Bhagalpur News : निगरानी विभाग की कार्रवाई के बाद जिला प्रशासन ने सदर अनुमंडल कार्यालय के दो कर्मचारियों पर सख्ती दिखाई है. आशुलिपिक प्रेम कुमार और लिपिक मयंक राज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जिससे कार्यालय में हड़कंप मच गया है.
30 मार्च 2026 को दोनों कर्मियों को निगरानी टीम द्वारा हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया. इसके आधार पर बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए निलंबन लागू किया गया, जिसकी प्रभावी तिथि भी 30 मार्च ही रखी गई है.
प्रशासनिक आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा. यह भुगतान उसी कार्यालय से किया जाएगा, जहां वे वर्तमान में पदस्थापित थे.
मामले को आगे बढ़ाते हुए जिलाधिकारी ने सदर एसडीओ को निर्देशित किया है कि दोनों कर्मियों के विरुद्ध अलग-अलग विस्तृत आरोप पत्र तैयार किए जाएं. इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग के निर्धारित प्रारूप के अनुसार सभी साक्ष्यों और दस्तावेजों के साथ 15 दिनों के भीतर जिला स्थापना शाखा को रिपोर्ट सौंपनी होगी.
इसे भी पढ़ें-बिहार के भागलपुर SDM कार्यालय में निगरानी का बड़ा एक्शन, 70 हजार रुपये रिश्वत लेते दो कर्मी गिरफ्तार

