Sahibganj News : साहिबगंज जिले के उधवा प्रखंड में राधानगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ एमडीएमए से जुड़े मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
गुप्त सूचना पर दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना कांड संख्या 443/25 के आरोपी अनारुल शेख और कांड संख्या 89/23 के आरोपी समसुल हक अपने-अपने घरों में छिपे हुए हैं. इसके बाद राधानगर थाना की टीम ने राजमहल थाना क्षेत्र के पूर्वी जामनगर पंचायत स्थित उसमल्ली टोला में छापा मारकर अनारुल शेख को दबोचा.
इसी क्रम में हसन टोला में दूसरी कार्रवाई करते हुए समसुल हक (42 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया. दोनों लंबे समय से पुलिस की नजर में थे और उनकी तलाश की जा रही थी.
झारखंड की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
गिरफ्तारी के दौरान बरामदगी नहीं
हालांकि, छापेमारी के दौरान पुलिस को कोई मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ. पुलिस के मुताबिक, अनारुल शेख एमडीएमए की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़ा रहा है, जबकि समसुल हक पर गांजा तस्करी से संबंध रखने का आरोप है.
राधानगर थाना क्षेत्र में इससे पहले भी एमडीएमए के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है. 28 अक्टूबर 2025 को इंग्लिश नासघाट से 13.57 ग्राम एमडीएमए के साथ मुख्य आरोपी सरफराज अहमद को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. उसके खिलाफ थाना कांड संख्या 443/25 दर्ज है और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है.
अलग-अलग मामलों में दर्ज हैं केस
24 नवंबर 2025 को इसी मामले से जुड़े एक अन्य आरोपी शमशुल को भी जेल भेजा गया था. थाना कांड संख्या 89/23 में समसुल हक का नाम सामने आने के बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई थी, जिसके बाद अब उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया.
सूत्रों के अनुसार, एमडीएमए की आपूर्ति का कनेक्शन पश्चिम बंगाल के कालियाचक इलाके से जुड़ा होने की आशंका है. हालांकि पुलिस ने इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने बताया कि मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. आगे की जांच जारी है.
इसे भी पढ़ें-राष्ट्रीय सेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर ‘सनातन हिंदू सम्मेलन’ आयोजित
इसे भी पढ़ें-झारखंड के सैकड़ों लोग दुबई में फंसे, एयरपोर्ट बंद और भय का माहौल, भारत से तुरंत सहायता की मांग

