Eastern Railway Campaign: यात्रियों को रेलवे से जुड़ी सभी सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने वाले रेलवन ऐप के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए ईस्टर्न रेलवे ने विशेष अभियान शुरू किया है. एक सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों को ऐप के इस्तेमाल के लिए प्रेरित करना है.
जनरल मैनेजर ने किया अभियान का शुभारंभ
शुक्रवार को ईस्टर्न रेलवे के जनरल मैनेजर मिलिंद देउस्कर ने इस अभियान की शुरुआत की. इस अवसर पर रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान ईस्टर्न रेलवे के स्काउट्स और गाइड्स वॉलंटियर्स ने भी सक्रिय भूमिका निभाई और अभियान को आगे बढ़ाने में सहयोग किया.
पश्चिम बंगाल की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
वॉलंटियर्स ने रेलवन ऐप के फायदे को दर्शाने के लिए एक लघु स्किट भी प्रस्तुत किया, जिसकी जनरल मैनेजर ने सराहना की. इसके साथ ही उन्होंने यात्रियों और कर्मचारियों के बीच ऐप को लोकप्रिय बनाने के लिए संवाद के माध्यम से एक आकर्षक डेमोंस्ट्रेशन भी पेश किया.
एक ही ऐप में कई रेलवे सेवाएं
रेलवन ऐप को कम दूरी और लंबी दूरी दोनों तरह के यात्रियों के लिए उपयोगी बनाया गया है. इस ऐप के माध्यम से यात्री लोकल ट्रेन का टिकट खरीद सकते हैं, रिजर्वेशन कर सकते हैं, प्लेटफॉर्म टिकट ले सकते हैं और ट्रेन की लाइव लोकेशन भी देख सकते हैं.
इसके अलावा यात्री कोच की स्थिति जानने, पीएनआर स्टेटस चेक करने और ‘रेल मदद’ के जरिए सहायता प्राप्त करने जैसी कई सुविधाओं का लाभ भी एक ही ऐप के माध्यम से मिल सकता है.
स्टेशनों पर कैंप लगाकर दी जा रही जानकारी
अभियान के तहत ईस्टर्न रेलवे के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर स्टेशन प्लेटफॉर्म पर विशेष कैंप कार्यालय बनाए गए हैं. इन कैंपों के माध्यम से यात्रियों को रेलवन ऐप डाउनलोड करने और उसका इस्तेमाल करने का तरीका समझाया जा रहा है.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का मकसद यात्रियों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ना और रेलवे से संबंधित अधिकांश सुविधाओं को मोबाइल पर उपलब्ध कराना है, ताकि यात्रा के दौरान लोगों को अधिक सुविधा मिल सके.
मालदा टाउन स्टेशन : ‘यात्रियों को दी गई डिजिटल सेवाओं की जानकारी
रेलवे की डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर RailOne ऐप को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. यह कार्यक्रम ईस्टर्न रेलवे में 6 से 12 मार्च तक चल रहे RailOne ऐप अवेयरनेस कैंपेन के तहत आयोजित किया गया.

अधिकारियों ने यात्रियों को बताया ऐप का उपयोग
कार्यक्रम के दौरान मालदा डिवीजन के सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर कार्तिक सिंह ने असिस्टेंट कमर्शियल मैनेजर रसराज माजी के साथ यात्रियों से बातचीत की. उन्होंने यात्रियों को RailOne ऐप डाउनलोड करने और इसका इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया.
अधिकारियों ने बताया कि RailOne ऐप रेलवे सेवाओं के लिए एक ऑल-इन-वन डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिससे यात्रियों को कई सुविधाएं एक ही जगह पर मिल जाती हैं.
एक ही ऐप में कई सुविधाएं उपलब्ध
जागरूकता कार्यक्रम में यात्रियों को RailOne ऐप की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई. इसमें टिकट बुकिंग, रियल-टाइम ट्रेन अपडेट, पीएनआर स्टेटस चेक करना, कोच की पोजीशन देखना और प्लेटफॉर्म टिकट खरीदने जैसी सुविधाएं शामिल हैं.
इसके अलावा यात्रियों को यह भी बताया गया कि ‘रेल मदद’ के जरिए वे यात्रा के दौरान किसी भी तरह की सहायता भी प्राप्त कर सकते हैं.
अन्य स्टेशनों पर भी चलाया गया अभियान
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, डिजिटल रेलवे सेवाओं को बढ़ावा देने और RailOne ऐप के प्रति यात्रियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए साहिबगंज, भागलपुर और जमालपुर रेलवे स्टेशनों पर भी इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए.
इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को मोबाइल आधारित सुविधाओं से जोड़ना और रेलवे सेवाओं को अधिक सरल व सुलभ बनाना है.
इसे भी पढ़ें-लिलुआ जंबोरेट 2026: पूर्व रेलवे ने समग्र विजेता का खिताब अपने नाम किया
इसे भी पढ़ें-कोलकाता में अनोखी कार्डियक सर्जरी, पहली बार कम्प्लीट हार्ट ब्लॉक मरीज को लगा स्थायी पेसमेकर
