Delhi Rain Alert: दिल्ली में मौसम ने अचानक करवट ली है. मौसम विभाग ने राजधानी के अलग-अलग हिस्सों के लिए बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. दक्षिण, मध्य और नई दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. आज राजधानी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है.
पश्चिमी सिस्टम के असर से बदला मौसम
राजधानी के कई हिस्सों में दिन के समय और देर शाम हल्की बारिश दर्ज की गई. इसके साथ तेज हवाएं भी चलीं, जिससे मौसम का असर साफ दिखाई दिया. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी हिमालय के ऊपर सक्रिय एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव देखने को मिला. इसी मौसम प्रणाली के असर से मध्य पाकिस्तान और उससे सटे राजस्थान व हरियाणा के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन की स्थिति बनी, जिसका प्रभाव दिल्ली तक पहुंचा.
6 और 7 अप्रैल को फिर बदल सकता है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हवाओं की दिशा अब पूर्व की ओर हो गई है, जिससे वातावरण में नमी बढ़ रही है. यही कारण है कि छिटपुट बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बनी हुई है. अनुमान है कि 6 और 7 अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते बारिश और तूफानी मौसम का एक नया दौर देखने को मिल सकता है. इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है.
हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में
मौसम में बदलाव के बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता भी खराब श्रेणी में बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स 266 दर्ज किया गया. यह स्तर खराब श्रेणी में आता है. मानकों के अनुसार, 0 से 50 के बीच AQI अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर माना जाता है.
इसे भी पढ़ें-झारखंड में मौसम का यू-टर्न, 4 से 6 अप्रैल तक बारिश, तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट

