इस खबर में क्या है?
Delhi Hotel Fire: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में लगी भीषण आग के दौरान कई ऐसे दृश्य सामने आए, जिन्होंने लोगों को झकझोर कर रख दिया. आग और धुएं के बीच इमारत में फंसे लोग किसी भी तरह बाहर निकलने की कोशिश करते रहे. नीचे मौजूद स्थानीय लोगों ने भी अपनी जान की परवाह किए बिना बचाव में हाथ बंटाया. कई लोगों ने सड़क पर गद्दे और कंबल बिछाकर ऊपर से कूद रहे लोगों को सुरक्षित उतारने का प्रयास किया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की लपटें तेजी से फैलने के साथ ही इमारत के भीतर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. बाहर निकलने का रास्ता बंद होने पर कई लोगों ने ऊपरी मंजिलों से छलांग लगाने का फैसला किया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में भी हादसे की भयावह तस्वीरें दिखाई दे रही हैं.
धुएं से घिरे लोग खिड़कियों से मांगते रहे मदद
आग लगने के कुछ ही समय बाद पूरी इमारत में धुआं भरने लगा. हालात ऐसे हो गए कि कई लोग कमरों और गलियारों में फंस गए. जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने खिड़कियों के शीशे तोड़े और बाहर निकलने की कोशिश की. कई लोग खिड़कियों से झांकते हुए मदद के लिए आवाज लगाते दिखाई दिए.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सीढ़ियों और अंदरूनी रास्तों में धुआं भर जाने के कारण कई लोगों के सामने कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा था. ऐसे में अलग-अलग मंजिलों से कई लोगों ने नीचे छलांग लगा दी. इनमें एक महिला भी थी, जिसकी गोद में एक छोटा बच्चा था.
होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत
मालवीय नगर के हौज रानी क्षेत्र में स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में बुधवार सुबह आग लगने के बाद बड़ा हादसा हो गया. इस घटना में कम से कम 21 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं.
दमकल विभाग, पुलिस और राहत एजेंसियों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया. अधिकारियों के अनुसार राहत कार्य के दौरान कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.
चौथी मंजिल से उतरने की कोशिश में हादसा
आग से बचने की कोशिश में कई लोग जोखिम उठाने को मजबूर हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चौथी मंजिल पर मौजूद एक विदेशी दंपति ने खिड़की का शीशा और ग्रिल तोड़कर पाइप के सहारे नीचे उतरने का प्रयास किया. हालांकि संतुलन बिगड़ने के कारण दोनों नीचे गिर गए.
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पूरी इमारत के आसपास अफरा-तफरी का माहौल था. लोग लगातार मदद के लिए पुकार रहे थे और बाहर निकलने के रास्ते तलाश रहे थे. कई लोग अपनी जान बचाने के लिए ऊंचाई से कूदने को मजबूर हो गए.
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
दमकल और बचाव दल के पूरी तरह सक्रिय होने से पहले आसपास के लोगों ने राहत कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इलाके के दुकानदारों और निवासियों ने तुरंत गद्दे, कंबल और अन्य सामान इकट्ठा कर इमारत के नीचे बिछा दिए.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब भी किसी के कूदने की आशंका होती थी, लोग गद्दों को उसी दिशा में खिसका देते थे ताकि गिरने वाले व्यक्ति को कम चोट लगे. इस दौरान कई लोगों की जान बचाने में यह प्रयास मददगार साबित हुआ.
महिला ने बच्चे को सीने से लगाकर लगाई छलांग
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने बताया कि एक महिला अपनी गोद में बच्चे को लेकर ऊपरी मंजिल पर फंसी हुई थी. जब हालात और बिगड़ने लगे तो उसने बच्चे को मजबूती से पकड़कर नीचे छलांग लगा दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उससे पहले और बाद में भी कई लोगों ने जान बचाने के लिए यही रास्ता अपनाया.
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान नीचे मौजूद लोग लगातार फंसे हुए लोगों को हिम्मत बंधाते रहे और उन्हें सुरक्षित दिशा में आने के लिए आवाज देते रहे.
बचाव कार्य में बनी मानव शृंखला
हादसे के दौरान स्थानीय निवासियों ने मिलकर मानव शृंखला भी बनाई. कई लोग इमारत के अंदर मौजूद लोगों को खिड़कियों की ओर आने का रास्ता बताते रहे ताकि उन्हें बाहर निकाला जा सके.
कुछ लोग वीडियो बना रहे लोगों से रिकॉर्डिंग छोड़कर राहत कार्य में मदद करने की अपील करते भी दिखाई दिए. कई स्थानीय निवासी घायलों को उठाकर नजदीकी अस्पतालों तक पहुंचाने में भी जुटे रहे.
40 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया
अधिकारियों के अनुसार बचाव दल ने इमारत से 40 से अधिक लोगों को बाहर निकाला. मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल बताए गए हैं. प्रशासन को आशंका है कि गंभीर रूप से झुलसे कुछ घायलों की स्थिति को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है.
राहत और जांच का काम जारी है, जबकि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियां विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही हैं.
इसे भी पढ़ें-
- दिल्ली में दर्दनाक अग्निकांड, 21 की मौत, खिड़कियों और छतों से कूदे लोग, पीएम मोदी ने जताया दुख
- बिहार में कब तक दस्तक देगा मानसून?, IMD ने दी राहत भरी अपडेट
- दिल्ली समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, राजस्थान में अभी जारी रहेगी भीषण लू
- बिहार में कहीं लू तो कहीं बारिश-आंधी का कहर, कई जिलों में अलर्ट
- बिहार में मौसम का दिखेगा रौद्र रूप, 19 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

