Bihar Crime News : पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज अनुमंडल में एक किशोर की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. मानपुर थाना क्षेत्र के डमरापुर गांव में सोमवार सुबह 16 वर्षीय लड़के पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली गई. घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में शुरू हुआ विवाद
मृतक की पहचान डमरापुर वार्ड संख्या 10 निवासी शेषमन राम के बेटे झोटिल कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि रविवार रात गांव में एक बारात आई थी, जहां ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम आयोजित किया गया था.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
कार्यक्रम के दौरान झोटिल कुमार की गांव के ही कुछ युवकों से कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों ने मामले को शांत कराने के लिए अगले दिन पंचायत बुलाने का फैसला किया.
पंचायत स्थल पर हमला
सोमवार सुबह रामलखनपुर चौक के पास पंचायत बुलाई गई, जिसमें गांव के मुखिया और सरपंच समेत कई लोग मौजूद थे. जानकारी के अनुसार कुछ लोग झोटिल कुमार को उसके घर से बुलाकर पंचायत स्थल तक ले आए.
जैसे ही वह वहां पहुंचा और बाइक से उतरा, पहले से मौजूद युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
घायल किशोर को तुरंत नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल के चिकित्सक डॉ. समीर आलम ने बताया कि किशोर के पेट में गहरा घाव था और अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ जय प्रकाश सिंह समेत पुलिस के कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की. पुलिस का कहना है कि परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है.
अधिकारियों के अनुसार हमलावरों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
बताया जाता है कि मृतक आठवीं कक्षा का छात्र था. उसके पिता केरल में मजदूरी करते हैं. परिवार में चार भाई और एक बहन हैं. घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मानपुर थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेजा गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें-बिहार में पटाखा विवाद के बाद युवक की चाकू मारकर हत्या, 2 घायल; गांव में पसरा मातम
इसे भी पढ़ें-सहरसा में समृद्धि यात्रा पर पहुंचे नीतीश कुमार, 500 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास
इसे भी पढ़ें-पटना में गैस किल्लत की अफवाह पर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने कहा- घबराकर एडवांस बुकिंग न करें

