RBSE 12th Result 2026: राजस्थान बोर्ड 12वीं रिजल्ट 2026 का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों की नजर अब नतीजों की तारीख पर टिकी हुई है. पिछले साल बोर्ड ने 22 मई 2025 को 12वीं का परिणाम घोषित किया था. इस बार माना जा रहा है कि नतीजे उससे पहले भी जारी किए जा सकते हैं. इसकी बड़ी वजह यह है कि उत्तर पुस्तिकाओं की जांच प्रक्रिया मार्च महीने में ही लगभग पूरी हो चुकी है. हालांकि बोर्ड की ओर से अभी तक रिजल्ट की आधिकारिक तारीख और समय का एलान नहीं किया गया है. उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही बोर्ड इसको लेकर औपचारिक सूचना जारी करेगा.
कॉपियों की जांच समय पर पूरी, इसलिए बढ़ी उम्मीद
इस बार मूल्यांकन कार्य तय समय से काफी तेजी से आगे बढ़ा है. जानकारी के मुताबिक, अधिकांश कॉपियों की जांच मार्च में ही पूरी कर ली गई थी. ऐसे में छात्र और अभिभावक यह उम्मीद कर रहे हैं कि राजस्थान बोर्ड 12वीं का परिणाम पिछले साल की तुलना में कुछ पहले जारी हो सकता है.
हालांकि अंतिम फैसला बोर्ड प्रशासन की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगा. इसलिए विद्यार्थियों को फिलहाल आधिकारिक अपडेट का इंतजार करना होगा.
स्कूल से मिलेगी ओरिजिनल मार्कशीट
रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्रों को अपनी असली मार्कशीट और सर्टिफिकेट लेने के लिए संबंधित स्कूल जाना होगा. बोर्ड की ओर से परिणाम जारी होने के कुछ दिन बाद सभी स्कूलों में मार्कशीट भेजी जाएगी.
इसके बाद स्कूल प्रशासन अपने-अपने विद्यार्थियों को ये दस्तावेज उपलब्ध कराएगा. इसलिए छात्र रिजल्ट देखने के बाद स्कूल से संपर्क बनाए रखें.
वेबसाइट पर मिलने वाली मार्कशीट होगी अस्थायी
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र जो मार्कशीट ऑनलाइन डाउनलोड करेंगे, वह प्रोविजनल यानी अस्थायी होगी. उसमें अंक सही दर्ज होंगे, लेकिन उसे अंतिम दस्तावेज नहीं माना जाएगा.
इस ऑनलाइन मार्कशीट का उपयोग फिलहाल एडमिशन, आवेदन या अन्य जरूरी कामों के लिए किया जा सकता है. लेकिन आगे के आधिकारिक कामों के लिए स्कूल से मिलने वाली ओरिजिनल मार्कशीट ही मान्य होगी.
रोल नंबर डालकर ऐसे देख सकेंगे रिजल्ट
राजस्थान बोर्ड 12वीं का रिजल्ट छात्र ऑनलाइन मोड में चेक कर सकेंगे. नतीजे जारी होने के बाद बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर रिजल्ट लिंक उपलब्ध करा दिया जाएगा. इसके बाद छात्र अपना रोल नंबर दर्ज करके स्कोर देख पाएंगे.
रिजल्ट चेक करने के लिए छात्रों को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajresults.nic.in या rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाना होगा. वहां होमपेज पर 12वीं रिजल्ट 2026 का लिंक दिखाई देगा, जिस पर क्लिक कर रिजल्ट देखा जा सकेगा.
9.58 लाख से ज्यादा छात्रों को नतीजों का इंतजार
राजस्थान बोर्ड 12वीं की परीक्षाएं इस साल 12 फरवरी से शुरू होकर 11 मार्च तक आयोजित की गई थीं. इस बार परीक्षा में 9.58 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था.
अब इतने बड़े स्तर पर परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राएं अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. जैसे ही बोर्ड की ओर से नतीजों की तारीख घोषित होगी, रिजल्ट को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी.
इसे भी पढ़ें-किन छात्रों को करनी चाहिए JEE की तैयारी और किसे चुनना चाहिए दूसरा करियर
इसे भी पढ़ें-रिजल्ट जारी, मुन्ना कुमार ने टॉप कर रैंक 1 हासिल की

