Navratri Special Train Update: नवरात्रि के दौरान मध्य प्रदेश के मैहर स्थित मां शारदा धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. बिहार समेत देश के कई राज्यों से भक्त यहां दर्शन के लिए आते हैं. यात्रियों की इसी बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने नवरात्रि मेले के दौरान कुछ प्रमुख ट्रेनों को मैहर स्टेशन पर अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे की विशेष व्यवस्था
रेलवे प्रशासन के अनुसार नवरात्रि के दौरान मैहर स्टेशन पर कुल पांच जोड़ी ट्रेनों को अस्थायी रूप से रोका जाएगा. इन ट्रेनों का ठहराव लगभग पांच मिनट का होगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से मां शारदा मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी. हर साल नवरात्रि मेले के समय यहां भारी भीड़ उमड़ती है और यात्रियों को स्टेशन से मंदिर तक पहुंचने में अतिरिक्त व्यवस्था की जरूरत पड़ती है.
वलसाड-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस का शेड्यूल
रेलवे के मुताबिक 19051 वलसाड-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस को 21 मार्च से 28 मार्च तक मैहर स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है. यह ट्रेन दोपहर 3:05 बजे स्टेशन पहुंचेगी और 3:10 बजे आगे के लिए रवाना होगी.
इसी तरह 19052 मुजफ्फरपुर-वलसाड एक्सप्रेस 23 मार्च से 30 मार्च के बीच मैहर स्टेशन पर रुकेगी. यह ट्रेन सुबह 11:40 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट बाद 11:45 बजे प्रस्थान करेगी.
कोल्हापुर-धनबाद एक्सप्रेस को भी मिलेगा ठहराव
रेलवे ने 11045 कोल्हापुर-धनबाद एक्सप्रेस को भी 20 मार्च से 27 मार्च तक मैहर स्टेशन पर ठहराव देने का फैसला किया है. यह ट्रेन शाम 5:20 बजे स्टेशन पर पहुंचेगी और 5:25 बजे आगे बढ़ जाएगी.
वहीं 11046 धनबाद-कोल्हापुर एक्सप्रेस 23 मार्च से 30 मार्च तक रात 10:25 बजे मैहर स्टेशन पहुंचेगी और 10:30 बजे प्रस्थान करेगी.
इन ट्रेनों को भी मिलेगा लाभ
इसके अलावा 15267 रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस और 15268 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-रक्सौल एक्सप्रेस को भी अस्थायी ठहराव दिया गया है.
साथ ही 17610 पूर्णा जंक्शन-पटना एक्सप्रेस, 17609 पटना-पूर्णा जंक्शन एक्सप्रेस, 22972 पटना-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस और 22971 बांद्रा टर्मिनस-पटना एक्सप्रेस भी नवरात्रि के दौरान मैहर स्टेशन पर करीब पांच मिनट के लिए रुकेंगी.
नवरात्रि में मैहर में उमड़ती है भारी भीड़
मध्य प्रदेश के सतना जिले में स्थित मैहर का मां शारदा मंदिर देश के प्रमुख शक्ति पीठों में गिना जाता है. नवरात्रि के समय यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं.
रेलवे का मानना है कि ट्रेनों के इस अस्थायी ठहराव से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी और मेले के दौरान यात्रियों की आवाजाही को बेहतर तरीके से संभालने में भी मदद मिलेगी.
इसे भी पढ़ें-पटना के हॉस्टल में छात्र की संदिग्ध मौत, कंबल में लिपटा मिला शव; पुलिस जांच में जुटी
इसे भी पढ़ें-सैयद अता हसनैन ने बिहार के राज्यपाल पद की ली शपथ, लोक भवन में हुआ समारोह

