Bihar Crime News : सीवान में महाराजगंज शहर के पुरानी बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है. ग्राहक बनकर पहुंचे एक युवक ने मौका पाकर करीब 6 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन लेकर फरार हो गया.
चेन दिखाने के दौरान वारदात
अल्का ज्वेलर्स के संचालक अशोक कुमार सोनी ने बताया कि सोमवार दोपहर एक युवक दुकान पर आया और सोने की चेन दिखाने को कहा. दुकानदार और उनके भाई उसे अलग-अलग डिजाइन की चेन दिखाने लगे. युवक ने करीब छह चेन देखने के बाद कहा कि उसे इससे ज्यादा भारी चेन चाहिए.
इसी दौरान दुकानदार का भाई दूसरी चेन लाने के लिए बगल में गया. उसी समय युवक ने मौके का फायदा उठाया और काउंटर पर रखी करीब 70 ग्राम वजन की छह चेन लेकर वहां से निकल गया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
कुछ दूर तक किया पीछा, फिर नहीं मिला सुराग
दुकानदार ने बताया कि जब तक उन्हें घटना का अंदाजा हुआ, युवक तेजी से दुकान से निकल चुका था. उन्होंने कुछ दूर तक उसका पीछा भी किया, लेकिन वह नजरों से ओझल हो गया. इसके बाद घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की. थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने बताया कि फुटेज में संदिग्ध युवक की तस्वीर साफ दिखाई दे रही है. घटनास्थल के पास से उसकी मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है और उसके नंबर के आधार पर पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
पहले भी मिल चुकी है रंगदारी की धमकी
बताया जाता है कि इसी ज्वेलरी दुकान को पहले भी बदमाशों की ओर से धमकी मिल चुकी है. दिसंबर 2025 में अपराधियों ने दुकान के बाहर फायरिंग कर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगते हुए पर्चा फेंका था. इसके बाद जनवरी 2026 में भी दोबारा रंगदारी की मांग की गई थी.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक की पहचान के लिए अलग-अलग पहलुओं पर काम किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें-बिहार म्यूजियम और पटना म्यूजियम के बीच बनेगा टनल, पर्यटकों के लिए आसान होगा भ्रमण
इसे भी पढ़ें-ड्रोन तकनीक से बढ़ेगी पुलिस की निगरानी, बिहार में 50 हाई-टेक ड्रोन की होगी खरीद
इसे भी पढ़ें-बिहार में अंचलाधिकारियों को चेतावनी: राजस्व कार्यों में ढिलाई करने वालों को मिलेगी सजा, आदेश जारी


