Patna Metro: बिहार की राजधानी पटना में होली के जश्न के बीच मेट्रो से सफर की योजना बना रहे यात्रियों के लिए जरूरी सूचना जारी की गई है. पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने त्योहार के दिन परिचालन समय में अस्थायी बदलाव करने का निर्णय लिया है.
04 मार्च,2026 बुधवार को होली के अवसर पर सुबह की सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी. सुबह 8 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक मेट्रो का संचालन स्थगित रहेगा. प्रबंधन का कहना है कि यह व्यवस्था त्योहार के मद्देनजर कर्मचारियों को अवकाश देने और सीमित यात्री मांग को ध्यान में रखते हुए की गई है. ऐसे में सुबह यात्रा करने की सोच रहे लोगों को अपनी योजना में बदलाव करना पड़ेगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
दोपहर 2:30 बजे से फिर पटरी पर लौटेगी मेट्रो
रंगों के उत्सव के बाद दोपहर ढाई बजे से मेट्रो सेवाएं दोबारा शुरू होंगी. बुधवार को 2:30 बजे से रात 8 बजे तक ट्रेनें निर्धारित रूट पर चलती रहेंगी. फिलहाल मेट्रो का परिचालन पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ स्टेशन तक सीमित है.
🎨 होली स्पेशल अपडेट – पटना मेट्रो 🚇
— Patna Metro Rail Corporation (@PMRCLofficial) March 2, 2026
पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा सूचित किया जाता है कि होली के अवसर पर 04 मार्च 2026 (बुधवार) को पटना मेट्रो ट्रेन सेवाएं सुबह के सत्र में उपलब्ध नहीं रहेंगी।
👉 सेवाएं दोपहर 2:30 बजे (14:30 बजे) से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से पुनः… pic.twitter.com/GSo88mMvAW
सामान्य दिनों में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कुल 24 फेरे लगाए जाते हैं, लेकिन होली के कारण इस संख्या में कटौती रहेगी. हालांकि यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि गुरुवार से सेवाएं फिर से पूर्व निर्धारित समय सारिणी के अनुसार बहाल कर दी जाएंगी.
होली के बाद 2.75 किमी नए खंड पर संचालन की तैयारी
शहरवासियों के लिए एक और महत्वपूर्ण खबर यह है कि होली समाप्त होते ही मेट्रो विस्तार की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) की टीम पटना पहुंचकर नए ट्रैक का निरीक्षण करेगी.
जांच पूरी होने और सुरक्षा मानकों पर संतोषजनक रिपोर्ट मिलने के बाद भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक लगभग 2.75 किलोमीटर लंबे नए सेक्शन पर मेट्रो परिचालन शुरू कर दिया जाएगा. इससे शहर के एक बड़े हिस्से को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी.
सुरक्षा मानकों की होगी गहन जांच
नए विस्तारित खंड पर सिविल संरचना और सिग्नलिंग कार्य लगभग पूरा हो चुका है. अब अंतिम चरण में सुरक्षा स्वीकृति का इंतजार है. सीएमआरएस निरीक्षण के दौरान स्टेशनों की मजबूती, अग्निशमन व्यवस्था, आपात निकास प्रणाली और यात्री सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा करेगा.
यह विस्तार पटना मेट्रो के पहले कॉरिडोर के लिए अहम उपलब्धि माना जा रहा है. होली के बाद जहां तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है, वहीं राजधानी में मेट्रो नेटवर्क का दायरा भी बढ़ने जा रहा है.
इसे भी पढ़ें-होली-रमजान पर हाई अलर्ट, DGP का चेतावनी संदेश: शांति भंग करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
इसे भी पढ़ें-बिहार में प्रॉपर्टी खरीदने वालों के लिए नया नियम, ऑनलाइन जांच के बाद ही पक्की होगी डील

