MG Cars Price Hike: अगर आप MG की कार खरीदने का मन बना रहे हैं, तो अप्रैल की शुरुआत से पहले फैसला लेना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. JSW MG Motor India ने अपनी गाड़ियों की कीमतों में बदलाव की घोषणा की है. कंपनी ने बताया है कि 1 अप्रैल 2026 से उसके कई मॉडल्स नए दामों पर उपलब्ध होंगे. यह बढ़ोतरी कुछ गाड़ियों पर अधिकतम 2 प्रतिशत तक रखी गई है. कंपनी का कहना है कि निर्माण और सप्लाई से जुड़ी लागत में लगातार बढ़ोतरी के कारण यह कदम उठाना पड़ा है. कच्चे माल की कीमत, परिवहन खर्च और उत्पादन लागत में आए दबाव का असर अब सीधे वाहन कीमतों पर दिखाई देगा. इसी वजह से MG ने भी अपने पोर्टफोलियो में कीमत संशोधन करने का फैसला लिया है.
MG Select के मॉडल्स पुराने दाम पर रहेंगे
कीमतों में यह बदलाव कंपनी के अधिकतर मॉडल्स पर लागू किया जाएगा. इसमें पारंपरिक ईंधन से चलने वाली गाड़ियां भी शामिल हैं और इलेक्ट्रिक वाहन भी. हालांकि MG के प्रीमियम इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो को इस फैसले से बाहर रखा गया है. कंपनी ने स्पष्ट किया है कि MG Select चैनल के तहत बेचे जाने वाले प्रीमियम EV मॉडल्स पर फिलहाल कोई मूल्य वृद्धि नहीं होगी. इसका मतलब है कि MG M9 और Cyberster जैसे मॉडल्स की कीमतें अभी यथावत रहेंगी.
शुरुआती रेंज से फ्लैगशिप SUV तक दिखेगा असर
भारत में MG की मौजूदा लाइनअप की शुरुआत Comet EV से होती है. इसकी कीमत BaaS विकल्प के साथ करीब 4.99 लाख रुपये से शुरू होती है. वहीं कंपनी की सबसे महंगी गाड़ियों में Gloster SUV शामिल है, जिसकी कीमत 46.23 लाख रुपये तक जाती है. अब कंपनी अपनी इसी रेंज में कीमतों का संशोधन करने जा रही है. हालांकि यह भी कहा गया है कि सभी मॉडल्स में एक समान वृद्धि नहीं होगी. अलग-अलग वेरिएंट और मॉडल्स के हिसाब से नई कीमतें तय होंगी और अधिकतम 2 प्रतिशत तक का इजाफा किया जाएगा.
ऑटो कंपनियों में कीमत बढ़ाने का दौर
वाहनों की कीमतों में इजाफा करने वाली MG पहली कंपनी नहीं है. इससे पहले भी कई प्रमुख ऑटो कंपनियां इस तरह का फैसला ले चुकी हैं. Tata Motors, BMW, Audi और Mercedes-Benz जैसे ब्रांड पहले ही अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ाने की घोषणा कर चुके हैं. हालांकि इन कंपनियों में बढ़ोतरी की दर अलग-अलग रखी गई है. Tata Motors ने करीब 0.5 प्रतिशत तक वृद्धि की बात कही है, जबकि कुछ अन्य कंपनियों ने अपनी कारों की कीमतों में लगभग 2 प्रतिशत तक बदलाव का संकेत दिया है.
इसे भी पढ़ें-इंडिया में एंट्री को तैयार सुपरकार; 10 करोड़ से ज्यादा कीमत, 1000+hp पावर और 330 kmph स्पीड
इसे भी पढ़ें-बोल्ड लुक और एडवांस फीचर्स के साथ कल धमाकेदार एंट्री, जानें हर अपडेट
इसे भी पढ़ें-हर बजट के लिए परफेक्ट विकल्प, सभी वैरिएंट्स की कीमतें आई सामने
इसे भी पढ़ें-बजाज पल्सर ने पूरे किए 25 साल, लॉन्च किया सेलिब्रेशन ऑफर – जानें कितना होगा फायदा

