Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान स्थिति अचानक हिंसक हो गई. गायघाट थाना क्षेत्र के एक गांव में देर रात छापेमारी के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच टकराव इतना बढ़ा कि दोनों ओर से फायरिंग होने लगी. इस घटना में एक युवक की जान चली गई, जबकि पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.
गिरफ्तारी के दौरान बढ़ा विवाद, गांव में तनाव
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम एक आरोपी को पकड़ने के लिए गांव में पहुंची थी. आरोपी अपने घर से निकलकर पास के एक मकान में छिप गया. पुलिस जब उसे पकड़ने के लिए वहां पहुंची, तभी आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया. हालात नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस को आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग करनी पड़ी.
दोनों तरफ से चली गोलियां, युवक की गई जान
घटना के दौरान माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया. इसी बीच गोली लगने से एक स्थानीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसे गोली किस तरफ से लगी.
युवक की मौत के बाद गांव में आक्रोश और बढ़ गया और भीड़ उग्र हो उठी.
पुलिस वाहनों में तोड़फोड़, जवान घायल
गुस्साए लोगों ने पुलिस की कई गाड़ियों को निशाना बनाया और तोड़फोड़ की. इस दौरान थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है.
स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है, ताकि हालात पर काबू पाया जा सके.
वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही वरीय अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गोली किस परिस्थिति में चली और युवक की मौत कैसे हुई.
POCSO केस में आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर गई थी टीम
पुलिस अधिकारियों के अनुसार टीम एक नाबालिग से जुड़े गंभीर मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी. इसी दौरान यह पूरा विवाद खड़ा हो गया.
फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
इसे भी पढ़ें-किशनगंज में घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की कर दी हत्या, चार बच्चों की मां की मौत से सनसनी
इसे भी पढ़ें-नवादा में मेले के पास फायरिंग, 12 वर्षीय बच्चे के हाथ में लगी गोली
इसे भी पढ़ें-बिहार में पटाखा विवाद के बाद युवक की चाकू मारकर हत्या, 2 घायल; गांव में पसरा मातम

