Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 132वें एपिसोड में पश्चिम एशिया में जारी युद्ध से बने हालात पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि यह समय संयम, सतर्कता और एकजुटता का है. पीएम ने देशवासियों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल सरकार की ओर से जारी जानकारी पर भरोसा करें. उन्होंने भरोसा जताया कि देश ने पहले भी मुश्किल समय का डटकर सामना किया है और इस बार भी 140 करोड़ भारतीय मिलकर इस चुनौती से पार पाएंगे. प्रधानमंत्री ने साफ कहा कि घबराने की नहीं, बल्कि जिम्मेदारी से व्यवहार करने की जरूरत है.
खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों का जिक्र
During the 132nd episode of Mann Ki Baat, PM Modi says, "Currently, a fierce war has been going on for the past one month in our neighbourhood. Relatives of lakhs of families reside in these countries, particularly working in the Gulf regions. I am very grateful to the Gulf… pic.twitter.com/yeI9DNCrlm
— ANI (@ANI) March 29, 2026
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में उन लाखों भारतीयों का भी उल्लेख किया, जो पश्चिम एशिया और खासकर खाड़ी देशों में रहकर काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत के अनेक परिवारों के सदस्य इन देशों में रहते हैं, ऐसे में वहां की स्थिति का असर यहां के लोगों की भावनाओं पर भी पड़ता है. पीएम ने खाड़ी देशों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वहां रह रहे भारतीयों को हर तरह की सहायता दी जा रही है. उन्होंने इस सहयोग को भारत और उन देशों के बीच मजबूत रिश्तों का उदाहरण बताया.
पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर चिंता
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस क्षेत्र में संघर्ष चल रहा है, वही दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति का एक अहम केंद्र है. ऐसे में स्वाभाविक तौर पर इसका असर पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता और कीमतों पर पड़ रहा है. उन्होंने माना कि मौजूदा हालात चुनौतीपूर्ण हैं, लेकिन भारत अपनी कूटनीतिक मजबूती, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और अपनी तैयारियों के दम पर स्थिति का सामना कर रहा है. पीएम मोदी ने कहा कि देश को इस समय घबराहट नहीं, बल्कि धैर्य और समझदारी की जरूरत है.
अफवाह फैलाने वालों पर सख्त टिप्पणी
ईंधन संकट को लेकर फैल रही चर्चाओं और अफवाहों पर प्रधानमंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस गंभीर विषय को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, जो उचित नहीं है. पीएम ने कहा कि यह मामला देश के 140 करोड़ लोगों के हित से जुड़ा हुआ है और इसमें संकीर्ण राजनीति की कोई जगह नहीं होनी चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वाले देश को नुकसान पहुंचा रहे हैं. प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक जानकारी के आधार पर ही निर्णय लें.
सामूहिक शक्ति से पार पाएगा देश
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों के आत्मविश्वास को मजबूत करने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि भारत ने हर कठिन दौर में सामूहिक शक्ति का परिचय दिया है और इस बार भी वही ताकत देश को आगे ले जाएगी. पीएम ने कहा कि एकजुटता, जागरूकता और धैर्य के साथ भारत इस संकट पर भी विजय हासिल करेगा.
इसे भी पढ़ें-पश्चिम एशिया संकट के बीच पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों से की बातचीत, तैयारी और समन्वय पर जोर
इसे भी पढ़ें-लॉकडाउन की चर्चाओं पर क्या है सरकार का रुख? हरदीप सिंह पुरी ने दिया जवाब

