Bihar News : मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत बिहार सरकार का खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने की दिशा में बड़ी पहल कर रहा है. इसी योजना के अंतर्गत बिहार के लगभग सभी जिलों में एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं. इन केंद्रों पर खिलाड़ियों को पौष्टिक भोजन, खेल के अनुकूल आवासीय सुविधा, आधुनिक खेल उपकरण, खेल किट और प्रशिक्षित कोच के जरिए उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा. इसी कड़ी में राज्यभर में 27 मार्च से 10 अप्रैल के बीच विभिन्न खेल विधाओं के लिए चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं. भागलपुर जिले में भी इस चयन प्रक्रिया को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है और यहां 6 अप्रैल तथा 9 अप्रैल को विभिन्न खेलों के लिए ट्रायल कराया जाएगा.
भागलपुर में इन खेलों के लिए होगा चयन
भागलपुर जिले में पहले से संचालित दो एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों में नामांकन के लिए भी ट्रायल आयोजित किया जाएगा. इनमें साहू उच्च विद्यालय, साहू परबत्ता नवगछिया में तीरंदाजी बालक प्रशिक्षण केंद्र और राजकीय बालिका इंटर विद्यालय, भागलपुर में बैडमिंटन बालिका प्रशिक्षण केंद्र शामिल हैं. इसके साथ ही राज्य के अन्य जिलों में संचालित बास्केटबॉल और वॉलीबॉल खेल विधाओं के लिए भी भागलपुर से खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा.
6 अप्रैल को तीरंदाजी, बैडमिंटन और बास्केटबॉल के लिए चयन ट्रायल होगा. तीरंदाजी बालक-बालिका का ट्रायल साहू उच्च विद्यालय, साहू परबत्ता नवगछिया में लिया जाएगा. बैडमिंटन बालक एवं बालिका के लिए ट्रायल सैंडिस कंपाउंड स्थित इंडोर बैडमिंटन हॉल में आयोजित होगा. वहीं बास्केटबॉल बालक वर्ग का चयन सैंडिस कंपाउंड के बास्केटबॉल कोर्ट पर किया जाएगा.
9 अप्रैल को वॉलीबॉल का ट्रायल
9 अप्रैल को सैंडिस कंपाउंड के वॉलीबॉल कोर्ट पर वॉलीबॉल बालक एवं बालिका वर्ग का चयन ट्रायल कराया जाएगा. इन चयन प्रतियोगिताओं में बिहार राज्य के 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक और बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं. इसके लिए खिलाड़ियों की जन्मतिथि 1 जनवरी 2012 से 1 जनवरी 2014 के बीच होनी चाहिए.
हालांकि, ऐसे खिलाड़ी जिन्होंने आधिकारिक राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो या पदक जीता हो, उन्हें अधिकतम दो वर्ष तक की आयु सीमा में छूट दी जा सकती है. चयनित खिलाड़ियों को आवासीय प्रशिक्षण के साथ शिक्षा प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा.
जरूरी दस्तावेज साथ लाना होगा अनिवार्य
चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपने साथ आवेदन पत्र, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, विद्यालय परिचय पत्र, निवास प्रमाण पत्र और खेल प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा. ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों का बैटरी टेस्ट लिया जाएगा और संबंधित खेल में उनकी स्किल की भी जांच की जाएगी.
चयन प्रक्रिया सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी. जिला खेल कार्यालय ने इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी पत्र भेजकर सभी स्कूलों तक सूचना पहुंचाने का आग्रह किया है. जिला शिक्षा कार्यालय ने सभी विद्यालय प्रधानों को निर्देशित किया है कि जिन विद्यालयों के खिलाड़ी इस चयन प्रतियोगिता में भाग लेना चाहते हैं, उन्हें इसमें शामिल कराया जाए.
प्रशिक्षक और चयनकर्ताओं की प्रतिनियुक्ति
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना की ओर से विभिन्न खेल विधाओं के लिए चयनकर्ताओं और प्रशिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है. तीरंदाजी के लिए चंदन कुमार सिंह, शिवम कुमार भगत और बीनेश हेंब्रम को जिम्मेदारी दी गई है. बैडमिंटन खिलाड़ियों के चयन के लिए कुंदन कुमार, निशांत कुमार और चंद्रभानू कुमार को नामित किया गया है.
बास्केटबॉल खेल के लिए शशि प्रताप सिंह को चयनकर्ता बनाया गया है, जबकि वॉलीबॉल के लिए आलोक कुमार पांडे, कुमार हीरा और शुभम कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है. ये चयनकर्ता खिलाड़ियों के बैटरी टेस्ट और खेल कौशल की जांच के बाद मेधा सूची तैयार कर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना को भेजेंगे. इसके बाद विभिन्न एकलव्य केंद्रों के लिए अंतिम नामांकन सूची जारी की जाएगी.
सहायता के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने बताया है कि इच्छुक खिलाड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए जिला खेल कार्यालय, भागलपुर से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा अधिक जानकारी के लिए सतीश चंद्र सिंह (7858065052), मृणाल किशोर (7759842539) और आमिर खान (7004429179) से संपर्क किया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें-स्टेशन पर भूख लगे तो अब नहीं होगी परेशानी, भागलपुर में शुरू हुई दूसरी नई फूड वैन सेवा
इसे भी पढ़ें-बिहार के इस शहर में मांग से ज्यादा हो रही LPG की आपूर्ति, होम डिलीवरी से राहत

