Bhagalpur News : भागलपुर में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक की. बैठक में तेल कंपनियों के अधिकारियों ने साफ किया कि जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है.
लोगों में घबराहट से बढ़ी बुकिंग
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इंडियन ऑयल के क्षेत्रीय प्रबंधक रमन गौतम ने बताया कि सामान्य स्थिति में एजेंसी के पास एक दिन का बैकलॉग रहता है, लेकिन फिलहाल तीन दिनों का बैकलॉग चल रहा है. उन्होंने बताया कि आमतौर पर प्रतिदिन करीब 10 हजार सिलेंडर का स्टॉक रहता है, जबकि इस समय 18 से 20 हजार सिलेंडर उपलब्ध हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
उनके अनुसार अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर लोगों में आशंका की वजह से कई उपभोक्ता सुरक्षा के तौर पर जल्दबाजी में गैस बुकिंग करा रहे हैं. हालांकि जिले में एलपीजी की किसी प्रकार की कमी नहीं है.
घरेलू गैस की सप्लाई सामान्य
बैठक में HPCL के वरीय क्षेत्रीय प्रबंधक शाहनवाज अनवर और भारत पेट्रोलियम के क्षेत्रीय प्रबंधक इंद्रनील अग्रवाल ने भी बताया कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है.
उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति ग्राहक सत्यापन के आधार पर की जा रही है. कुल गैस आपूर्ति में कमर्शियल सिलेंडर की हिस्सेदारी करीब 2 से 3 प्रतिशत ही होती है.
आवश्यक संस्थानों को जारी है कमर्शियल गैस
अधिकारियों ने बताया कि सत्यापित उपभोक्ताओं को कमर्शियल गैस की आपूर्ति जारी है. पुलिस लाइन, एएनएम केंद्र, जीविका समूह और टाटा स्टील जैसी संस्थाओं को नियमित रूप से कमर्शियल गैस उपलब्ध कराई जा रही है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि कमर्शियल गैस की प्रक्रिया को लेकर किसी प्रकार की गलतफहमी फैलाने की जरूरत नहीं है. घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की ऑनलाइन बुकिंग भी पहले की तरह जारी है.
भीड़ वाले गोदामों पर तैनात होंगे दंडाधिकारी
बैठक में जिलाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिन गैस गोदामों पर भीड़ अधिक लग रही है, उनकी सूची तुरंत तैयार की जाए. ऐसे स्थानों पर स्थिति नियंत्रित रखने के लिए दंडाधिकारी की तैनाती की जाएगी.
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि गैस की कमी को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें, जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है.
इसे भी पढ़ें-बिहार दिवस 2026: भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में दिखेगी भव्यता, दो दिवसीय मुख्य समारोह की तैयारी शुरू
इसे भी पढ़ें-भागलपुर में रसोई गैस की किल्लत की अफवाह, डीएम ने कहा—आपूर्ति सामान्य

