Jharkhand Weather Alert: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ली है. साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से राज्य के कई इलाकों में बादल छाए और सोमवार को कई जिलों में बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है. संभावित खराब मौसम को देखते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
कई जिलों में हुई बारिश, गर्मी से मिली राहत
सोमवार को झारखंड के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक वर्षा बोकारो में 24 मिमी रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा धनबाद में करीब 10 मिमी बारिश हुई, जबकि जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में भी कई जगहों पर रुक-रुक कर बारिश हुई. बारिश के साथ चली तेज हवाओं के कारण तापमान में हल्की गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. कई इलाकों में शाम के समय मौसम सुहावना हो गया.
10 मार्च को इन जिलों में बारिश और वज्रपात के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 10 मार्च को झारखंड के उत्तर-पूर्वी और मध्य हिस्सों में बादल गरजने के साथ बारिश हो सकती है. जिन जिलों में मौसम के बिगड़ने की संभावना जताई गई है उनमें रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ शामिल हैं. इन इलाकों में तेज हवा के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है. खुले मैदानों में जाने या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की भी अपील की गई है.
11 मार्च को भी जारी रहेगा मौसम का प्रभाव
मौसम विभाग के मुताबिक 11 मार्च को भी राज्य के कई जिलों में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है. पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं.
रांची में बादल और हल्की बारिश की संभावना
राजधानी रांची में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है. 10 मार्च को दिनभर आसमान में आंशिक बादल बने रहने की संभावना है. दोपहर या शाम के समय ये बादल घने होकर गरज वाले बादलों में बदल सकते हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है. वहीं 11 मार्च को भी दोपहर के बाद बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 12 से 14 मार्च के बीच मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है. इसके बाद 15 मार्च को फिर से गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.
तापमान में उतार-चढ़ाव के संकेत
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. सोमवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान सरायकेला-खरसांवा में 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान गुमला में 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहा. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री दर्ज किया गया. बोकारो में अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री और न्यूनतम 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
बारिश से जलजमाव, आवागमन प्रभावित
सोमवार की बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव की समस्या भी देखने को मिली. बोकारो थर्मल और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद हुई बारिश के चलते डीवीसी ओवरब्रिज पर घुटनों तक पानी जमा हो गया. इससे पैदल चलने वाले लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी. स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज के पास जलनिकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण हर बारिश में पानी भर जाता है. नालियों में जमा कचरा और बालू भी समस्या को बढ़ा देता है.
किसानों की फसलों को नुकसान की आशंका
अचानक बदले मौसम का असर खेती पर भी पड़ा है. कई क्षेत्रों में सरसों और चना की फसलें प्रभावित हुई हैं. जिन किसानों की फसल कटाई के करीब थी, उन्हें अधिक नुकसान होने की आशंका है. तेज हवा के कारण कई जगहों पर आम के पेड़ों की मंजरियां भी झड़ गई हैं. पेटरवार और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि की खबर भी मिली है. इससे गेहूं, प्याज, टमाटर और गोभी जैसी फसलों को नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है.
अचानक बदले मौसम से लोग भी परेशान
गिरिडीह, धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया. कुछ ही देर में आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई. अचानक हुई इस बारिश से बाजारों और सड़कों पर मौजूद लोग भीग गए. कई लोगों को दुकानों और इमारतों के नीचे शरण लेनी पड़ी. करीब आधे से एक घंटे तक हुई बारिश के बाद मौसम ठंडा और सुहावना हो गया, लेकिन कई जगहों पर सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हुई.
इसे भी पढ़ें-
बिहार के 27 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट, देखें अपनी जगह का हाल
हवा का झोंका, मेघगर्जन का डर: बिहार के 15 से ज्यादा जिलों में येलो अलर्ट, जानें कब बदलेगा मौसम?


