वाली वह विश्व की चौथी और भारत की दूसरी बल्लेबाज बनीं.

पहले 10 ओवरों में भारतीय स्कोर 85 रन तक पहुंच चुका था और दोनों बल्लेबाज पूरी तरह नियंत्रण में दिख रही थीं. 11वें ओवर में शेफाली वर्मा ने केवल 30 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो इस सीरीज में उनका लगातार तीसरा पचासा रहा.

बल्लेबाजों का कहर, रिकॉर्ड स्कोर तैयार

भारतीय टीम ने 11 ओवर में ही 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया. इसके बाद 12वें ओवर में स्मृति मंधाना ने 35 गेंदों में अर्धशतक जड़ा. महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह उनका 32वां अर्धशतक रहा, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे अधिक है.

श्रीलंका को पहली सफलता 16वें ओवर में मिली, जब निमाशा मदुशानी ने शेफाली वर्मा को पवेलियन भेजकर 162 रनों की ओपनिंग साझेदारी समाप्त की. शेफाली ने 46 गेंदों पर 79 रन की पारी खेली, जिसमें 12 चौके और एक छक्का शामिल रहा. इसके बाद अगले ही ओवर में मालशा शेहानी ने स्मृति मंधाना को आउट किया. मंधाना ने 48 गेंदों में 80 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और तीन छक्के शामिल थे.

अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 16 गेंदों में नाबाद 40 रन ठोक दिए. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी 10 गेंदों में नाबाद 16 रन जोड़कर स्कोर को और मजबूत किया. भारतीय महिला टीम ने 20 ओवरों में 221/2 रन बनाते हुए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना अब तक का सबसे बड़ा स्कोर दर्ज किया और श्रीलंका के सामने 222 रनों की चुनौती रखी.

महिला T20I में IND-W के लिए 200+ टोटल

स्कोरविरोधी टीमस्थान/स्टेडियमवर्ष
221/2SL-Wतिरुवनंतपुरम2025*
217/4WI-WDY पाटिल2024
210/5ENG-Wट्रेंट ब्रिज2025
201/5UAE-Wदांबुला2024

एक T20I पारी में IND-W के लिए सबसे ज्यादा छक्के

छक्केविरोधी टीमस्थान/स्टेडियमवर्ष
9AUS-WDY पाटिल2022
8NZ-Wप्रोविडेंस2018 WC
8SL-Wतिरुवनंतपुरम2025*

भारतीय पारी में पेस बनाम स्पिन

गेंदबाजी प्रकारओवरविकेट/रनइकॉनमी रेट
पेस60/6811.33
स्पिन142/14910.64

T20I में IND-W बनाम SL-W के लिए सबसे ज्यादा स्कोर

रनबल्लेबाजस्थानवर्ष
80स्मृति मंधानातिरुवनंतपुरम2025 (चौथा T20I)*
79*शेफाली वर्मातिरुवनंतपुरम2025 (तीसरा T20I)
79*शेफाली वर्मातिरुवनंतपुरम2025 (चौथा T20I)*
76जेमिमा रोड्रिग्ससिलहट2022 एशिया कप
69*जेमिमा रोड्रिग्सविशाखापत्तनम2025 (पहला T20I)
69*शेफाली वर्माविशाखापत्तनम2025 (दूसरा T20I)

T20I में IND-W के लिए सबसे ज्यादा छक्के

रनबल्लेबाज
80स्मृति मंधाना*
78हरमनप्रीत कौर
69शेफाली वर्मा
39ऋचा घोष
22जेमिमा रोड्रिग्स

महिला T20I में सबसे ज्यादा 100+ ओपनिंग पार्टनरशिप

पार्टनरशिप (O/W)बल्लेबाजविरोधी टीम
6ईशा ओझा, तीर्थ सतीशUAE-W
4एलिसा हीली, बेथ मूनीAUS-W
4स्मृति मंधाना, शेफाली वर्माIND-W*

इसे भी पढ़ें-भारतीय अंडर-19 टीम का ऐलान; दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए सूर्यवंशी को मिली कमान

इसे भी पढ़ें-विश्व कप 2026 के लिए टीम इंडिया तय, शुभमन गिल बाहर, अक्षर बने उपकप्‍तान

Delhi Pollution: जहरीली धुंध की चादर में लिपटी दिल्ली, हवा हुई सांस लेने लायक नहीं; AQI 400 के पार

Delhi Air Pollution
जहरीली धुंध की चादर में लिपटी दिल्ली.

Delhi Pollution: दिल्ली में वायु प्रदूषण लगातार खतरनाक स्तर की ओर बढ़ता जा रहा है. जहरीली धुंध की मोटी परत के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है और लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है. हालात को देखते हुए मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार के लिए राजधानी में बहुत घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग ने अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है.

आनंद विहार सबसे प्रदूषित इलाका

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की ‘समीर’ ऐप पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के 19 एयर मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई है. इनमें आनंद विहार क्षेत्र सबसे अधिक प्रदूषित रहा, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 457 तक पहुंच गया. अन्य इलाकों में AQI का स्तर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया है.

तापमान में हल्की गिरावट दर्ज

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है. वहीं दिन का अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 2.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया.

इसे भी पढ़ें-यूपी में ठंड और कोहरे का डबल अटैक, 31 शहरों में ऑरेंज अलर्ट

इसे भी पढ़ें-ट्रेनों का किराया बढ़ा; 26 दिसंबर से नई दरें लागू, यात्रियों की जेबें होंगी भारी!

इसे भी पढ़ें-सरपंच पद के लिए 10वीं पास अनिवार्यता फिर प्रस्तावित, शिक्षा की शर्त बहाल करने की तैयारी

Bihar Crime : लाला अतिमी गांव में हिंसा का तांडव, दिनदहाड़े फायरिंग में युवक की गई जान, दर्जन भर गिरफ्तार

लाला अतिमी गांव में हिंसा का तांडव
लाला अतिमी गांव में हिंसा का तांडव.

Rohtas Crime News : रोहतास जिले के नासरीगंज थाना अंतर्गत लाला अतिमी गांव में शनिवार को जमीन को लेकर भड़का विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया. दिन के उजाले में हुई इस हिंसा के दौरान कई राउंड गोलियां चलाई गईं. झगड़ा शांत कराने पहुंचे एक युवक को गोली लग गई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. मृत युवक की पहचान 35 वर्षीय अरविंद कुमार के रूप में की गई है, जो इसी गांव का रहने वाला था.

सोशल मीडिया पर फायरिंग और हिंसा का वीडियो वायरल

जमीन विवाद से जुड़ी इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल फुटेज में गांव की महिलाएं और पुरुष हाथों में लाठी-डंडा लिए पथराव करते नजर आ रहे हैं, वहीं कुछ लोग बेखौफ होकर फायरिंग करते दिखाई देते हैं. हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इसे लाला अतिमी गांव का ही बताया जा रहा है.

ग्रामीणों का दावा – दर्जनों राउंड चली गोलियां

स्थानीय लोगों के अनुसार, झड़प के दौरान करीब 50 राउंड तक फायरिंग हुई. पत्थरबाजी में भी कई ग्रामीणों को चोटें आई हैं. वायरल वीडियो में लगातार गोलियों की आवाजें सुनाई दे रही हैं, जिससे साफ है कि मौके पर हालात पूरी तरह बेकाबू हो चुके थे.

तीन साल पुराना जमीन विवाद बना वजह

बताया जा रहा है कि जिस जमीन को लेकर विवाद हुआ, वह पिछले तीन वर्षों से दो पक्षों के बीच विवादित है. मामला वर्ष 2022 से न्यायालय में विचाराधीन है और विवादित भूखंड पर धारा 144 लागू है. इसके बावजूद एक पक्ष द्वारा जमीन पर खेती शुरू किए जाने से तनाव बढ़ा और मामला हिंसा में तब्दील हो गया.

पुलिस कार्रवाई, कई आरोपी हिरासत में

रविवार शाम मीडिया को जानकारी देते हुए एएसपी संकेत कुमार ने बताया कि गोलीबारी और युवक की मौत के मामले में अब तक करीब एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है. पुलिस ने घटनास्थल से तीन देशी कट्टा, छह खोखा, दस जिंदा कारतूस और कुछ मिसफायर कारतूस भी बरामद किए हैं.

इसे भी पढ़ें-दुकानदार को गोली मारने के मामले में 3 अपराधी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फाइटर भी दबोचा गया

इसे भी पढ़ें-जमुई में पूर्व नक्सली कमांडर की हत्या, बाराटांड के पास अज्ञात हमलावरों ने गोलियों से भूना

Bihar Crime : भागलपुर के सनोखर में रंजिश की आग, किसानों की 10 बीघा धान की फसल जलकर खाक

बिहार न्यूज
सांकेतिक तस्वीर.

Bihar Crime : बिहार में भागलपुर जिले के सनोखर थाना क्षेत्र के धनोरी गांव में असामाजिक तत्वों ने रंजिश में ऐसी करतूत को अंजाम दिया है, जिसने चार गरीब किसान परिवारों की मेहनत पर पानी फेर दिया. पोखर किनारे रखी गई धान की तैयार फसल में आग लगा दी गई, जिससे लाखों रुपये की फसल देखते ही देखते राख में बदल गई.

कहां पर हुई आगजनी की घटना?

यह घटना धनोरी गांव से करीब 500 मीटर दूर बहियार इलाके की बताई जा रही है. गांव के चार किसान—जलधर मंडल, शिवलाल मंडल, संजय मंडल और राजेश मंडल—ने धान की कटाई के बाद फसल को एक जगह ढेर कर रखा था. दो दिन पहले ही कटाई पूरी हुई थी.

रात में दिया गया वारदात को अंजाम

ग्रामीणों के अनुसार, देर रात सन्नाटा होने का फायदा उठाकर अज्ञात लोगों ने फसल के ढेर में आग लगा दी. आग तेजी से फैलती चली गई और सुबह तक पूरा खटाल जलकर नष्ट हो गया.

सुबह दिखा नुकसान का मंजर

सुबह जब ग्रामीणों की नजर धुएं और आग पर पड़ी, तो गांव में हड़कंप मच गया. लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक धान पूरी तरह जल चुकी थी. अनाज का एक दाना भी बचाया नहीं जा सका.

पेड़ भी आग की चपेट में आए

मुखिया प्रतिनिधि विनय शाह ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास में लगे चार सकूआ के पेड़ भी झुलस गए. जिस तरह से आग फैली, उससे यह स्पष्ट है कि घटना जानबूझकर और योजना के तहत की गई है.

किसानों पर टूटा दुखों का पहाड़

पीड़ित किसान जलधर मंडल ने बताया कि फसल तैयार करने के लिए उन्होंने कर्ज लिया था. उम्मीद थी कि धान बेचकर परिवार की जरूरतें पूरी होंगी और कर्ज भी चुक जाएगा, लेकिन अब उनके सामने खाने तक का संकट खड़ा हो गया है. अन्य किसान परिवारों की स्थिति भी ऐसी ही बनी हुई है.

ग्रामीणों में रोष, मुआवजे की मांग

घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को सरकारी मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वे दोबारा जीवन को पटरी पर ला सकें.

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने पर सनोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आगजनी के कारणों और दोषियों की पहचान की जा रही है, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें-दुकानदार को गोली मारने के मामले में 3 अपराधी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फाइटर भी दबोचा गया

Bihar Crime : दुकानदार को गोली मारने के मामले में 3 अपराधी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फाइटर भी दबोचा गया

क्राइम
ज्वेलरी शॉप से 50 लाख+ की लूट.

Bihar Crime : बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र में किराना दुकानदार पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पंडारक थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं.

छोटी रकम को लेकर हुआ था विवाद

एसडीपीओ-1 आनंद कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि घटना 24 दिसंबर की शाम लेमुआबाद गांव की है. आरोपित किराना दुकान से सामान लेकर निकले और जब दुकानदार ने ₹300 का भुगतान मांगा, तो उन्होंने विवाद शुरू कर दिया. बात बढ़ने पर अपराधियों ने हथियार निकाल लिया और फायरिंग कर दी.

गोली लगने से दुकानदार हुआ घायल

फायरिंग के दौरान गोली दुकानदार के हाथ में जा लगी, जिससे वह घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल दुकानदार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.

घटना के बाद फरार थे आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे. घटना के बाद से क्षेत्र के दुकानदारों में भय का माहौल बना हुआ था और पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था.

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

लगातार छापेमारी के बीच शनिवार की रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी किसी नई वारदात की योजना बनाकर एक स्थान पर जुटे हुए हैं. सूचना मिलते ही पंडारक थाना पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर मुख्य आरोपी फाइटर समेत तीनों अपराधियों को दबोच लिया.

हथियार और कारतूस जब्त

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली, जिसमें एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए. सभी हथियारों को जब्त कर लिया गया है.

आपराधिक नेटवर्क की भी जांच

एसडीपीओ आनंद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार अपराधियों का संबंध किसी बड़े आपराधिक गिरोह से है या नहीं. इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

व्यापारियों में लौटा भरोसा

अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. इस मामले में दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए कोर्ट में स्पीडी ट्रायल की अनुशंसा की जाएगी. फिलहाल इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है.

इसे भी पढ़ें-जमुई में पूर्व नक्सली कमांडर की हत्या, बाराटांड के पास अज्ञात हमलावरों ने गोलियों से भूना

बिहार STET 2025 रिजल्ट जल्द होगा जारी, ऐसे करें डाउनलोड

Result
BPSC MVI Final Result 2026 घोषित.

STET Result 2025 Soon: माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2025 को लेकर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने परिणाम जारी करने की प्रक्रिया तेज कर दी है. परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यर्थी काफी समय से नतीजों की प्रतीक्षा कर रहे हैं. बोर्ड के अनुसार, रिजल्ट घोषित होते ही उम्मीदवार इसे आधिकारिक पोर्टल bsebstet.org पर ऑनलाइन देख सकेंगे. ऑफलाइन या किसी अन्य माध्यम से परिणाम जारी नहीं किया जाएगा.

कैसे मिलेगी रिजल्ट की जानकारी?

परिणाम देखने के लिए अभ्यर्थियों को लॉगिन करते समय अपना आवेदन संख्या और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी. सही विवरण भरने के बाद ही स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा.

कितने अंक पर होंगे पास

STET परीक्षा में सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों को न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी है. वहीं, आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार कट-ऑफ में छूट मिलेगी. सफल उम्मीदवारों को शिक्षक पात्रता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जो बिहार के सरकारी विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक शिक्षक नियुक्ति के लिए आवश्यक दस्तावेज होगा.

STET 2025 रिजल्ट देखने की प्रक्रिया

  • आधिकारिक वेबसाइट bsebstet.org खोलें.
  • होमपेज पर STET 2025 रिजल्ट से जुड़े लिंक पर क्लिक करें.
  • आवेदन संख्या और जन्मतिथि दर्ज करें.
  • सबमिट करते ही स्कोरकार्ड स्क्रीन पर आ जाएगा.
  • भविष्य के लिए रिजल्ट डाउनलोड कर सुरक्षित रखें.

इसे भी पढ़ें-DRDO में टेक्निकल कैडर की भर्ती, ऑनलाइन आवेदन जारी; जानें कितनी होगी सैलरी?

Bihar Train Accident : आसनसोल रेल मंडल में मालगाड़ी बेपटरी, 27 ट्रेनों का रूट बदला

27 ट्रेनों का रूट बदला
27 ट्रेनों का रूट बदला

Bihar Train Accident : जसीडीह-झाझा रेल खंड में शनिवार देर रात एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई, जिससे इस मार्ग पर अप और डाउन दोनों लाइन पर ट्रेन सेवा ठप हो गई. यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि कई लोग सड़क मार्ग से यात्रा करने को मजबूर हैं. इस कारण 27 ट्रेनों का रूट बदल दिया गया है.

टोलवा ब्रिज पर हुआ हादसा

रेल अधिकारियों के अनुसार, टेलवा हॉल्ट के पास टोलवा ब्रिज पर मालगाड़ी बेपटरी हुई. हादसे के बाद तत्काल सभी ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया. ठंड और भीषण होने के कारण यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा.

रेल सेवा बहाल करने में जुटी टीम

दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों और अभियंत्रण टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और पुनरावृत्ति कार्य शुरू कर दिया. रेलवे विभाग ने कहा कि लाहाबोन और सिमुलतला के बीच मालगाड़ी के पटरी से उतरने के कारण 27 ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया है. रेलवे की टीम रात-दिन सेवा बहाल करने में लगी हुई है.

परिवर्तित मार्ग से चलने वाली ट्रेनें (यात्रा तिथि अनुसार)

ट्रेन संख्याट्रेन का नामयात्रा तिथिपरिवर्तित मार्ग / ठहराव
18105राउरकेला–जयनगर एक्सप्रेस27.12.2025गया मार्ग से
12274नई दिल्ली–हावड़ा दुरंतो27.12.2025दीनदयाल–गया–धनबाद–प्रधानखुंटा
12304नई दिल्ली–हावड़ा पूर्वा27.12.2025दीनदयाल–गया–धनबाद–प्रधानखुंटा
12326नांगल डैम–कोलकाता गुरुमुखी27.12.2025दीनदयाल–गया–धनबाद–प्रधानखुंटा
13005हावड़ा–अमृतसर मेल27.12.2025जसीडीह–बांका–भागलपुर–किउल (बांका, भागलपुर, जमालपुर)
13185सियालदह–जयनगर गंगासागर27.12.2025जसीडीह–बांका–भागलपुर–किउल (बांका, भागलपुर, जमालपुर)
15027संबलपुर–गोरखपुर मौर्य27.12.2025जसीडीह–बांका–भागलपुर–किउल (बांका, भागलपुर, जमालपुर)
12333हावड़ा–प्रयागराज विभूति27.12.2025मधुपुर–महेशमुंडा–कोडरमा–गया–दीनदयाल
13127कोलकाता–आरा गरीब रथ27.12.2025मधुपुर–महेशमुंडा–कोडरमा–गया–सासाराम
12351हावड़ा–राजेंद्र नगर टर्मिनल27.12.2025मधुपुर–महेशमुंडा–कोडरमा–गया–किउल
12369हावड़ा–देहरादून कुंभ27.12.2025आसनसोल–प्रधानखुंटा–गया–दीनदयाल (गया ठहराव)
12331हावड़ा–जम्मू तवी हिमगिरि27.12.2025आसनसोल–प्रधानखुंटा–गया–दीनदयाल (गया ठहराव)
28181टाटानगर–कटिहार27.12.2025आसनसोल–प्रधानखुंटा–गया–किउल (गया ठहराव)
13135कोलकाता–जयनगर27.12.2025अंडाल–सैंथिया–रामपुरहाट–गुमानी–भागलपुर–किउल
13165कोलकाता–सीतामढ़ी27.12.2025अंडाल–सैंथिया–रामपुरहाट–गुमानी–भागलपुर–किउल
13019हावड़ा–काठगोदाम बाघ27.12.2025अंडाल–सैंथिया–रामपुरहाट–गुमानी–भागलपुर–किउल
13029हावड़ा–मोकामा27.12.2025अंडाल–सैंथिया–रामपुरहाट–गुमानी–भागलपुर–किउल
22214पटना–शालीमार दुरंतो27.12.2025किउल–भागलपुर–साहिबगंज–गुमानी–रामपुरहाट–बर्धमान
12306नई दिल्ली–हावड़ा राजधानी27.12.2025किउल–भागलपुर–साहिबगंज–गुमानी–रामपुरहाट–बर्धमान
13186जयनगर–सियालदह गंगासागर27.12.2025किउल–भागलपुर–साहिबगंज–गुमानी–रामपुरहाट–बर्धमान
12352राजेंद्र नगर टर्मिनल–हावड़ा27.12.2025किउल–भागलपुर–साहिबगंज–गुमानी–रामपुरहाट–बर्धमान
12334प्रयागराज–हावड़ा विभूति27.12.2025किउल–भागलपुर–साहिबगंज–गुमानी–रामपुरहाट–बर्धमान
13006अमृतसर–हावड़ा मेल26.12.2025किउल–भागलपुर–साहिबगंज–गुमानी–रामपुरहाट–बर्धमान
13288आरा–दुर्ग साउथ बिहार27.12.2025प्रधानखुंटा–सीतारामपुर–आसनसोल
18182थावे–टाटानगर27.12.2025प्रधानखुंटा–सीतारामपुर–आसनसोल
18630गोरखपुर–रांची27.12.2025गया–गोमो–राजाबेड़ा
18120जयनगर–टाटानगर27.12.2025गया–गोमो–राजाबेड़ा

इसे भी पढ़ें-महाबोधि मंदिर में श्रद्धालुओं का दान 2 करोड़ से पार; 33 देशों में सबसे बड़ा दान किसने दिया?

Mahabodhi Temple : महाबोधि मंदिर में श्रद्धालुओं का दान 2 करोड़ से पार; 33 देशों में सबसे बड़ा दान किसने दिया?

महाबोधि मंदिर में श्रद्धालुओं का दान
महाबोधि मंदिर में श्रद्धालुओं का दान.

Mahabodhi Temple : विश्व धरोहर स्थल महाबोधि मंदिर में देश-विदेश के श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है. बीटीएमसी के अनुसार, मई से दिसंबर के बीच मंदिर को 33 विभिन्न देशों की मुद्राओं में कुल 2 करोड़ 2 लाख रुपये से अधिक का दान प्राप्त हुआ है.

दान की यह राशि अब मंदिर के प्रबंधन, संरक्षण और सुविधाओं के विस्तार में इस्तेमाल की जाएगी. मंदिर प्रबंधन समिति के अनुसार, इस बार दान का बड़ा हिस्सा दक्षिण-पूर्व एशिया के बौद्ध देशों से आया है.

किस देश का रहा सबसे बड़ा योगदान?

दान के आंकड़े बताते हैं कि म्यांमार के श्रद्धालुओं ने सबसे अधिक दान दिया. म्यांमार से 5.31 करोड़ क्यात प्राप्त हुए, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 21.26 लाख रुपये के बराबर हैं. इसके बाद थाईलैंड, वियतनाम और अमेरिका से भी उल्लेखनीय योगदान आया. थाईलैंड से वाट और अमेरिकी डॉलर में, जबकि वियतनाम से डोंग में दान प्राप्त हुआ. यह साफ दर्शाता है कि महाबोधि मंदिर एशियाई बौद्ध देशों की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है.

भारतीय और विदेशी मुद्रा का संतुलन

बीटीएमसी के पदेन अध्यक्ष एवं गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर के अनुसार, छह महीनों में कुल 2,02,03,494 रुपये का दान मिला. इसमें 1,29,41,100 रुपये भारतीय मुद्रा में और 72,62,394 रुपये विदेशी मुद्राओं में प्राप्त हुए. दिसंबर के पहले पखवारे में दानपेटियां खोली गईं और राशि की गिनती 15 से 23 दिसंबर तक नौ दिनों में पूरी हुई, पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न की गई.

विदेशी मुद्रा के इस्तेमाल का रास्ता हुआ साफ

केंद्र सरकार की विदेशी मुद्रा विनियमन अधिनियम (FEMA) शाखा के निर्देश के बाद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बोधगया शाखा ने विदेशी मुद्राओं को स्वीकार करना शुरू कर दिया. पहले व्यावहारिक अड़चनों के कारण विदेशी दान का इस्तेमाल मुश्किल हो रहा था. इस पर बीटीएमसी की सचिव डॉ. महाश्वेता महारथी ने गृह मंत्रालय से हस्तक्षेप का अनुरोध किया था, जिसके बाद स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए.

इस वर्ष महाबोधि मंदिर को जिन देशों से दान मिला, उनमें म्यांमार, थाईलैंड, वियतनाम, श्रीलंका, जापान, कोरिया, सिंगापुर, चीन, ताइवान, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, यूएई, इंग्लैंड, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कतर, कुवैत, ओमान, बहरीन, इराक और तुर्की शामिल हैं. यह सूची मंदिर की अंतरराष्ट्रीय धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतिष्ठा को और मजबूत करती है.

दान का इस्तेमाल मंदिर सुधार में

बीटीएमसी ने बताया कि इस राशि का उपयोग मंदिर परिसर के रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के सुधार में किया जाएगा. बढ़ते वैश्विक दान से यह स्पष्ट है कि महाबोधि मंदिर अब सिर्फ धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय आस्था और सांस्कृतिक संवाद का केंद्र बन चुका है.

इसे भी पढ़ें-खुशखबरी! पटना से केवल ₹150 में अब पहुंचेंगे बिहार के 40 प्रमुख पर्यटन स्थलों तक, जानें डिटेल्स

इसे भी पढ़ें-बिहार में AI से बढ़ेगी खेती, स्वास्थ्य और रोजगार की संभावनाएं, जानें डिटेल्स

Bihar Crime : जमुई में पूर्व नक्सली कमांडर की हत्या, बाराटांड के पास अज्ञात हमलावरों ने गोलियों से भूना

क्राइम
ज्वेलरी शॉप से 50 लाख+ की लूट.

Bihar Crime : जमुई जिले के चरकापथर थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम हुई गोलीबारी की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है. थमहन पंचायत के चिल्काखांड़ गांव निवासी और पूर्व नक्सली कमांडर लखन यादव की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी.

बाराटांड के पास हुई वारदात

यह घटना बाराटांड गांव के समीप हुई, जहां अज्ञात बदमाशों ने लखन यादव को निशाना बनाया. गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते खबर फैल गई.

क्रिसमस कार्यक्रम में शामिल होने गया था

मिली जानकारी के अनुसार लखन यादव शनिवार की देर शाम बाराटांड आदिवासी टोला में आयोजित तीन दिवसीय क्रिसमस (सोहराय) कार्यक्रम में शामिल होने गया था. इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं. बताया जाता है कि उसे आधा दर्जन से अधिक गोलियां मारी गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

सूचना पर पहुंची पुलिस, शव भेजा गया पोस्टमार्टम के लिए

घटना की जानकारी मिलते ही चरकापथर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

नक्सली घटनाओं में रहा है नाम

लखन यादव झाझा जीआरपी लूटकांड, बोंगी क्षेत्र में सड़क निर्माण कंपनी की जेसीबी मशीन जलाने समेत कई नक्सली मामलों का आरोपी रहा है. वर्ष 2020 में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था और उसकी निशानदेही पर उसके घर के पास से हथियारों का जखीरा भी बरामद किया गया था. फिलहाल वह जमानत पर बाहर था.

पारिवारिक स्थिति और जांच के बिंदु

परिवारिक सूत्रों के अनुसार मृतक ने दो शादियां की थीं. पहली पत्नी से एक पुत्र और एक पुत्री हैं, जबकि दूसरी पत्नी से एक पुत्र है. पुलिस हत्या के कारणों, आपराधिक पृष्ठभूमि और आपसी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें-बिहार के इस जिले में फिरौती के लिए अगवा युवक सकुशल बरामद, दबोचे गए 4 आरोपी

Bihar News : बिहार में बालू माफियाओं का दुस्साहस, कार्रवाई करने पहुंचे वन अधिकारी पर जानलेवा हमला, डंडे से पीटा

वन अधिकारी पर जानलेवा हमला
वन अधिकारी पर जानलेवा हमला.

Bihar News : गयाजी जिले के शेरघाटी अनुमंडल में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान वन विभाग के अधिकारी पर जानलेवा हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है. बाराचट्टी थाना क्षेत्र के भलुआ इलाके में यह वारदात हुई, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.

अवैध बालू उठाव की सूचना पर पहुंची थी टीम

मोहाने नदी के पास वन क्षेत्र से गैरकानूनी रूप से बालू उठाव की जानकारी मिलने पर बाराचट्टी के वन क्षेत्र पदाधिकारी अरविंद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे. बताया जाता है कि उस समय वहां पहले से ही बालू माफिया सक्रिय थे.

माफियाओं ने घेरकर किया हमला

जैसे ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, बालू माफियाओं ने अधिकारी को चारों ओर से घेर लिया. कुछ ही देर में लाठियों से हमला शुरू कर दिया गया. अचानक हुए इस हमले में रेंजर अरविंद कुमार के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्हें बेरहमी से पीटा गया और वे खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े.

घायल अधिकारी अस्पताल में भर्ती

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल वन अधिकारी को तुरंत बाराचट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें निगरानी में रखा गया है.

पुलिस जांच में जुटी, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया. बाराचट्टी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने वाले अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

इसे भी पढ़ें-खुशखबरी! पटना से केवल ₹150 में अब पहुंचेंगे बिहार के 40 प्रमुख पर्यटन स्थलों तक, जानें डिटेल्स

इसे भी पढ़ें-बिहार में AI से बढ़ेगी खेती, स्वास्थ्य और रोजगार की संभावनाएं, जानें डिटेल्स

इसे भी पढ़ें-बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, कोहरे और ठंड के बीच नया साल, जानें मौसम का हाल