Bhagalpur News : विधानसभा चुनाव की तैयारी भागलपुर जिले में जोर-शोर से चल रही है. इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने रविवार को बरारी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में बने डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया. इस दौरान भागलपुर और नाथनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) की कमीशनिंग प्रक्रिया चल रही थी.
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता, सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी सटीकता की जानकारी ली. बताया गया कि नाथनगर विधानसभा क्षेत्र में सात राउंड और भागलपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग पाँच राउंड की कमीशनिंग पूरी की जा चुकी है. प्रत्येक राउंड में 20 टेबल लगाए गए हैं, जहाँ निर्वाचन कर्मी आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रहे हैं.
जिलाधिकारी डॉ. चौधरी ने बताया कि ईवीएम कमीशनिंग का उद्देश्य बैलेट यूनिट में प्रत्याशियों के नाम, पार्टी के चिह्न और क्रमांक को सही ढंग से दर्ज करना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि बैलेट यूनिट का 16वां बटन ‘नोटा’ (None of the Above) के लिए निर्धारित रहता है.
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, ईवीएम कमीशनिंग के नोडल पदाधिकारी–सह–जिला बंदोबस्त पदाधिकारी अजय कुमार उपस्थित थे. मौके पर दोनों विधानसभा क्षेत्रों के प्रेक्षकों ने भी पहुंचकर पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया और संतोष व्यक्त किया.
इसे भी पढ़ें-कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 6 नवंबर तक करें आवेदन

