22.1 C
Delhi
17 February 2026, Tuesday
Home Blog Page 56

The Raja Saab Film : प्रभास की ‘द राजा साब’ से मालविका मोहनन का फर्स्ट लुक जारी, कहानी में छिपा बड़ा राज

प्रभास की 'द राजा साब'
ओपनिंग डे पर 100 करोड़ क्लब में एंट्री.

The Raja Saab Film : सुपरस्टार प्रभास की आने वाली फिल्म ‘द राजा साब’ को लेकर दर्शकों की बेसब्री लगातार बढ़ती जा रही है. फिल्म पहले से ही चर्चा में है और अब मेकर्स ने एक नए पोस्टर के जरिए इस उत्सुकता को और तेज कर दिया है. इस बार फिल्म के एक अहम महिला किरदार का पहला लुक सामने लाया गया है.

यह किरदार निभा रही हैं अभिनेत्री मालविका मोहनन, जो फिल्म में ‘भैरवी’ के रूप में नजर आएंगी. उनका फर्स्ट लुक सामने आते ही यह साफ हो गया है कि उनका रोल कहानी में सिर्फ दिखावे तक सीमित नहीं होगा, बल्कि इसमें गहराई और रहस्य छिपा है.

पोस्टर में दिखा अलग ही अंदाज

नए पोस्टर में मालविका मोहनन ब्लैक शीयर साड़ी और स्ट्रॉन्ग ब्लाउज में दिखाई दे रही हैं. उन्होंने स्टाइलिश ज्वेलरी, एक खास डिजाइन वाला हैंडबैग और सनग्लासेस कैरी किया हुआ है. उनका हावभाव शांत है, लेकिन आंखों और बॉडी लैंग्वेज से एक अनकहा खतरा झलकता है.

पोस्टर की बैकग्राउंड सेटिंग—अंधेरा, सन्नाटा और रहस्यमय गलियारा—फिल्म के हॉरर और सुपरनैचुरल टोन को साफ तौर पर जाहिर करता है. यह लुक इशारा करता है कि भैरवी का किरदार कहानी की दिशा बदलने की ताकत रखता है.

कहानी के रहस्य से जुड़ा है भैरवी का रोल

फिल्म से जुड़े संकेत बताते हैं कि भैरवी का किरदार आकर्षण और डर के बीच संतुलन बनाता नजर आएगा. वह सिर्फ प्रभास के किरदार से जुड़ी नहीं होगी, बल्कि फिल्म की रहस्यमयी दुनिया की एक अहम कड़ी साबित हो सकती है. ऐसे समय में इस लुक का सामने आना फिल्म की हाइप को और ऊंचा ले गया है.

रिलीज डेट और पूरी स्टारकास्ट

‘द राजा साब’ 9 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. यह फिल्म हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज की जाएगी.

फिल्म में प्रभास के अलावा संजय दत्त, बोमन ईरानी, निधि अग्रवाल, रिद्धि कुमार और मालविका मोहनन अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. फिल्म का निर्देशन और लेखन मारुति ने किया है. इसे भारत की बड़ी हॉरर-फैंटेसी फिल्मों में से एक माना जा रहा है.

इसे भी पढ़ें-फ्लॉप हुई रितेश, विवेक और आफताब की कॉमेडी फिल्म, 50 करोड़ में कमाई सिर्फ इतनी

इसे भी पढ़ें-रिकॉर्डतोड़ कमाई पर अक्षय खन्ना ने दिया सबसे शांत रिएक्शन, 3 शब्दों में कही बात

Central Grant : मोदी सरकार ने जारी किया 723 करोड़ का पंचायत फंड, राजस्थान और झारखंड की ग्राम पंचायतों को सीधी राहत

मोदी सरकार ने जारी किया 723 करोड़ का पंचायत फंड
मोदी सरकार ने जारी किया 723 करोड़ का पंचायत फंड.

Central Grant केंद्र सरकार ने ग्रामीण स्तर की पंचायतों को आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. राजस्थान और झारखंड की ग्राम, प्रखंड और जिला पंचायतों के लिए 723 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि जारी की गई है.

यह राशि 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अंतर्गत दी गई है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और स्थानीय विकास कार्यों को मजबूती मिल सके.

राजस्थान की पंचायतों को मिली अतिरिक्त ताकत

राजस्थान को वित्तीय वर्ष 2025–26 की शुरुआत में 303.04 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है. यह अनुदान राज्य की 24 जिला परिषदों, 339 पंचायत समितियों और 3,857 ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों के लिए निर्धारित है.

इसके साथ ही वर्ष 2024–25 में तकनीकी कारणों से रोकी गई 145.24 करोड़ रुपये की राशि भी अब जारी कर दी गई है. यह पैसा उन्हीं पंचायतों को दिया गया है, जिन्होंने केंद्र सरकार द्वारा तय किए गए मानकों को पूरा किया था.

झारखंड को मिली पहली किस्त

झारखंड को वित्तीय वर्ष 2024–25 के लिए 275.12 करोड़ रुपये की पहली किश्त दी गई है. इस सहायता से राज्य की 24 जिला परिषदों, 253 प्रखंड पंचायतों और 4,342 ग्राम पंचायतों को लाभ मिलेगा. सरकार का लक्ष्य है कि इस धनराशि से गांवों में विकास योजनाएं तेज़ी से आगे बढ़ें.

कैसे जारी होता है पंचायत अनुदान

ग्रामीण निकायों को मिलने वाली यह राशि वित्त मंत्रालय द्वारा जारी की जाती है. इसके लिए पंचायती राज मंत्रालय और जल शक्ति मंत्रालय (पेयजल एवं स्वच्छता विभाग) की अनुशंसा ली जाती है. 15वें वित्त आयोग के तहत यह अनुदान आम तौर पर साल में दो चरणों में दिया जाता है.

दो हिस्सों में बांटी जाती है राशि

पंचायतों को मिलने वाला अनुदान दो प्रकार का होता है—अप्रतिबंधित और बंधित.
अप्रतिबंधित राशि का उपयोग पंचायतें अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार कर सकती हैं, लेकिन इसका इस्तेमाल वेतन या कार्यालय खर्चों में नहीं किया जा सकता.

बुनियादी सुविधाओं पर होगा खर्च

बंधित अनुदान को केवल आवश्यक सेवाओं पर खर्च करना अनिवार्य है. इसमें स्वच्छता अभियान, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, सुरक्षित पेयजल व्यवस्था, वर्षा जल संरक्षण और गंदे पानी के पुनः उपयोग जैसे कार्य शामिल हैं. सरकार का मानना है कि इससे गांवों में स्वच्छता, जल प्रबंधन और जीवन स्तर में ठोस सुधार आएगा.

इसे भी पढ़ें-यूपी में ठंड और कोहरे का डबल अटैक, 31 शहरों में ऑरेंज अलर्ट

इसे भी पढ़ें-2026 से लागू होगा नया आयकर कानून, महंगे और नुकसानदेह उत्पादों पर रहेगा ऊंचा टैक्स जारी

Disclaimer: शेयर बाजार में निवेश से जुड़े किसी भी तरह के खरीद-फरोख्त का सुझाव HelloCities24 द्वारा नहीं दिया जाता है. यहां प्रकाशित बाजार विश्लेषण विभिन्न मार्केट एक्सपर्ट्स और ब्रोकरेज संस्थानों के आकलन पर आधारित होते हैं. निवेश से पहले प्रमाणित वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य करें.

Bihar News : बिहटा–सरमेरा फोरलेन खून से लाल; मवेशी लदी पिकअप पलटी, पशु कारोबारी पिता–पुत्र की मौत

मवेशी लदी पिकअप पलटी
मवेशी लदी पिकअप पलटी.

Bihar News : बिहार में बिहटा–सरमेरा फोरलेन एक बार फिर खून से लाल हो गया. शनिवार की अहले सुबह पचरुखिया थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव के पास, ओवरब्रिज के पूरब स्थित मशरूम फैक्ट्री के नजदीक मवेशी लदी एक पिकअप वैन को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

पशु व्यवसाय से जुड़े पिता–पुत्र की मौके पर मौत

इस दर्दनाक हादसे में पशु व्यवसाय से जुड़े हरगौरी यादव (55) और उनके पुत्र वीरबल यादव (20) की घटनास्थल पर ही जान चली गई. दोनों देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरनीसिधो गांव के निवासी बताए गए हैं. वे दुधारू पशुओं को लेकर बक्सर से देवघर की ओर जा रहे थे.

मवेशियों की भी मौत, दो लोग गंभीर घायल

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिकअप में लदी एक गाय और एक भैंस की भी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गाय और एक बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए. सड़क पर बिखरे मवेशी और क्षतिग्रस्त वाहन देख लोगों की भीड़ जुट गई.
पिकअप चालक कन्हैया कुमार (22) और मदन कुमार (38) हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को नजदीकी निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

सूचना मिलते ही पचरुखिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन हटवाया गया, जिसके बाद फोरलेन पर यातायात बहाल हो सका. पुलिस ने फरार अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है. आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है.

लगातार हादसों से लोगों में आक्रोश

इधर, स्थानीय लोगों ने बिहटा–सरमेरा फोरलेन पर लगातार हो रहे हादसों पर चिंता जताई है. उनका कहना है कि कोहरे के मौसम में तेज रफ्तार और भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर सख्त रोक नहीं लगी तो यह सड़क आगे भी जानलेवा साबित होती रहेगी.

इसे भी पढ़ें-बिजली कनेक्शन कटने का मैसेज आए तो न घबराएं, साइबर ठगों का नया तरीका, डराकर वसूली की कोशिश

इसे भी पढ़ें-ऑनलाइन ठगी में पुलिस ने पाया नया तरीका, अपराधी दूर-दराज से कर रहे हैं ऑपरेशन

Arvind Akela Kallu Viral Bhojpuri Song : ‘लगाई दिहीं चोलिया के हुक’…; बचपन की आवाज ने बनाया स्टार, 100 मिलियन पार कर चुका है कल्लू का हिट गाना

Arvind Akela Kallu Viral Bhojpuri Song
Arvind Akela Kallu Viral Bhojpuri Song.

Arvind Akela Kallu Viral Bhojpuri Song : डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भोजपुरी गानों की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है. खासकर इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया ऐप्स पर भोजपुरी म्यूजिक पर बनी रील्स को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. बड़ी संख्या में युवा कंटेंट क्रिएटर भोजपुरी गानों को अपनी पहचान बना चुके हैं और कई तो इसी वजह से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में उभरे हैं.

एक गाने से बदल गया करियर

भोजपुरी इंडस्ट्री में कई ऐसे उदाहरण हैं, जहां एक गाना कलाकार की किस्मत बदल देता है. ऐसा ही कुछ हुआ था सिंगर अरविंद अकेला कल्लू के साथ. बहुत कम उम्र में उन्होंने वह मुकाम हासिल किया, जो कई कलाकार सालों में भी नहीं कर पाते.

बचपन में ही बन गए पहचान

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अरविंद अकेला कल्लू ने महज सात साल की उम्र में अपनी आवाज से लोगों का ध्यान खींच लिया था. साल 2004 में रिलीज हुए गीत “लगाई दिहीं चोलिया के हुक राजाजी” ने उन्हें भोजपुरी संगीत जगत में एक अलग पहचान दिलाई. यह गीत उस दौर में खासा चर्चित रहा और बच्चों की आवाज में गाया गया यह गाना लोगों को खूब पसंद आया.

सुनें कल्लू का वो वायरल गाना

आज भी बना हुआ है गाने का क्रेज

समय बीतने के बावजूद यह गीत आज भी दर्शकों के बीच अपनी पकड़ बनाए हुए है. यूट्यूब पर यह गाना 100 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है. वेव म्यूजिक के आधिकारिक चैनल पर मौजूद इस गीत को लाखों लोगों ने पसंद किया है और हजारों यूजर्स अब भी इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दर्ज करा रहे हैं.

टीमवर्क का नतीजा बना सुपरहिट

इस गाने की सफलता के पीछे पूरी टीम का योगदान रहा. दमदार बोल, आकर्षक संगीत और मासूम आवाज ने इसे यादगार बना दिया. यही वजह है कि यह गीत आज भी भोजपुरी म्यूजिक की चर्चित सूची में शामिल किया जाता है.

अरविंद अकेला कल्लू के करियर की यह शुरुआती सफलता आगे चलकर उनकी पहचान की मजबूत नींव साबित हुई और वे भोजपुरी इंडस्ट्री के चर्चित कलाकारों में शामिल हो गए.

गाने से जुड़ी पूरी जानकारी

विवरणजानकारी
एल्बमहाई वोल्टेज वाली
गानालगाई दिहीं चोलिया के हुक राजाजी (Lagayi Dinhi Choliya Ke Hook Rajaji)
सिंगरअरविंद अकेला कल्लू
लिरिक्सआर. आर. पंकज
म्यूजिकविनय विनायक
कंपोजरपारस मिधा
कंपनीवेव म्यूजिक
डिजिटल पार्टनरलोकधुन

इसे भी पढ़ें-सोशल मीडिया पर फिर छाया काजल–खेसारी का रोमांस, पुराना गाना बना नया ट्रेंड

इसे भी पढ़ें-पवन सिंह का शो में तगड़ा एंट्री स्टाइल, मजाक में कहा— ऐसा चोखा बनाऊंगा कि तीन दिन बाथरूम से बाहर नहीं निकलोगे

इसे भी पढ़ें-सोशल मीडिया पर फिर धमाकेदार वापसी — पवन सिंह का ‘जवार हो या जिला’ गाना ट्रेंड में वापस

इसे भी पढ़ें-पवन सिंह के नए गाने पर झूम उठा बिहार, ‘जोड़ी मोदी नीतीश के हिट होई’ सोशल मीडिया पर हिट

UP Cold Wave Alert : यूपी में ठंड और कोहरे का डबल अटैक, 31 शहरों में ऑरेंज अलर्ट

Cold Wave Alert
4 से 6 जनवरी के बीच ठंड और बढ़ेगी.

UP Cold Wave Alert : उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. कई इलाकों में हालात ऐसे बन गए हैं कि सुबह के वक्त सड़कों पर कुछ मीटर आगे देख पाना भी मुश्किल हो गया. भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के लिए घने कोहरे और शीत दिवस को लेकर कड़ी चेतावनी जारी की है.

23 शहरों में रेड, 31 में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 23 शहरों में घने कोहरे का रेड अलर्ट और 31 शहरों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है. इसके साथ ही शनिवार को 20 जिलों में शीत दिवस बने रहने की संभावना जताई गई है. पश्चिमी यूपी के मेरठ में न्यूनतम तापमान गिरकर 5.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम स्तर है. मेरठ और इटावा में सर्दी का असर सबसे ज्यादा महसूस किया गया.

शून्य दृश्यता से यातायात प्रभावित

शुक्रवार सुबह प्रदेश के पांच प्रमुख केंद्रों पर दृश्यता शून्य दर्ज की गई, जिससे सड़क और हवाई यातायात पर गहरा असर पड़ा. बरेली, गोरखपुर, कुशीनगर और कानपुर में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे. बहराइच, लखनऊ एयरपोर्ट, फतेहगढ़, कानपुर शहर और हरदोई में दृश्यता घटकर करीब 20 मीटर तक सिमट गई.

तापमान सामान्य से काफी नीचे

तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है. सुलतानपुर में अधिकतम तापमान केवल 13.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 8 डिग्री से ज्यादा कम है. बहराइच में अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. दिन में भी ठंड का असर बना रहने से लोग घरों में रहने को मजबूर दिखे.

शीतलहर और पाले से बढ़ी मुश्किलें

प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर के साथ पाला गिरने की स्थिति बनने लगी है. बर्फीली हवाओं की वजह से गलन और ठिठुरन चरम पर पहुंच गई है. मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को भी कई जिलों में रेड अलर्ट जारी रह सकता है.

जेट स्ट्रीम का असर, गलन बनी खतरनाक

जेट स्ट्रीम की ऊंचाई में गिरावट के चलते कश्मीर से लेकर बिहार तक ठंड का व्यापक असर देखने को मिल रहा है. उत्तर प्रदेश में सुबह से ही गलन शुरू हो जाती है, जो शाम तक और तीखी हो जाती है. बीते दो दिनों से लगातार घना कोहरा छाए रहने के कारण दृश्यता शून्य तक पहुंच रही है, जिसे मौसम विशेषज्ञ बेहद खतरनाक स्थिति मान रहे हैं.

इसे भी पढ़ें-ट्रेनों का किराया बढ़ा; 26 दिसंबर से नई दरें लागू, यात्रियों की जेबें होंगी भारी!

इसे भी पढ़ें-सरपंच पद के लिए 10वीं पास अनिवार्यता फिर प्रस्तावित, शिक्षा की शर्त बहाल करने की तैयारी

Bihar News : बिजली कनेक्शन कटने का मैसेज आए तो न घबराएं, साइबर ठगों का नया तरीका, डराकर वसूली की कोशिश

साइबर ठगों का नया तरीका, डराकर वसूली की कोशिश
साइबर ठगों का नया तरीका, डराकर वसूली की कोशिश.

Bihar News : बिहार में साइबर ठगों ने बिजली उपभोक्ताओं को निशाना बनाकर ठगी का नया पैटर्न अपनाया है. ठग बकाया बिल का हवाला देकर फोन कॉल और मैसेज भेज रहे हैं और डर पैदा कर तत्काल भुगतान कराने की कोशिश कर रहे हैं.

लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद ऊर्जा विभाग और बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड ने उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली कंपनियों के नाम से आने वाले हर संदेश को बिना पुष्टि सच न मानें.

कनेक्शन कटने का डर दिखाकर बनाते हैं दबाव

हाल के दिनों में कई उपभोक्ताओं को ऐसे कॉल और मैसेज मिले हैं, जिनमें कहा गया कि उनका बिजली बिल बकाया है और तुरंत भुगतान नहीं करने पर उसी दिन कनेक्शन काट दिया जाएगा. कई बार कॉल करने वाला खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर बातचीत करता है और घबराहट पैदा कर पैसे ट्रांसफर करवाने की कोशिश करता है.

ऊर्जा विभाग ने साफ किया है कि बिजली कंपनियां उपभोक्ताओं को इस तरह की चेतावनी या धमकी भरे कॉल नहीं करतीं.

असली और नकली संदेश में कैसे करें फर्क

ऊर्जा सचिव सह बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह के अनुसार, बिजली कंपनी की ओर से भेजे जाने वाले आधिकारिक एसएमएस में किसी अधिकारी या कर्मचारी का निजी मोबाइल नंबर शामिल नहीं होता.

वास्तविक संदेशों में उपभोक्ता संख्या और बकाया राशि का विवरण जरूर होता है, लेकिन बिजली काटने की तारीख या समय नहीं लिखा जाता. यदि किसी मैसेज में मोबाइल नंबर दिया गया हो या तुरंत कॉल करने को कहा जाए, तो उसे संदिग्ध मानें.

रिमोट एक्सेस एप के जरिए खाली हो रहा खाता

साइबर अपराधी अब तकनीकी सहायता के नाम पर उपभोक्ताओं से रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड करवा रहे हैं. जैसे ही यह एप मोबाइल में इंस्टॉल होता है, ठग फोन का नियंत्रण हासिल कर लेते हैं और बैंक खाते या डिजिटल वॉलेट से पैसे निकाल लेते हैं.

ऊर्जा विभाग ने चेतावनी दी है कि बिजली कंपनी की ओर से केवल अधिकृत मोबाइल एप ही मान्य हैं. स्मार्ट प्रीपेड उपभोक्ताओं के लिए बिहार बिजली स्मार्ट मीटर एप, ऊर्जा स्मार्ट मीटर एप तथा नॉर्थ और साउथ बिहार के निर्धारित स्मार्ट मीटर एप का ही उपयोग करें. भुगतान के लिए विभागीय वेबसाइट या गूगल पे, पेटीएम और फोनपे जैसे विश्वसनीय माध्यम अपनाएं.

ठगी की आशंका हो तो तुरंत करें शिकायत

यदि किसी उपभोक्ता को संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन ठगी का सामना करना पड़े, तो बिना देरी किए साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज करानी चाहिए. इसके लिए 1930, 155260 या 0612-2215142 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है.

ऊर्जा विभाग ने दोहराया है कि बिजली बिल या कनेक्शन से जुड़े किसी भी संदेश पर जल्दबाजी में कार्रवाई न करें. थोड़ी सी सतर्कता आपको आर्थिक नुकसान से बचा सकती है.

इसे भी पढ़ें-ऑनलाइन ठगी में पुलिस ने पाया नया तरीका, अपराधी दूर-दराज से कर रहे हैं ऑपरेशन

इसे भी पढ़ें-थानों में आने-जाने वालों पर अब पुलिस की रहेगी सीधी नजर

Purnea News : बिचौलियों और भू-माफियाओं को कोई संरक्षण नहीं, जनता की समस्या सर्वोपरि: विजय सिन्हा

Deputy Chief Minister Vijay Sinha
Deputy Chief Minister Vijay Sinha.

Purnea News : पूर्णिया में आयोजित भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजस्व और भूमि सुधार व्यवस्था में बिचौलियों, दलालों और भू-माफियाओं की भूमिका किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी.
उन्होंने कहा कि सरकार की पूरी व्यवस्था परेशान आम जनता को केंद्र में रखकर काम करेगी.

जनकल्याण संवाद में 14 अंचलों की समस्याएं सामने आईं

पूर्णिया के प्रेक्षागृह में शुक्रवार को आयोजित जनकल्याण संवाद कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने जिले के सभी 14 अंचलों से आए भूमि विवाद से पीड़ित लोगों की बातें सुनीं. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर मामले का समाधान नियमानुसार, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए.

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल किसी प्रकार की सुर्खियां बटोरने या भाषण देने के लिए नहीं है. इसका उद्देश्य केवल जनता की वास्तविक परेशानियों को समझना और उनका व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करना है.

दलालों और भूमाफियाओं पर सख्त कार्रवाई का संकेत

विजय सिन्हा ने दो टूक कहा कि राजस्व व्यवस्था में बिचौलियों, दलालों और भूमाफियाओं की संलिप्तता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं होगी. उन्होंने यह भी कहा कि सफेदपोश बनकर भूमाफियाओं को संरक्षण देने वाले तत्वों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई की योजना बनाई गई है.

उन्होंने अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि भूमाफियाओं और जालसाजों पर प्राथमिकी दर्ज करने की स्थिति में विभाग पूरी मजबूती से अपने अधिकारियों के साथ खड़ा रहेगा.

दबाव की राजनीति को किया जाएगा खत्म

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी मंत्री, नेता या वरिष्ठ अधिकारी का नाम लेकर हल्का, अंचल या जिला स्तर पर अवांछित दबाव बनाने की प्रवृत्ति को सख्ती से रोका जाएगा. उन्होंने कहा कि राजस्व कर्मचारी, अंचलाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता और अपर समाहर्ता पर किसी भी प्रकार का अनावश्यक दबाव स्वीकार्य नहीं होगा.

यदि कहीं इस तरह का दबाव बनाने का प्रयास होता है, तो संबंधित अधिकारी को तत्काल विभाग को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं.

भूमि विवाद कम करने की दिशा में संवाद की पहल

विजय सिन्हा ने कहा कि इस जनसंवाद का उद्देश्य राजस्व और भूमि सुधार से जुड़ी मूलभूत समस्याओं को समझना है. लक्ष्य यह है कि हल्का और अंचल स्तर पर इतनी पारदर्शी व्यवस्था विकसित हो, जिससे भूमि विवाद की संभावना न्यूनतम रह जाए.

उन्होंने कहा कि यदि विवाद उत्पन्न होते भी हैं, तो उनका समाधान अंचलाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता और अपर समाहर्ता के स्तर पर समयबद्ध तरीके से हो, ताकि न्यायालयों पर अनावश्यक बोझ न पड़े.

पहले 100 दिनों में बड़े सुधार का लक्ष्य

उपमुख्यमंत्री ने भूमि सुधार को जटिल और संवेदनशील विषय बताते हुए कहा कि इसमें सुधार के लिए सोच-समझ और समय दोनों की आवश्यकता है. इसी कारण विभाग ने अपने कार्यकाल के पहले 100 दिनों में प्रमंडलवार और फिर जिलावार जनसंवाद करने का निर्णय लिया है.

उन्होंने बताया कि इस दौरान जमीनी फीडबैक के आधार पर स्पष्ट, जनोपयोगी और पारदर्शी नीतियां तैयार की जाएंगी.

दाखिल-खारिज, परिमार्जन और ई-मापी पर फोकस

पहले 100 दिनों में सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन और ई-मापी को प्राथमिकता दी है. दिसंबर महीने में सभी अंचलाधिकारियों और राजस्व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं.

अंचल स्तर पर नियम, प्रक्रिया और अधिकारों की जानकारी बैनर और पोस्टर के माध्यम से साझा करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही 9-9-6 व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक, सप्ताह में 6 दिन कार्य होगा.

14 जनवरी के बाद होगी क्षेत्रवार समीक्षा

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 14 जनवरी के बाद क्षेत्रवार गहन समीक्षा की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि सही लोग, चाहे वे अधिकारी-कर्मचारी हों या आम नागरिक, किसी भी स्थिति में पीड़ित नहीं होंगे. वहीं गलत करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

उन्होंने कहा कि समय पर न्याय देना विभाग की प्राथमिकता है, क्योंकि न्याय में देरी भी अन्याय के समान है. दूसरे चरण में सर्वे कार्य, सरकारी भूमि का डाटाबैंक तैयार करने और अतिक्रमण की समस्या के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

डीएम ने किया अतिथियों का स्वागत

कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया. इस अवसर पर विभाग के प्रधान सचिव, सचिव, आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें-ऑनलाइन ठगी में पुलिस ने पाया नया तरीका, अपराधी दूर-दराज से कर रहे हैं ऑपरेशन

Bhagalpur News : थानों में आने-जाने वालों पर अब पुलिस की रहेगी सीधी नजर

भागलपुर
पीएम किसान योजना में पंजीकरण व e-KYC बढ़ाने पर जोर.

Bhagalpur News : भागलपुर जिले के सभी थानों में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर अब वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों की सीधी निगरानी होगी. इसके लिए थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का नियमित अनुश्रवण किया जाएगा.

सीसीटीवी निगरानी से बढ़ेगी पारदर्शिता और जवाबदेही

जिलाधिकारी भागलपुर ने स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि यह कदम बिहार पुलिस मुख्यालय और राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो, पटना के दिशा-निर्देशों के अनुरूप है. सभी थानों और ओपी में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का अनुश्रवण केवल तकनीकी व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सतत और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी.

थानों में आने वाले फरियादियों, अभियुक्तों, गवाहों और अन्य व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की अनियमितता या मानवाधिकार उल्लंघन की घटनाओं को रोकना है.

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि सीसीटीवी कैमरों और संबंधित उपकरणों का नियमित निरीक्षण, रख-रखाव और मरम्मत सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी कैमरा निष्क्रिय न रहे. जिला स्तरीय निगरानी समिति समय-समय पर फुटेज की समीक्षा करेगी और मासिक प्रतिवेदन संबंधित विभाग को भेजना अनिवार्य होगा.

यह कदम पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने, थानों में अनुशासन बढ़ाने और आम जनता का विश्वास मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि इससे थानों में शिकायतों में कमी आएगी और कार्यसंस्कृति बेहतर होगी.

इसे भी पढ़ें-ऑनलाइन ठगी में पुलिस ने पाया नया तरीका, अपराधी दूर-दराज से कर रहे हैं ऑपरेशन

Bihar Crime : ऑनलाइन ठगी में पुलिस ने पाया नया तरीका, अपराधी दूर-दराज से कर रहे हैं ऑपरेशन

क्राइम
ज्वेलरी शॉप से 50 लाख+ की लूट.

Bihar Crime : बिहार के भागलपुर शहर में हुई 2.30 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच में पता चला है कि ठगी करने वाला गिरोह लगातार अपना लोकेशन बदल रहा है ताकि पकड़ से बचा जा सके.

जांच अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान मिले संपर्क नंबरों की तकनीकी जाँच की गई, जिसमें पाया गया कि अपराधी अलग-अलग नेटवर्क और स्थानों का इस्तेमाल कर रहे हैं. इस रणनीति से वे पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश कर रहे हैं.

पुलिस के अनुसार, ठगी के मामले में एक बुजुर्ग और एक बैंक मैनेजर को निशाना बनाया गया. कुल 2.30 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर तुरंत निकाल ली गई, जिससे जांच भ्रमित हो गई. जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह संगठित तरीके से काम कर रहा है और इसके सदस्य राज्य की सीमाओं के बाहर भी सक्रिय हैं.

पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया है, जो जल्द ही राज्य से बाहर जाकर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करेगी. अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान और अहम सुराग मिलने की संभावना है.

सामान्य जनता से पुलिस ने अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या ऑनलाइन लेनदेन से सावधानी बरतें और किसी भी साइबर ठगी की जानकारी तुरंत साइबर थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें.

इसे भी पढ़ें-बिहार के इस जिले में फिरौती के लिए अगवा युवक सकुशल बरामद, दबोचे गए 4 आरोपी

Aaj Ka Rashifal 27 December 2025 : आपके सितारे क्या कह रहे हैं; जानिए ग्रहों की चाल से दिन कैसा रहेगा

Rashifal
Aaj Ka Rashifal 13 February 2026.

Aaj Ka Rashifal 27 December 2025 : शनिवार, 27 दिसंबर 2025 को पौष माह के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि उपरांत अष्टमी तिथि रहेगी. ग्रह स्थिति पर नजर डालें तो सूर्य, मंगल और शुक्र धनु राशि में, चंद्रमा मीन राशि में, राहु कुंभ राशि में और केतु सिंह राशि में स्थित हैं. शनि मीन और बुध वृश्चिक, गुरु बृहस्पति मिथुन राशि में हैं. आज का दिन प्रत्येक राशि के लिए अलग-अलग ऊर्जा और अवसर लेकर आया है.

मेष राशि

आज का दिन आपके लिए ऊर्जा और आत्मविश्वास से भरा रहेगा. कार्यों में स्पष्टता और जोश नजर आएगा.
करियर/व्यवसाय: वरिष्ठ अधिकारी आपके काम की सराहना कर सकते हैं.
रिश्ते: जीवनसाथी के साथ संवाद से मतभेद दूर होंगे.
स्वास्थ्य: ऊर्जा अच्छी रहेगी, लेकिन शाम तक थकान हो सकती है.
सावधानी: आवेश में निर्णय न लें.
उपाय: सूर्य को जल अर्पित करें.
शुभ रंग: लाल / हल्का नारंगी | शुभ अंक: 1, 9

वृषभ राशि

आज मानसिक शांति की तलाश और भौतिक सुखों की ओर झुकाव रहेगा.
करियर/व्यवसाय: कार्यक्षेत्र में तालमेल बनाकर चलें, जल्दबाजी न करें.
रिश्ते: जीवनसाथी को उपहार देकर प्रसन्नता बढ़ा सकते हैं.
स्वास्थ्य: पेट संबंधी परेशानी हो सकती है.
सावधानी: उधार के लेन-देन से बचें.
उपाय: शिव पूजा और सफेद मिठाई का भोग.
शुभ रंग: सफेद / क्रीम | शुभ अंक: 2, 7

मिथुन राशि

आज संवाद और बौद्धिक चर्चाओं में दिन अच्छा रहेगा.
करियर/व्यवसाय: आईटी, मार्केटिंग और संचार क्षेत्र में नए अवसर मिल सकते हैं.
रिश्ते: पार्टनर और भाई-बहनों के साथ संबंध मजबूत होंगे.
स्वास्थ्य: आंखों में तनाव और अनिद्रा की संभावना.
सावधानी: अफवाहों पर ध्यान न दें.
उपाय: गणेश जी को दूर्वा अर्पित करें.
शुभ रंग: हरा / हल्का पीला | शुभ अंक: 3, 6

कर्क राशि

आज संवेदनशीलता अधिक रहेगी और घर-परिवार पर ध्यान केंद्रित रहेगा.
करियर/व्यवसाय: मेहनत और एकाग्रता की जरूरत.
रिश्ते: जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करेंगे.
स्वास्थ्य: ठंडी चीजों से बचें, जुकाम या गले में खराश संभव.
सावधानी: अजनबियों पर जल्दी भरोसा न करें.
उपाय: शिव अभिषेक और पीपल के पेड़ के पास दीपक.
शुभ रंग: सफेद / हल्का नीला | शुभ अंक: 2, 4

सिंह राशि

आज आपका व्यक्तित्व आकर्षक और प्रभावशाली रहेगा.
करियर/व्यवसाय: सरकारी या प्रबंधन क्षेत्र में सफलता के योग.
रिश्ते: पारिवारिक जीवन मधुर रहेगा.
स्वास्थ्य: ऊर्जा बनी रहेगी, हृदय रोगियों को संभलकर चलना चाहिए.
सावधानी: अहंकार से बचें.
उपाय: सूर्योदय के समय सूर्य देव को जल अर्पित करें.
शुभ रंग: सुनहरा / गहरा लाल | शुभ अंक: 1, 5

कन्या राशि

आज विश्लेषण और योजना में सफलता मिलेगी.
करियर/व्यवसाय: लेखन, अकाउंट, डेटा या शिक्षा क्षेत्र में अनुकूल दिन.
रिश्ते: पारदर्शिता और ईमानदारी बनी रहेगी.
स्वास्थ्य: पाचन और मानसिक थकान पर ध्यान दें.
सावधानी: ज्यादा सोचने से बचें.
उपाय: विष्णु पूजा और पीले फूल अर्पित करें.
शुभ रंग: गहरा हरा / पेस्टल शेड्स | शुभ अंक: 5, 8

तुला राशि

आज संतुलन और सामंजस्य बनाए रखने की जरूरत है.
करियर/व्यवसाय: साझेदारी में किए गए कार्य सफल होंगे.
रिश्ते: प्रेम जीवन मधुर रहेगा.
स्वास्थ्य: सामाजिक गतिविधियों के कारण थकान संभव.
सावधानी: फिजूलखर्ची से बचें.
उपाय: लक्ष्मी पूजन और तिल का दीपक.
शुभ रंग: सफेद / हल्का नीला | शुभ अंक: 2, 7

वृश्चिक राशि

आज मानसिक दृढ़ता और रणनीति महत्वपूर्ण रहेगी.
करियर/व्यवसाय: विरोधियों के बावजूद चतुराई से काम पूरा होगा.
रिश्ते: परिवार में उतार-चढ़ाव संभव.
स्वास्थ्य: शरीर के निचले हिस्से में दर्द.
सावधानी: कटु शब्दों से बचें.
उपाय: हनुमान चालीसा का पाठ.
शुभ रंग: गहरा लाल / मैरून | शुभ अंक: 1, 8

धनु राशि

आज सकारात्मक सोच और नई संभावनाएं मिलेंगी.
करियर/व्यवसाय: शिक्षा, काउंसलिंग और बैंकिंग क्षेत्र में लाभ.
रिश्ते: परिवार या गुरु का मार्गदर्शन मिलेगा.
स्वास्थ्य: मांसपेशियों में खिंचाव या कमर दर्द संभव.
सावधानी: निवेश सोच-समझकर करें.
उपाय: बृहस्पति मंत्र का जाप.
शुभ रंग: पीला / केसरिया | शुभ अंक: 3, 9

मकर राशि

आज अनुशासन और परिश्रम फलदायी रहेगा.
करियर/व्यवसाय: तकनीकी, निर्माण और प्रबंधन क्षेत्र में लाभ.
रिश्ते: पारिवारिक जीवन स्थिर रहेगा.
स्वास्थ्य: जोड़ों में दर्द परेशान कर सकता है.
सावधानी: अपनों की भावनाओं की अनदेखी न करें.
उपाय: शनि पूजा और दीपक.
शुभ रंग: काला / गहरा नीला | शुभ अंक: 4, 8

कुंभ राशि

आज नवीनता और वैचारिक स्पष्टता बनी रहेगी.
करियर/व्यवसाय: आईटी, तकनीक और शोध क्षेत्र में सफलता.
रिश्ते: मित्रों और परिवार के साथ सामंजस्य बढ़ेगा.
स्वास्थ्य: पैरों या टखनों में हल्का दर्द.
सावधानी: आलस्य को त्यागें.
उपाय: हनुमान पूजा और चोला अर्पित करें.
शुभ रंग: आसमानी नीला / गहरा नीला | शुभ अंक: 8, 11

मीन राशि

आज कल्पनाशीलता, करुणा और आध्यात्मिक शांति का दिन है.
करियर/व्यवसाय: कला, संगीत, लेखन, चिकित्सा या शिक्षा क्षेत्र में प्रगति.
रिश्ते: भावनात्मक जुड़ाव मजबूत होगा.
स्वास्थ्य: पर्याप्त नींद लें.
सावधानी: भावुक होकर वित्तीय निर्णय न लें.
उपाय: विष्णु आराधना और हनुमान चालीसा.
शुभ रंग: पीला / सुनहरा | शुभ अंक: 3, 7

इसे भी पढ़ें-2026 से लागू होगा नया आयकर कानून, महंगे और नुकसानदेह उत्पादों पर रहेगा ऊंचा टैक्स जारी