Dhanbad News : राज्य चुनाव आयोग द्वारा नगर निकाय चुनाव की तारीख घोषित किए जाने के साथ ही जिले में चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है. आयोग के फैसले के अनुसार पूरे राज्य में एक ही चरण में 23 फरवरी को मतदान कराया जाएगा. इस क्रम में बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से चुनाव संबंधी अधिसूचना जारी की जाएगी.
चुनावी तैयारियों को लेकर उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने मंगलवार को समाहरणालय में मीडिया को जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है. चुनाव कार्यों के सुचारू संचालन के लिए 13 अलग-अलग कोषांग गठित किए गए हैं, जिनमें नोडल अधिकारियों और सहयोगी कर्मियों की तैनाती कर दी गई है. नामांकन के लिए अलग-अलग कक्ष निर्धारित किए गए हैं, जबकि मतगणना गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक परिसर में कराई जाएगी.
झारखंड की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, डीआरडीए निदेशक राजीव रंजन, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, एडीएम आपूर्ति जियाउल अंसारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार बाउरी तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.
नामांकन प्रक्रिया 29 जनवरी से शुरू होगी
धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 जनवरी से शुरू होगी, जो 4 फरवरी तक चलेगी. इच्छुक उम्मीदवार प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे. नामांकन पत्रों की जांच 5 फरवरी को होगी, जबकि 6 फरवरी को नाम वापस लेने की अंतिम तिथि तय की गई है. 7 फरवरी को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे. मतदान 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा और मतगणना 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से शुरू होगी.
974 मतदान केंद्र बनाए गए हैं
प्रशासन के अनुसार धनबाद नगर निगम क्षेत्र में 471 भवनों में कुल 974 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इनमें 158 बूथ सामान्य, 647 संवेदनशील और 169 अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं. वहीं चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र में 32 भवनों में 42 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें अधिकांश सामान्य और कुछ संवेदनशील घोषित किए गए हैं.
आचार संहिता प्रभावी, नोटा नहीं होगा विकल्प
नगर निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है. नियमों का उल्लंघन करने पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. इस बार मतपत्र में नोटा का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा.
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. मतदान केंद्रों से लेकर स्ट्रांग रूम तक पुलिस बल की तैनाती रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल भी लगाया जाएगा. मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की गई है.
इसे भी पढ़ें-विदेश दौरे से झारखंड लौटे CM हेमंत सोरेन, बोले-प्रगति के नए अवसर सामने आएंगे


