Bhagalpur News : बिहार सरकार की सात निश्चय–3 योजना के तहत सबका सम्मान, जीवन आसान कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है. इसी को लेकर भागलपुर के समीक्षा भवन में जिला प्रशासन की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई.
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने योजना की विस्तृत जानकारी दी. जिलाधिकारी ने बताया कि अब प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को ग्राम पंचायत से लेकर जिला एवं प्रमंडल स्तर तक के सभी सरकारी कार्यालयों में आम नागरिक सीधे संबंधित पदाधिकारी से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे.
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए किसी वकील या बिचौलिए की आवश्यकता नहीं होगी. अधिकारी और शिकायतकर्ता आमने-सामने बैठकर समस्या का समाधान करेंगे. साथ ही जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी किसानों की रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है और उसका सत्यापन कार्य लगातार जारी है.
वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने कहा कि साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए पूरे बिहार में साइबर थाना स्थापित किया गया है, जहां तकनीकी रूप से दक्ष डीएसपी स्तर के अधिकारियों की तैनाती की गई है. इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है.
प्रशासन की इस पहल से आम जनता को त्वरित न्याय और राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें-बिहार के भागलपुर में देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और स्मैक के साथ शातिर अपराधी को पुलिस ने दबोचा
इसे भी पढ़ें-नगर आयुक्त ने टेंडर निष्पादन में अधिकारियों को दिया 1 सप्ताह का अल्टीमेटम

