Jamshedpur News : परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह चौक स्थित हीरो कंपनी के सर्विस सेंटर में चोरी की घटना सामने आयी है. अज्ञात चोरों ने सर्विस सेंटर के मेन गेट का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और कैश काउंटर से करीब 55 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गये. यह घटना 28 मार्च की देर रात की बतायी जा रही है. चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है. हालांकि कैमरे में दिख रहे तीनों चोरों ने अपना चेहरा ढक रखा था.
सुबह खुला सेंटर तो सामने आयी वारदात
घटना के संबंध में सर्विस सेंटर के मैनेजर तपन पाल ने बताया कि 27 मार्च को काम खत्म होने के बाद सर्विस सेंटर को बंद कर दिया गया था. इसके बाद 28 मार्च को विसर्जन जुलूस के कारण सेंटर बंद रहा. 29 मार्च की सुबह जब वे करीब आठ बजे सर्विस सेंटर खोलने पहुंचे, तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला. यह देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई.
कैश काउंटर का लॉक टूटा, नकदी गायब
अंदर जाकर देखने पर कैश काउंटर का लॉक भी टूटा हुआ मिला. जांच करने पर पता चला कि काउंटर में रखे करीब 55 हजार रुपये गायब हैं. इसके बाद मामले की जानकारी तुरंत परसुडीह पुलिस को दी गयी. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
सीसीटीवी में दिखे तीन संदिग्ध
चोरी की घटना को अंजाम देने वाले तीन लोगों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. हालांकि तीनों ने अपना चेहरा ढक रखा था, जिससे उनकी पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है.
इसे भी पढ़ें-गया-हावड़ा वंदे भारत पर पत्थरबाजी, धोखरा हॉल्ट के पास तीन पकड़े गये

