Bihar Road Accident: बिहार में मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. फतुहा-बिहटा दनियावां सरमेरा मार्ग (एसएच-78) पर दो बाइकों की टक्कर के बाद अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि छपरा में तेज रफ्तार बुलेट पेड़ से टकरा गई, जिससे एक युवक ने दम तोड़ दिया.
फतुहा-बिहटा मार्ग पर आमने-सामने भिड़ीं बाइकें
फतुहा-बिहटा दनियावां सरमेरा सड़क मार्ग पर शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के ऐमन बिगहा जमालपुर गांव के पास दो बाइकों की सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया और मौके से फरार हो गया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इस हादसे में पचरुखिया थाना क्षेत्र के चकसूरत नगीना टोला निवासी 37 वर्षीय शंकर राम और धनरुआ थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव निवासी 25 वर्षीय रवि कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
एक घायल की हालत गंभीर, पटना रेफर
घटना में दो अन्य युवक भी घायल हुए. नालंदा जिले के चिकिसौरा थाना क्षेत्र के दल्लू बिगहा निवासी सूरज कुमार की स्थिति नाजुक बताई जा रही है. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया है.
जानकारी के अनुसार, शंकर राम अपने साले सूरज कुमार के साथ बेलदारीचक की ओर जा रहे थे. तभी सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई. दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरातफरी मच गई और कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई.
पुलिस-प्रशासन ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया गया. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पटना एनएमसी भेजा गया है. दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को पुलिस ने जब्त कर लिया है और फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है.
छपरा में बुलेट पेड़ से टकराई, युवक की मौत
उधर छपरा जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई. कोठिया गांव निवासी 40 वर्षीय अमित सिंह की बुलेट अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. टक्कर के बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद उन्हें तत्काल समुचित इलाज नहीं मिल सका. काफी देर तक सड़क पर पड़े रहने के कारण उनकी हालत बिगड़ती गई और अंततः उनकी मौत हो गई.
स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा उपायों और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें-Patna NEET छात्रा मौत मामला: CBI ने जोड़ी पोक्सो की कड़ी धाराएं, जांच का दायरा बढ़ा
इसे भी पढ़ें-चार मेगा रोड प्रोजेक्ट से रफ्तार पकड़ेगा बिहार, सफर होगा और आसान
इसे भी पढ़ें-पटना मेट्रो अपडेट: होली पर बदला टाइमटेबल, दोपहर बाद चलेगी ट्रेनें, जानें शिड्यूल
इसे भी पढ़ें-होली-रमजान पर हाई अलर्ट, DGP का चेतावनी संदेश: शांति भंग करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
इसे भी पढ़ें-बिहार में प्रॉपर्टी खरीदने वालों के लिए नया नियम, ऑनलाइन जांच के बाद ही पक्की होगी डील

