TMBU: टीएमबीयू में शिक्षकों और कर्मचारियों के लीव बैलेंस को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. विवि से तीन बार रिमाइंडर भेजे जाने के बावजूद कॉलेजों और पीजी विभागों ने अभी तक आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं करायी है. समर्थ पोर्टल पर 20 साल से अधिक पुराने लीव बैलेंस को अपडेट करना अनिवार्य है, जिसमें प्रत्येक शिक्षक और कर्मचारी का विवरण दर्ज करना होता है.
सरकार ने टीएमबीयू सहित राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया है कि समर्थ पोर्टल के माध्यम से छुट्टी, परीक्षा और नामांकन से जुड़े सभी कार्य किए जाएँ. इस बाबत विवि प्रशासन को वर्ष 2025 के 12 दिसंबर को पहला पत्र, वर्ष 2026 में दूसरा रिमाइंडर और 20 मार्च 2026 को तीसरा रिमाइंडर भेजा गया. इसके बावजूद कॉलेज और पीजी विभागों से लीव बैलेंस की जानकारी प्राप्त नहीं हुई है.
लीव बैलेंस न अपडेट होने से समस्या
विवि अधिकारियों के अनुसार शिक्षकों और कर्मचारियों का लीव बैलेंस अपडेट न होने के कारण छुट्टी की स्थिति का पता नहीं चल पा रहा है. किसने कितनी छुट्टी ली, इसकी सही जानकारी न होने से विवि को लीव बैलेंस का सही आंकड़ा नहीं मिल रहा है. इसके चलते कर्मचारियों और शिक्षकों के लीव बैलेंस में लगातार वृद्धि हो रही है. जबकि सरकार के निर्देश के अनुसार अब सभी छुट्टियाँ केवल समर्थ पोर्टल के माध्यम से ही लेनी होंगी, ताकि विवि कर्मचारियों के लीव का रिकॉर्ड सही ढंग से रख सके और अधिक छुट्टी लेने पर रोक भी लगा सके.
समर्थ पोर्टल पर आवेदन नहीं हो पा रहे स्वीकार
विवि के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार कुछ कॉलेजों में कर्मचारियों ने समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन छुट्टी के लिए आवेदन किया, लेकिन पोर्टल ने उन्हें स्वीकार नहीं किया. कई मामलों में कुछ कर्मचारियों का लीव बैलेंस समाप्त हो चुका है, इसलिए उनका आवेदन पोर्टल स्वीकार नहीं कर रहा. इसी तरह के कई और मामले भी सामने आ रहे हैं.
रजिस्ट्रार ने भेजा कड़ा पत्र
टीएमबीयू के रजिस्ट्रार प्रो. रामाशीष पूर्वे ने कहा कि अब सभी कॉलेजों और पीजी विभागों को कड़ा पत्र भेजा जा रहा है. इसके साथ ही उन्हें एक निर्धारित समय दिया जाएगा. यदि इसके बाद भी लीव बैलेंस की जानकारी अपडेट नहीं की जाती है, तो इसकी शिकायत प्रभारी कुलपति से की जाएगी और उनके आदेश पर कड़ी कार्रवाई भी हो सकती है.
इसे भी पढ़ें-भागलपुर को मिल रही बड़ी सौगात, बनेगा 500 क्षमता वाला हीफर स्टेशन और कृत्रिम गर्भाधान केंद्र
इसे भी पढ़ें-बिहार के भागलपुर SDM कार्यालय में निगरानी का बड़ा एक्शन, 70 हजार रुपये रिश्वत लेते दो कर्मी गिरफ्तार

