Railway Event : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस-2026 के उपलक्ष्य में पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की ओर से शनिवार को पाटलिपुत्र रेल परिसर, दीघा स्थित अधिकारी क्लब में एक सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन की अध्यक्षा सुनीता सिंह ने की, जहां बड़ी संख्या में महिला रेलकर्मी मौजूद रहीं. इस अवसर पर महिलाओं के सामाजिक, मानसिक और व्यावसायिक विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई. कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित करना रहा. आयोजन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जागरूकता सत्रों के माध्यम से महिला कर्मियों को नई ऊर्जा और दिशा देने का प्रयास किया गया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
महिलाओं के उत्थान और संतुलन पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुनीता सिंह ने महिलाओं के समग्र विकास और कार्य-जीवन संतुलन पर जोर दिया. उन्होंने महिला रेलकर्मियों को अपने दायित्वों के साथ बेहतर तालमेल बनाने की सलाह दी. वहीं कार्यकारिणी सदस्य श्रुति पांडे ने महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने तनाव प्रबंधन और सकारात्मक सोच को अपनाने की आवश्यकता बताई.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान वंदना कुमार ने अपनी कविता प्रस्तुति से माहौल को ऊर्जावान बना दिया. वहीं कोषाध्यक्ष पूनम श्रीवास्तव के गायन ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. इसके अलावा हाजीपुर के सुरक्षा विभाग द्वारा साइबर सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां साझा की गईं और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए.
16 महिला रेलकर्मियों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान पूरे जोन से चयनित 16 उत्कृष्ट महिला रेलकर्मियों को प्रशस्तिपत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. इसके साथ ही हाजीपुर की एकाउंटेंट निशी कुमारी को नई दिल्ली में आयोजित RWCCO द्वारा सम्मानित किए जाने पर विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया. इस मौके पर संगठन की उपाध्यक्षा रंजना कुमार, सचिव मनीषा सिन्हा, संयुक्त सचिव प्रियंका सिंह समेत अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं.
इसे भी पढ़ें-पटना में 3 दिन तक जश्न, गीत-संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों से सजेगा मंच
इसे भी पढ़ें-फेक प्रोफाइल्स पर एक्शन मोड में आईं लालू यादव की बेटी, बोलीं- छवि खराब करने की कोशिश

