Jamshedpur News : सोनारी थाना क्षेत्र के बुधराम मोहल्ला में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव उसके कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला. मृतक की पहचान आकाश रजक के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. परिजनों ने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है.
परिवार वालों के मुताबिक, आकाश एक गैस एजेंसी में कार्यरत था और उसने करीब पांच साल पहले प्रेम विवाह किया था. हालांकि शादी के बाद से दंपती के बीच रिश्ते सामान्य नहीं रहे. घरेलू विवाद के चलते उसकी पत्नी आशा रजक अक्सर मायके चली जाया करती थी, जिससे आकाश मानसिक तनाव में रहता था. घटना के समय आशा अपने मायके सोनारी के झाबरी बस्ती में थी.
झारखंड की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
बताया गया कि 24 जनवरी को भी आशा मायके गई थी. इसके बाद सोमवार को आकाश की भाभी और मामी उसे वापस लाने पहुंचे थे, लेकिन ससुराल पक्ष ने भेजने से इनकार कर दिया. आकाश अपनी पत्नी के साथ किराये के मकान में रहता था, जबकि उसके माता-पिता अलग आवास में रहते हैं.
सूचना मिलने पर सोनारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की बारीकी से जांच की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
इसे भी पढ़ें-एक चरण में होंगे नगर निकाय चुनाव, 23 फरवरी को डाले जाएंगे वोट


