18.1 C
Delhi
18 February 2026, Wednesday
Home Blog Page 68

Bhagalpur News : राष्ट्रीय लोक अदालत में उमड़ा न्याय का भरोसा; हजारों मुकदमों के त्वरित निष्पादन की पहल

राष्ट्रीय लोक अदालत में उमड़ा न्याय का भरोसा
राष्ट्रीय लोक अदालत में उमड़ा न्याय का भरोसा.

Bhagalpur News : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, भागलपुर के तत्वावधान में शनिवार को व्यवहार न्यायालय भागलपुर, नवगछिया एवं कहलगांव के परिसरों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया. लोक अदालत की शुरुआत पूर्वाह्न 10:30 बजे हुई.

दीप प्रज्वलन कर किया गया उद्घाटन

व्यवहार न्यायालय, भागलपुर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री धर्मेंद्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी तथा वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदय कांत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया. इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

हजारों मामलों का त्वरित निष्पादन

जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल लगभग 23 हजार मामले आए, जिनमें करीब 17 हजार प्री-लिटिगेशन स्टेज तथा 7 हजार पोस्ट-लिटिगेशन स्टेज के मामले शामिल थे. इनमें से अब तक 1700 प्री-लिटिगेशन और 350 पोस्ट-लिटिगेशन मामलों का आपसी सुलह के आधार पर निष्पादन किया जा चुका है.

छोटे मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि छोटे-छोटे न्यायालयीन मामलों का त्वरित निष्पादन और राजस्व से जुड़े विवादों का ग्राम कचहरी स्तर पर आपसी समझ से समाधान किया जाए तो न्यायालयों पर बोझ कम होगा. इससे माननीय न्यायाधीश गंभीर प्रकृति के मामलों पर अधिक प्रभावी ढंग से ध्यान केंद्रित कर सकेंगे.

इन मामलों का होता है निपटारा

राष्ट्रीय लोक अदालत में शमनीय आपराधिक वाद, एनआई एक्ट की धारा 138 से जुड़े मामले, बैंक ऋण वसूली, मोटर दुर्घटना दावा, श्रम विवाद, बिजली-पानी बिल, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, सेवा संबंधी, राजस्व तथा अन्य दीवानी मामलों का आपसी सहमति से त्वरित निपटारा किया जाता है.

संपर्क व सहायता

राष्ट्रीय लोक अदालत एवं विधिक सहायता से संबंधित जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, व्यवहार न्यायालय भागलपुर के टॉल फ्री हेल्पलाइन 15100, फोन नंबर 0641-2401017 अथवा ईमेल bslsalokadalat@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है.

इसे भी पढ़ें-भागलपुर में चुनावी जिम्मेदारी निभाने वालों को मिला सम्मान, DM ने सौंपे प्रशस्ति पत्र

Bhagalpur News : भागलपुर में चुनावी जिम्मेदारी निभाने वालों को मिला सम्मान, DM ने सौंपे प्रशस्ति पत्र

भागलपुर में चुनावी जिम्मेदारी निभाने वालों को मिला सम्मान
भागलपुर में चुनावी जिम्मेदारी निभाने वालों को मिला सम्मान.

Bhagalpur News : भागलपुर सिटी के टाउन हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम और बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया.

कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा, नगर आयुक्त शुभम कुमार तथा नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह उपस्थित रहे.

डीएम बोले—चुनौती को अवसर में बदला

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एक बड़ी चुनौती था, जिसे बीएलओ, उनके सहयोगी कर्मियों तथा प्रखंड, अनुमंडल और जिला स्तर के अधिकारियों ने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सफल बनाया. उन्होंने कहा कि बिहार पहला राज्य था, जहां इस कार्य के लिए सख्त टाइमलाइन तय की गई थी, लेकिन सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे कर लिए गए, किसी भी स्तर पर समय बढ़ाने की आवश्यकता नहीं पड़ी.

जिलाधिकारी ने कहा कि बेहतर तैयारी का ही परिणाम था कि चुनाव के दिन किसी भी बूथ पर मतदाता सूची से नाम कटने या मतदान से वंचित होने की कोई शिकायत सामने नहीं आई. किसी भी बूथ लेवल एजेंट या पोलिंग एजेंट ने असंतोष व्यक्त नहीं किया, जो पूरी प्रक्रिया की शुद्धता और पारदर्शिता को दर्शाता है.

शांतिपूर्ण चुनाव के लिए समन्वय की सराहना

डीएम ने बताया कि उनके स्तर से 13 बार राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें की गईं, जबकि अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर भी नियमित संवाद बनाए रखा गया. उन्होंने सभी थाना अध्यक्षों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और वरीय पुलिस अधीक्षक का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस-प्रशासन के बेहतर समन्वय से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम और उसके बाद विधानसभा आम निर्वाचन 2025 शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ.

एसएसपी ने भी की प्रशंसा

वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने भी निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान आए किसी भी प्रेक्षक ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई और न ही कहीं से कोई नकारात्मक फीडबैक मिला. यह उपलब्धि सभी कर्मियों की मेहनत, अनुशासन और टीमवर्क का परिणाम है, जिसके कारण भागलपुर में चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.

इसे भी पढ़ें-टीएनबी कॉलेज बनी इंटर कॉलेज महिला खो-खो की चैंपियन, एसएम को हराया फाइनल में

इसे भी पढ़ें-टीएमबीयू ने स्नातक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी, 15 दिसंबर से भरे जाएंगे फॉर्म

Bihar News : बक्सर में धूं-धूं कर जलने लगा राजपुर पावर ग्रिड, समय रहते पाया काबू, बड़ा हादसा टला

बक्सर के राजपुर पावर ग्रिड में अचानक लगी आग
बक्सर के राजपुर पावर ग्रिड में अचानक लगी आग

Bihar News : बिहार के बक्सर में राजपुर पावर ग्रिड में शनिवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. आग की लपटें उठती देख आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और थर्मल पावर प्लांट के कर्मियों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया. कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया.

अफरातफरी के बीच रोकी गई बिजली आपूर्ति

आग की गंभीरता को देखते हुए एहतियातन पावर ग्रिड की बिजली सप्लाई तुरंत बंद कर दी गई. इसके कारण आसपास के कई इलाकों में कुछ समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही. हालांकि प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

उपकरणों को नुकसान की आशंका

प्रारंभिक आकलन में ग्रिड के कुछ उपकरणों को नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए प्रशासन और विद्युत विभाग की टीम जांच में जुट गई है.

स्थिति सामान्य होने की प्रक्रिया शुरू

आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल करने की तैयारी शुरू कर दी गई है. विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक मरम्मत कर आपूर्ति को सामान्य कर दिया जाएगा.

इसे भी पढ़ें-पटना में दबंगों पर कसा शिकंजा, DM–SP का कड़ा रुख; थानेदार को शोकॉज, कर्मचारी पर कार्रवाई की तलवार

इसे भी पढ़ें-नितिन नवीन का बड़ा कदम: पटना को मिलेगा स्मार्ट लुक; 25 स्थानों पर विकसित होंगे वेंडिंग जोन

इसे भी पढ़ें- सम्राट चौधरी की दो-टूक—बिहार में गुंडा बैंक की दुकान अब बंद; सूदखोरों पर जल्द होगी कार्रवाई

Aaj ka Panchang 13 December 2025 : आज विरोधियों को परास्त करने के लिए रणनीति बनाने का दिन, होंगे सफल

आज का पंचांग
Aaj Ka Panchang 13 February 2026.

Aaj ka Panchang 13 December 2025 : शनिवार, 13 दिसंबर 2025 को पौष मास के कृष्ण पक्ष की नवमी तिथि है. धर्मशास्त्रों में इस तिथि को सामान्य शुभ कार्यों के लिए उपयुक्त नहीं माना गया है. मान्यता है कि इस दिन यमदेव और शक्ति स्वरूपा दुर्गा का प्रभाव रहता है, इसलिए विवेक और संयम के साथ दिन व्यतीत करना श्रेष्ठ रहता है. हालांकि शत्रुओं पर विजय अथवा विरोधियों से निपटने की योजना बनाने के लिए यह दिन उपयोगी माना गया है.

आज का पंचांग (Aaj ka Panchang 13 December 2025)

  1. विक्रम संवत: 2082
  2. मास: पौष
  3. पक्ष: कृष्ण
  4. तिथि: नवमी
  5. वार: शनिवार
  6. योग: आयुष्मान
  7. नक्षत्र: उत्तरा फाल्गुनी
  8. करण: गर
  9. चंद्र राशि: कन्या
  10. सूर्य राशि: वृश्चिक

सूर्य और चंद्र की स्थिति

  1. सूर्योदय: प्रातः 07:11 बजे
  2. सूर्यास्त: सायं 05:55 बजे
  3. चंद्रोदय: रात्रि 01:57 बजे (14 दिसंबर)
  4. चंद्रास्त: दोपहर 01:07 बजे

आज चंद्रमा कन्या राशि में स्थित रहकर उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र में भ्रमण करेगा. इस नक्षत्र के अधिष्ठाता देव अर्यम और स्वामी सूर्य माने गए हैं. शास्त्रों में इसे स्थिर स्वभाव वाला नक्षत्र बताया गया है.

किन कार्यों के लिए अनुकूल है उत्तरा फाल्गुनी

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह नक्षत्र कुआं खुदवाने, नींव डालने, वृक्षारोपण, यज्ञ-कर्म, देव स्थापना, मंदिर निर्माण, भूमि क्रय, शिक्षा आरंभ और ऐसे सभी कार्यों के लिए अनुकूल माना जाता है जिनका प्रभाव लंबे समय तक बना रहे.

आज के दिन का वर्जित समय

  • राहुकाल: सुबह 09:52 से 11:12 बजे तक
  • यमगंड: दोपहर 13:54 से 15:14 बजे तक

पंचांग के अनुसार राहुकाल, यमगंड, गुलिक काल, दुमुहूर्त और वर्ज्यम् के दौरान शुभ कार्यों से परहेज करना ही उचित रहता है. दिन की गतिविधियों की योजना बनाते समय इन कालों को ध्यान में रखना लाभकारी माना गया है.

इसे भी पढ़ें-अमला योग का शुभ प्रभाव, मेष–मिथुन–कन्या सहित कई राशियों पर भाग्य मेहरबान

Japanese Diet : 100 साल तक कैसे रहते हैं जापानी एक्टिव और एनर्जेटिक; जापानियों की लंबी उम्र का क्या है राज? जानें डिटेल्स

100 साल तक कैसे रहते हैं जापानी एक्टिव और एनर्जेटिक
100 साल तक कैसे रहते हैं जापानी एक्टिव और एनर्जेटिक.

Japanese Diet : आजकल की तेज़ जीवनशैली और खान-पान की आदतों के कारण लोग जल्दी थक जाते हैं. 30 या 40 साल की उम्र तक कमर, घुटनों और शरीर में दर्द की शिकायत आम हो जाती है. हल्की सी दौड़ या टहलना भी थकावट ला देता है. वजन कम करना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में कई लोग सोचते हैं कि 60 साल की उम्र के बाद उनका स्वास्थ्य कैसा रहेगा. जापानी लोग सौ साल की उम्र तक सक्रिय और स्वस्थ रहते हैं. इसका रहस्य उनकी लाइफस्टाइल और खाने की आदतों में छुपा है.

पौष्टिक और संतुलित भोजन

जापानी लोग अपनी डाइट में पौष्टिकता और हल्कापन बनाए रखते हैं. उनके भोजन में ताजी सब्जियां, सी-फूड और मौसमी फल शामिल होते हैं. मसाले और नमक बहुत कम इस्तेमाल किए जाते हैं. हल्का और संतुलित खाना उनके स्वास्थ्य और ऊर्जा का मुख्य आधार है. वे ‘हारा हाची बू’ तकनीक का पालन करते हैं, जिससे लंबे समय तक सक्रिय रहना संभव होता है.

‘हारा हाची बू’ तकनीक

‘हारा हाची बू’ का अर्थ है खाना तब तक खाना जब तक पेट लगभग 80 प्रतिशत भरा हो. 20 प्रतिशत जगह खाली रहनी चाहिए. इसका मतलब है कि न ज्यादा खाया जाए और न कम. इस तकनीक का पालन करने वाले अपने शरीर को उतना ही भोजन देते हैं जितना आराम से पचा सके. इससे पेट भारी नहीं होता और पाचन तंत्र मजबूत रहता है.

बचपन से आदत डालना

जापानी माताएं अपने बच्चों को बचपन से ही सीमित मात्रा में खाना खाने की आदत डालती हैं. यह आदत पाचन प्रणाली को मजबूत रखती है और पेट को स्वस्थ बनाए रखती है. जापान के कई हिस्सों में बच्चे, युवा और बुजुर्ग भी इस तकनीक का पालन करते हैं. यह आलस्य को रोकती है और पूरे दिन शरीर को ऊर्जावान बनाती है.

लंबी उम्र में योगदान

ओकिनावा के लोग, जिन्होंने 100 साल से अधिक उम्र जी है, अपनी लंबी उम्र का श्रेय हारा हाची बू को देते हैं. अमेरिकन जर्नल ऑफ लाइफस्टाइल मेडिसिन की 2016 स्टडी बताती है कि आवश्यकता से अधिक खाने से बचने पर कोशिकाओं की सेहत बनी रहती है और उम्र बढ़ने की प्रक्रिया धीमी होती है.

वजन और स्वास्थ्य पर लाभ

Japanese Diet : 100 साल तक कैसे रहते हैं जापानी एक्टिव और एनर्जेटिक; जापानियों की लंबी उम्र का क्या है राज? जानें डिटेल्स Japanese Diet 1
जापान के लोग क्यों जीते हैं 100 साल तक? 

हारा हाची बू खाने की आदत भूख और अधिक खाने की इच्छा को नियंत्रित करती है. पेट को 20 प्रतिशत खाली रखने से वजन बढ़ने का खतरा कम होता है. यह भूख को संतुलित करती है और पेट भरा हुआ महसूस कराती है. जर्नल ऑफ ईटिंग डिसऑर्डर्स में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, यह ब्लड शुगर संतुलित रखती है, शरीर में सूजन को नियंत्रित करती है और दिल की बीमारी का जोखिम घटाती है.

डॉक्टरी सलाह और सक्रिय जीवन

डॉ. तरंग के अनुसार, यह तकनीक वजन नियंत्रित रखने और पाचन को बेहतर बनाने में मदद करती है. जापानी लोग इसके पालन से पूरे दिन सक्रिय और ऊर्जावान रहते हैं. हारा हाची बू तकनीक उन्हें आलस्य से बचाती है और शरीर को लंबे समय तक स्वस्थ बनाए रखती है.

सदियों पुरानी परंपरा

जापान में यह प्रिंसिपल पीढ़ी दर पीढ़ी चला आ रहा है. बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक इसे अपनाते हैं. 90 साल से ऊपर के लोग भी इस तकनीक का पालन करते हैं. इसका असर लंबी उम्र, बेहतर पाचन और ऊर्जावान जीवन पर दिखाई देता है. हारा हाची बू तकनीक जापानियों को सौ साल की उम्र तक सक्रिय और स्वस्थ बनाए रखने में मदद करती है.

Disclaimer: इस रिपोर्ट में दी गई स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और सुझाव केवल सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से हैं. यह जानकारी उपलब्ध शोध, अध्ययनों और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. किसी भी उपाय या पद्धति को अपनाने से पहले उसकी पूरी जानकारी लें और अपने चिकित्सक या स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह अवश्य करें.

इसे भी पढ़ें-क्रिसमस पर बनाएं रिच-फ्लेवर वाला क्लासिक रम केक, जिसकी हर बाइट दिल जीत लेगी

इसे भी पढ़ें-शाहरुख खान की प्लेट में क्या है खास? जानिए 5 पसंदीदा खाने, जो हैं दिल के सबसे करीब

इसे भी पढ़ें-सुबह की हेल्दी शुरुआत के लिए परफेक्ट डिश, आसान विधि सीखें

इसे भी पढ़ें-मुंबई का फेमस स्ट्रीट फूड घर पर बनाइए, मिनटों में तैयार हो जाएगी चटपटी रगड़ा चाट

इसे भी पढ़ें-हार्ट अटैक आने से 10 साल पहले मिलते हैं ये संकेत, पहचानकर बच सकती है जान

इसे भी पढ़ें-AI सेहत के लिए कितना सुरक्षित? जानें कैसे चैटबॉट्स बन सकते हैं मेंटल हेल्थ का खतरा

इसे भी पढ़ें-लिपस्टिक का दोबारा इस्तेमाल ऐसे करें कि सब पूछें ‘कौन-सा प्रोडक्ट है?’

इसे भी पढ़ें-महंगे कपड़े पहनकर भी लगते हो सस्ते? जानिए क्यों

Dhurandhar Box Office Collection Day 8 : बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ की धूम, आठवें दिन की कमाई से ‘वॉर 2’ का रिकॉर्ड ध्वस्त

बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' की धूम
बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' की धूम.

Dhurandhar Box Office Collection Day 8 : रणवीर सिंह स्टारर फिल्म धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर अपने दूसरे वीकेंड में भी रफ्तार पकड़े हुए है. जिस तरह फिल्म की कहानी और प्रस्तुति को दर्शकों का समर्थन मिल रहा है, उसी तरह इसकी कमाई भी लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है. दूसरे शुक्रवार यानी आठवें दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर साबित कर दिया कि इसकी पकड़ अभी कमजोर नहीं हुई है. भारत में फिल्म 250 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन भी तेजी से 300 करोड़ रुपये के आंकड़े की ओर बढ़ रहा है.

शानदार ओपनिंग से ही मजबूत रही कमाई

फिल्म धुरंधर ने पहले दिन 28.60 करोड़ रुपये की दमदार ओपनिंग की थी. दूसरे दिन फिल्म की कमाई बढ़कर 33.10 करोड़ रुपये पहुंच गई, वहीं पहले रविवार को फिल्म ने 44.80 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया. इस तरह फिल्म ने पहले वीकेंड में ही भारत में 106.50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन 160.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था.

पहले हफ्ते में पार किया 200 करोड़ का आंकड़ा

पहले सोमवार को फिल्म ने 24.30 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि पांचवें दिन 28.60 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ. इसके साथ ही फिल्म ने महज पांच दिनों में 150 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर भारत में 159.40 करोड़ रुपये कमा लिए थे. छठे दिन फिल्म ने 29.20 करोड़ रुपये और सातवें दिन 29.40 करोड़ रुपये की मजबूत कमाई दर्ज की. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पहले सात दिनों में ही फिल्म का घरेलू कलेक्शन 218.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था.

धुरंधर डे वाइज कलेक्शन (ऑफिशियल)

डेकमाई (धुरंधर घरेलू बॉक्स ऑफिस)
128.60 करोड़ रुपये (कमाई का ऑफिशियल आंकड़ा)
233.10 करोड़ रुपये (कमाई का ऑफिशियल आंकड़ा)
344.80 करोड़ रुपये (कमाई का ऑफिशियल आंकड़ा)
424.30 करोड़ रुपये (कमाई का ऑफिशियल आंकड़ा)
528.60 करोड़ रुपये (कमाई का ऑफिशियल आंकड़ा)
629.40 करोड़ रुपये (कमाई का ऑफिशियल आंकड़ा)
729.40 करोड़ रुपये (कमाई का ऑफिशियल आंकड़ा)
834.52 करोड़ रुपये (कमाई का ऑफिशियल आंकड़ा)
कुल252.70 करोड़ रुपये (नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन)

आठवें दिन मचाया बॉक्स ऑफिस पर गदर

दूसरे शुक्रवार को धुरंधर ने एक बार फिर जोरदार छलांग लगाई. आठवें दिन फिल्म ने 34.70 करोड़ रुपये की कमाई की, जो इसकी तीसरी सबसे बड़ी दैनिक कमाई रही. इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन 252.70 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. इस शानदार प्रदर्शन के साथ धुरंधर ने ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की स्पाई एक्शन फिल्म वॉर 2 के घरेलू कलेक्शन 236 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.

टॉप-5 सबसे कमाऊ फिल्मों में शामिल

आठवें दिन की कमाई के बाद धुरंधर साल की पांच सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में भी शामिल हो गई है. ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यही रफ्तार बनी रही, तो फिल्म आने वाले दिनों में और भी बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है.

शुक्रवार को ऑक्यूपेंसी भी रही मजबूत

शुक्रवार को हिंदी बेल्ट में फिल्म का ओवरऑल ऑक्यूपेंसी रेट 45.81 प्रतिशत दर्ज किया गया. मॉर्निंग शो में 19.64 प्रतिशत, दोपहर के शो में 37.37 प्रतिशत, इवनिंग शो में 53.08 प्रतिशत और नाइट शो में 73.16 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रही. यह आंकड़े साफ तौर पर दर्शाते हैं कि वर्ड ऑफ माउथ का असर अभी भी फिल्म के पक्ष में है.

स्टारकास्ट और निर्देशन की भी हो रही सराहना

उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक के निर्देशक आदित्य धर ने धुरंधर के जरिए एक बार फिर दर्शकों और ट्रेड को प्रभावित किया है. रणवीर सिंह के साथ फिल्म में अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर. माधवन जैसे मजबूत कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. फिल्म की कहानी, निर्देशन और अभिनय तीनों ही इसकी बॉक्स ऑफिस सफलता की बड़ी वजह मानी जा रही है.

इसे भी पढ़ें-रणवीर सिंह की फिल्म ने आमिर खान का पार किया रिकॉर्ड, अब किनकी बारी?

इसे भी पढ़ें-बिग बॉस फिनाले से पहले हड़कंप — धमकी मिलने के बाद पवन सिंह की सुरक्षा कड़ी

Delhi Metro Golden Line : दक्षिण दिल्ली को मिलेगी नई मेट्रो की सौगात, ‘गोल्डन लाइन’ का काम शुरू, रूट तय

दिल्ली मेट्रो का दक्षिणी इलाकों में विस्तार
दिल्ली मेट्रो का दक्षिणी इलाकों में विस्तार .

Delhi Metro Golden Line: राजधानी दिल्ली के दक्षिणी इलाकों में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार होने जा रहा है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने फेज-IV विस्तार योजना के तहत लाजपत नगर से साकेत जी-ब्लॉक के बीच प्रस्तावित गोल्डन लाइन (लाइन-11) के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी है. यह नया कॉरिडोर उन इलाकों को मेट्रो से जोड़ेगा, जहां अब तक कनेक्टिविटी सीमित रही है.

भूमिपूजन के साथ सिविल कार्य की शुरुआत

गोल्डन लाइन के निर्माण की औपचारिक शुरुआत साकेत स्थित पुष्पा भवन के पास प्रतीकात्मक भूमिपूजन और पहले ‘टेस्ट पाइल’ के साथ की गई. इसके साथ ही मेट्रो इंजीनियरों ने इस कॉरिडोर पर सिविल निर्माण कार्य शुरू कर दिया है. डीएमआरसी फेज-IV के प्राथमिक कॉरिडोरों के बाद अब इस महत्वपूर्ण मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है.

Delhi Metro Golden Line : दक्षिण दिल्ली को मिलेगी नई मेट्रो की सौगात, 'गोल्डन लाइन' का काम शुरू, रूट तय Delhi Metro Golden Line
डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल व टीम.

पूरी तरह एलिवेटेड होगा कॉरिडोर

डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि यह परियोजना दक्षिण दिल्ली के लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी. यह कॉरिडोर कई घनी आबादी वाले इलाकों को जोड़ते हुए मौजूदा मेट्रो नेटवर्क के साथ सहज एकीकरण करेगा. उन्होंने कहा कि करीब आठ स्टेशनों वाला यह मार्ग पूरी तरह एलिवेटेड होगा.

इन इलाकों से होकर गुजरेगी गोल्डन लाइन

गोल्डन लाइन के तहत प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन इस प्रकार हैं—

  • लाजपत नगर
  • एंड्रूज गंज
  • ग्रेटर कैलाश-1
  • चिराग दिल्ली
  • पुष्पा भवन
  • साकेत डिस्ट्रिक्ट सेंटर
  • पुष्प विहार
  • साकेत जी-ब्लॉक

दक्षिण दिल्ली की ‘रीढ़’ बनेगी यह लाइन

अनुज दयाल ने कहा कि गोल्डन लाइन को दक्षिण दिल्ली की रीढ़ कहा जा सकता है. इन क्षेत्रों में न केवल घनी रिहायशी आबादी है, बल्कि कई प्रमुख स्कूल, सरकारी कार्यालय और व्यावसायिक केंद्र भी स्थित हैं. इस लाइन के शुरू होने से सुबह-शाम सड़कों पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है.

Delhi Metro Golden Line : दक्षिण दिल्ली को मिलेगी नई मेट्रो की सौगात, 'गोल्डन लाइन' का काम शुरू, रूट तय Delhi Metro Golden Line 2
प्रस्तावित गोल्डन लाइन (लाइन‑11) के निर्माण का कार्य शुरू.

तीन लाइनों से जुड़ेगा लाजपत नगर

उन्होंने बताया कि यह नई लाइन चिराग दिल्ली स्टेशन पर मैजेंटा लाइन से जुड़ेगी, जबकि लाजपत नगर पर वायलेट लाइन और पिंक लाइन से इंटरचेंज मिलेगा. इसके बाद लाजपत नगर दिल्ली का एक प्रमुख ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन बन जाएगा, जो भविष्य में दक्षिण दिल्ली का बड़ा यातायात केंद्र साबित हो सकता है.

कनेक्टिविटी के साथ पर्यावरण पर भी फोकस

डीएमआरसी के अनुसार, मेट्रो विस्तार का उद्देश्य केवल कनेक्टिविटी बढ़ाना नहीं है, बल्कि पर्यावरणीय स्थिरता और यात्रियों की सुविधा को भी प्राथमिकता देना है. इसी सोच के चलते दिल्ली मेट्रो देश में सार्वजनिक परिवहन का मजबूत उदाहरण बन चुकी है.

फेज-IV में अन्य कॉरिडोरों पर भी काम जारी

फेज-IV विस्तार के तहत इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ और रिठाला से नरेला के बीच प्रस्तावित कॉरिडोरों पर भी निविदा और पूर्व-निर्माण गतिविधियां चल रही हैं. इन नए मार्गों के शुरू होने से राजधानी में प्रतिदिन यात्रा करने वाले 50 लाख से अधिक यात्रियों का दबाव विभाजित होगा और निजी वाहनों पर निर्भरता घटेगी.

यातायात के बोझ से मिलेगी राहत

गौरतलब है कि 2010 के कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद से दिल्ली मेट्रो लगातार अपने नेटवर्क का विस्तार कर रही है. तेजी से बढ़ती आबादी और ट्रैफिक के दबाव के बीच गोल्डन लाइन जैसे नए कॉरिडोर न केवल आवागमन को आसान बनाएंगे, बल्कि शहर को कुछ हद तक सुकून भी देंगे.

इसे भी पढ़ें-दिल्ली के कालकाजी में दर्दनाक घटना, मां ने दो बेटों संग दी जान, सामने आया चौंकाने वाला कारण

इसे भी पढ़ें-दिल्ली में निजी स्कूलों की फीस पर सरकार की सख्ती, नया रेगुलेशन कानून लागू

इसे भी पढ़ें-अमला योग का शुभ प्रभाव, मेष–मिथुन–कन्या सहित कई राशियों पर भाग्य मेहरबान

Delhi School : दिल्ली में निजी स्कूलों की फीस पर सरकार की सख्ती, नया रेगुलेशन कानून लागू

Delhi Education Minister Ashish Sood
Delhi Education Minister Ashish Sood.

Delhi School : राजधानी दिल्ली में निजी स्कूलों द्वारा लगातार फीस बढ़ाए जाने की शिकायतों के बीच दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. सरकार ने दिल्ली स्कूल शिक्षा (शुल्क निर्धारण और विनियमन में पारदर्शिता) अधिनियम, 2025 को लागू कर दिया है. सरकार का दावा है कि यह कानून बीते 27 वर्षों में शिक्षा क्षेत्र में किया गया सबसे बड़ा सुधार है, जिसका उद्देश्य अभिभावकों को राहत देना और बच्चों की पढ़ाई को आर्थिक बोझ से मुक्त करना है.

कौन-कौन से शुल्क ही ले सकेंगे स्कूल

नए फीस रेगुलेशन कानून के तहत अब सभी निजी मान्यता प्राप्त स्कूल केवल निर्धारित शुल्क ही वसूल सकेंगे. इनमें पंजीकरण शुल्क 25 रुपये, प्रवेश शुल्क 200 रुपये और कॉशन मनी अधिकतम 500 रुपये निर्धारित की गई है, जिसे ब्याज सहित लौटाना अनिवार्य होगा. विकास शुल्क वार्षिक ट्यूशन फीस के 10 प्रतिशत से अधिक नहीं लिया जा सकेगा. इसके अलावा, किसी भी प्रकार का सेवा आधारित शुल्क केवल नो-प्रॉफिट, नो-लॉस के आधार पर ही लिया जा सकेगा. जिस सेवा का छात्र उपयोग नहीं करेगा, उसके लिए शुल्क वसूलना प्रतिबंधित होगा.

लेखा व्यवस्था होगी पूरी तरह पारदर्शी

फीस रेगुलेशन एक्ट, 2025 के तहत स्कूलों की अकाउंटिंग व्यवस्था को भी पारदर्शी बनाया गया है. प्रत्येक प्रकार की फीस के लिए अलग-अलग लेखा पुस्तिकाएं रखनी होंगी. स्कूलों को फिक्स्ड एसेट रजिस्टर बनाए रखना होगा और कर्मचारियों के लाभों के लिए वित्तीय प्रावधान करना अनिवार्य होगा. छात्रों से एकत्र की गई राशि को किसी अन्य ट्रस्ट या संस्था में स्थानांतरित नहीं किया जा सकेगा. यदि कोई अतिरिक्त राशि बचती है तो उसे अभिभावकों को लौटाना होगा या भविष्य की फीस में समायोजित करना होगा.

तीन साल तक स्थिर रहेगी फीस

नए कानून के अनुसार, हर स्कूल को प्रत्येक वर्ष 15 जुलाई तक स्कूल-स्तरीय शुल्क विनियमन समिति का गठन करना होगा. इस समिति में लॉटरी के माध्यम से चुने गए पांच अभिभावक, महिला प्रतिनिधित्व, एससी-एसटी और पिछड़े वर्गों के प्रतिनिधि, शिक्षा निदेशालय का प्रतिनिधि शामिल होगा. स्कूल प्रबंधन समिति का अध्यक्ष इसका नेतृत्व करेगा. स्कूलों को अपनी प्रस्तावित फीस 31 जुलाई तक समिति को सौंपनी होगी. समिति फीस को मंजूरी दे सकती है या घटा सकती है, लेकिन बढ़ा नहीं सकेगी. एक बार तय होने के बाद फीस तीन शैक्षणिक सत्रों तक नहीं बढ़ाई जा सकेगी.

फीस संरचना सार्वजनिक करना अनिवार्य

स्वीकृत फीस संरचना को स्कूल के नोटिस बोर्ड पर हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा. इसके साथ-साथ स्कूलों को यह जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड करनी होगी, ताकि अभिभावकों को पूरी पारदर्शिता मिल सके.

फीस देरी पर बच्चों के खिलाफ कार्रवाई पर रोक

फीस रेगुलेशन एक्ट, 2025 में यह भी स्पष्ट किया गया है कि फीस जमा न होने या देरी होने की स्थिति में बच्चों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जा सकेगी. छात्रों का नाम स्कूल से नहीं काटा जाएगा, न ही परीक्षा परिणाम रोके जाएंगे और न ही उन्हें कक्षा में प्रवेश से वंचित किया जाएगा. यह कानून दिल्ली के सभी निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा.

सरकार का कहना है कि इस कानून से न केवल फीस व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी, बल्कि अभिभावकों का भरोसा भी बहाल होगा और शिक्षा को व्यवसाय बनने से रोका जा सकेगा.

इसे भी पढ़ें-दिल्ली के कालकाजी में दर्दनाक घटना, मां ने दो बेटों संग दी जान, सामने आया चौंकाने वाला कारण

Delhi Kalkaji Suicide Case: दिल्ली के कालकाजी में दर्दनाक घटना, मां ने दो बेटों संग दी जान, सामने आया चौंकाने वाला कारण

मौत
सांकेतिक तस्वीर.

Delhi News : दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी इलाके कालकाजी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रही एक महिला ने अपने दो बेटों के साथ आत्महत्या कर ली. यह घटना कालकाजी के जी ब्लॉक की है, जहां एक ही घर से तीन लोगों के शव बरामद किए गए. इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है.

कोर्ट ऑर्डर की तामील के दौरान हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार, मामले का खुलासा दोपहर 2.47 बजे उस समय हुआ जब पुलिस प्रॉपर्टी के पज़ेशन से जुड़े कोर्ट आदेश को तामील कराने के लिए संबंधित मकान पर पहुंची थी. साउथ-ईस्ट जिले के डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि पुलिस ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. कई बार आवाज देने के बाद भी प्रतिक्रिया न मिलने पर डुप्लीकेट चाबी की मदद से दरवाजा खोला गया.

कमरे से मिला सुसाइड नोट

घर के अंदर प्रवेश करने पर पुलिस को एक कमरे में महिला और उसके दोनों बेटों के शव मिले. प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई गई है. पुलिस को मौके से एक हाथ से लिखा हुआ सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें परिवार की परेशानियों का जिक्र है. नोट से यह संकेत मिलता है कि परिवार लंबे समय से डिप्रेशन और आर्थिक दबाव से गुजर रहा था.

आर्थिक तंगी की ओर इशारा

डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि सुसाइड नोट में परिवार को हो रही परेशानियों का उल्लेख है, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव इस कदम की मुख्य वजह हो सकती है. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए एम्स की मोर्चरी भेज दिया है.

मामले की गहराई से जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच के दौरान परिवार की आर्थिक स्थिति, सामाजिक पृष्ठभूमि और हालिया परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है.

पड़ोसियों ने बताई चौंकाने वाली बातें

पड़ोसियों के अनुसार, इस घटना से पूरा इलाका सदमे में है. स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवार अधिकतर अपने में ही रहता था और आसपास के लोगों से बहुत कम बातचीत करता था. एक पड़ोसी ने बताया कि सुबह काम पर जाते समय उसने घर के बाहर भीड़ और कई पुलिस गाड़ियों को देखा, तब उसे इस दुखद घटना की जानकारी मिली.

पहले भी आत्महत्या की कोशिश का दावा

एक अन्य पड़ोसी ने दावा किया कि परिवार ने पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी, उस समय पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची थीं. हालांकि पुलिस ने इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस रिश्तेदारों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों को समझा जा सके.

इसे भी पढ़ें-इंडिगो पर बढ़ी निगरानी: डीजीसीए के बाद अब सीसीआई ने भी शुरू की जांच

Aaj Ka Rashifal 13 December 2025 : अमला योग का शुभ प्रभाव, मेष–मिथुन–कन्या सहित कई राशियों पर भाग्य मेहरबान

Aaj Ka Rashifal 13 December 2025
Aaj Ka Rashifal 13 December 2025.

Aaj Ka Rashifal 13 December 2025 : 13 दिसंबर 2025, शनिवार का दिन ग्रह-नक्षत्रों की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है. ज्योतिषीय गणना के अनुसार आज चंद्रमा पूरे दिन और रात कन्या राशि में गोचर करेगा. इस दौरान चंद्रमा और शनि के बीच समसप्तक योग का निर्माण हो रहा है. साथ ही चंद्रमा से दशम भाव में गुरु की स्थिति के कारण अमला योग बन रहा है, जो मान-सम्मान, कार्यक्षेत्र में सफलता और आर्थिक उन्नति का संकेतक माना जाता है.

इन शुभ योगों का प्रभाव सभी राशियों पर पड़ेगा, हालांकि मेष, मिथुन और कन्या राशि के जातकों के लिए दिन विशेष रूप से लाभदायक रहने वाला है. आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का विस्तृत राशिफल.

मेष राशि : खर्चों पर नियंत्रण जरूरी

मेष राशि वालों के लिए आज का दिन सामान्य से अच्छा कहा जा सकता है. आज आपकी सफलता पूरी तरह आपके परिश्रम और प्रयासों पर निर्भर करेगी, इसलिए आलस्य और टालमटोल से बचना आवश्यक होगा. दूसरों के मामलों में हस्तक्षेप करने से बचें, अन्यथा अनावश्यक विवाद में फंस सकते हैं. नौकरीपेशा लोगों के लिए दिन सकारात्मक संकेत दे रहा है. सहकर्मियों के साथ बेहतर तालमेल बनेगा और पूर्व में किए गए कार्यों के लिए सराहना मिल सकती है. सामाजिक क्षेत्र में प्रभाव बढ़ेगा. हालांकि खर्चों की स्थिति बनी रहेगी, इसलिए बजट बनाकर चलना जरूरी होगा. पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा और घरवालों का पूरा सहयोग मिलेगा. स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन लापरवाही से बचना बेहतर होगा.
भाग्य प्रतिशत : 86%
उपाय : श्रीनारायण कवच का पाठ करें.

वृषभ राशि : भाग्य देगा पूरा साथ

वृषभ राशि के जातकों के लिए आज का दिन विशेष शुभ संकेत लेकर आया है. आज ईश्वरीय कृपा आप पर बनी रहेगी और कम प्रयास में भी कार्य पूरे होते नजर आएंगे. भाग्य का पूरा सहयोग मिलेगा. आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी और पुराने निवेश से लाभ मिलने के योग बन रहे हैं. नौकरी में अधिकारी और सहकर्मी सहयोगी रहेंगे. व्यापार करने वालों की आय में वृद्धि होगी. किसी पुराने परिचित से मुलाकात हो सकती है. दांपत्य जीवन सुखद रहेगा और सामाजिक कार्यों में भागीदारी का अवसर मिलेगा. स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें, विशेषकर शुगर से पीड़ित लोग सावधानी बरतें.
भाग्य प्रतिशत : 89%
उपाय : श्रीसूक्त का पाठ करें.

मिथुन राशि : उत्तरार्ध रहेगा बेहतर

मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन राहत और समाधान लेकर आएगा. लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान निकल सकता है. आपकी बुद्धि और निर्णय क्षमता आज मजबूत रहेगी, जिससे कार्यक्षेत्र में अच्छे अवसर मिल सकते हैं. व्यापार में भी लाभ की स्थिति बनी रहेगी. दिन का दूसरा भाग विशेष रूप से शुभ रहेगा. शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े जातकों का प्रदर्शन सराहनीय रहेगा. परिवार के साथ समय बिताने और रुचिकर भोजन का आनंद मिलेगा. स्वास्थ्य के लिहाज से पित्तवर्धक भोजन से बचना आवश्यक है, अन्यथा पेट और सीने से जुड़ी परेशानी हो सकती है.
भाग्य प्रतिशत : 85%
उपाय : गायत्री मंत्र का पाठ करें और गाय को हरा चारा खिलाएं.

कर्क राशि : जिम्मेदारियां बढ़ेंगी

कर्क राशि के लिए आज का दिन मिला-जुला संकेत दे रहा है. कार्यक्षेत्र में लंबित कामों को निपटाना जरूरी होगा. अचानक कोई नया कार्य या जिम्मेदारी सामने आ सकती है, जिससे योजनाओं में बदलाव करना पड़ सकता है. खर्चों में बढ़ोतरी संभव है. व्यापार में मध्यम लाभ रहेगा. पारिवारिक जीवन में जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा, लेकिन संतान को लेकर चिंता बनी रह सकती है. मानसिक तनाव से बचने के लिए धैर्य और संयम जरूरी होगा. कंधे और सिर में दर्द की शिकायत हो सकती है.
भाग्य प्रतिशत : 83%
उपाय : हनुमान चालीसा का पाठ करें.

सिंह राशि : मेलजोल से होगा लाभ

सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन उन्नति और लाभ का संकेत दे रहा है. कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों से तालमेल बनाकर चलना जरूरी होगा. कुछ लोग आपकी प्रगति से ईर्ष्या कर सकते हैं, इसलिए वाणी पर संयम रखें. सामाजिक संपर्क से लाभ मिलने के योग हैं. नौकरी में अधिकारियों का सहयोग मिलेगा. पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा और पिता व जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा. किसी रिश्तेदार की सहायता करनी पड़ सकती है. स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन थकान महसूस हो सकती है.
भाग्य प्रतिशत : 85%
उपाय : श्रीसूक्त का पाठ करें.

कन्या राशि : करियर में उन्नति

कन्या राशि के जातकों के लिए आज का दिन करियर और आर्थिक मामलों में शुभ रहेगा. नौकरी में कार्य सुचारू रूप से चलेगा और व्यस्तता बनी रहेगी. अकाउंट, शिक्षा और विश्लेषण से जुड़े लोगों को विशेष लाभ मिलेगा. नौकरी परिवर्तन के इच्छुक लोगों को अच्छा अवसर मिल सकता है. व्यापार में लाभ के योग हैं और पुराने निवेश से फायदा होगा. यात्रा सफल रहेगी. पारिवारिक मामलों में पिता की बातों की अनदेखी न करें. स्वास्थ्य में थकान और साइनस की समस्या हो सकती है.
भाग्य प्रतिशत : 84%
उपाय : गायत्री मंत्र का जप करें और चावल का दान करें.

तुला राशि : सुखद वातावरण

तुला राशि वालों के लिए आज का दिन सुख और समृद्धि लेकर आएगा. व्यापार और नौकरी में प्रगति होगी. कला, वाणिज्य और इंश्योरेंस से जुड़े लोगों को विशेष लाभ मिलेगा. पारिवारिक वातावरण अनुकूल रहेगा. मित्रों और रिश्तेदारों से मेल-मुलाकात होगी. धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी.
भाग्य प्रतिशत : 84%
उपाय : देवी लक्ष्मी को लौंग और मिश्री अर्पित करें.

वृश्चिक राशि : संयम रखें

वृश्चिक राशि के जातकों के लिए आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी. कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं. प्रॉपर्टी से जुड़े लोगों को लाभ के योग हैं. वैवाहिक जीवन में संयम जरूरी होगा. स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन बीपी के मरीज सावधानी बरतें.
भाग्य प्रतिशत : 86%
उपाय : हनुमानाष्टक का पाठ करें.

धनु राशि : उत्तरार्ध शुभ

धनु राशि वालों के लिए दिन का पहला भाग व्यस्त रहेगा, लेकिन दूसरा भाग अनुकूल रहेगा. कार्यक्षेत्र और व्यापार में सफलता मिलेगी. परिवार के साथ सुखद समय बिताने का अवसर मिलेगा.
भाग्य प्रतिशत : 85%
उपाय : विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें.

मकर राशि : सतर्कता जरूरी

मकर राशि के लिए दिन मिला-जुला रहेगा. लापरवाही नुकसान पहुंचा सकती है. आर्थिक मामलों में सावधानी रखें. पारिवारिक तनाव संभव है. स्वास्थ्य संबंधी पुरानी समस्या उभर सकती है.
भाग्य प्रतिशत : 83%
उपाय : जरूरतमंद को अन्न दान करें.

कुंभ राशि : अनुभव से लाभ

कुंभ राशि वालों को आज तकनीकी ज्ञान और अनुभव का पूरा लाभ मिलेगा. निवेश से फायदा होगा. यात्रा और पारिवारिक सुख के योग बन रहे हैं.
भाग्य प्रतिशत : 86%
उपाय : शनि स्तोत्र का पाठ करें.

मीन राशि : प्रेम और उत्साह

मीन राशि के जातकों के लिए आज का दिन उत्साहवर्धक रहेगा. रुके कार्य पूरे होंगे. प्रेम और दांपत्य जीवन सुखद रहेगा. स्वास्थ्य में हड्डियों से जुड़ी समस्या पर ध्यान दें.
भाग्य प्रतिशत : 85%
उपाय : बजरंगबाण का पाठ करें.

इसे भी पढ़ें-Bihar Raid: बैंक अफसर के 6 ठिकानों पर छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति मामले में EOU की कार्रवाई