Bihar News: नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित मां शीतला मंदिर (मघड़ा) में मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच दर्दनाक हादसा हो गया. पूजा के लिए बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे थे. इसी दौरान अचानक हालात बिगड़ गए और अफरा-तफरी मचने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. कुछ ही देर में वहां चीख-पुकार का माहौल बन गया और कई लोग भीड़ की चपेट में आ गए.
इस हादसे में खबर लिखे जाने तक 9 महिलाओं की मौत की पुष्टि हुई है. इसके अलावा कई श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल बिहार शरीफ पहुंचाया गया है. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और राहत टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मुख्यमंत्री ने राहत राशि का किया ऐलान
घटना के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में हुई यह घटना बेहद दुखद है और इससे वह गहराई से आहत हैं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित लोगों तक तुरंत मदद पहुंचाई जा सके.

मृतकों के परिजनों के लिए कुल 6 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है. इसमें 4 लाख रुपये आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से और 2 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से दिए जाएंगे. सरकार की ओर से यह भी कहा गया है कि घायलों के इलाज और पीड़ित परिवारों की सहायता में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी.
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद वरीय अधिकारियों को घटनास्थल पर कैंप करने को कहा गया है. साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड में रखा गया है. अस्पताल में भर्ती घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है. आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर लगाया गया है, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द मदद दी जा सके. पूरे इलाके में स्थिति सामान्य करने की कोशिश की जा रही है.
प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने जताया शोक
नालंदा में हुए इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है. उन्होंने इसे बेहद पीड़ादायक घटना बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
Nalanda Maa Sheetla Mandir stampede | PMO announces an ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF to the next of kin of each deceased. The injured would be given Rs. 50,000 each. pic.twitter.com/Yp27mBwzRC
— ANI (@ANI) March 31, 2026
इस घटना पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने भी शोक प्रकट किया है. सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कहा कि सरकार घायलों के समुचित इलाज के लिए गंभीर है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा.
नालंदा स्थित माता शीतला मंदिर में भगदड़ की दुखद घटना अत्यंत ही पीड़ादायक है। इस हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए सभी श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदनाएँ प्रकट करता हूँ।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) March 31, 2026
सरकार द्वारा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत प्रदान की जा रही है। घायलों के…
वहीं डॉ. प्रेम कुमार ने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की.
हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर फिर चर्चा
मां शीतला मंदिर में हुई भगदड़ के बाद भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में आ गई है. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने वाले आयोजनों में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल प्रशासन राहत कार्य और घायलों के इलाज पर फोकस बनाए हुए है.
आयुक्त और वरीय पदाधिकारी कर रहे हैं राहत और बचाव कार्यों की निगरानी
नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र में स्थित मां शीतला मंदिर में भगदड़ के बाद घटनास्थल पर पटना के आयुक्त और पुलिस महानिरीक्षक, केंद्रीय क्षेत्र, पटना भी पहुंचकर निरीक्षण कर चुके हैं. घटना स्थल पर जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक नालंदा एवं उप विकास आयुक्त स्वयं उपस्थित रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं.
नालंदा मधड़ा शीतला मंदिर भगदड़ केस में बड़ी कार्रवाई: चौकीदार के हवाले थी सुरक्षा
नालंदा के मधड़ा स्थित शीतला मंदिर में हुई दर्दनाक भगदड़ घटना के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही उजागर होने के बाद दीपनगर थाना के थानाध्यक्ष राजमणि को एसपी भारत सोनी ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था चौकीदार के भरोसे छोड़ दी गई थी, जिसके कारण भीड़ अनियंत्रित हो गई और समय पर वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना नहीं दी गई.
इसे भी पढ़ें-नालंदा के मघड़ा शीतला मंदिर में भगदड़, 8 महिलाओं की मौत, कई घायल

