President in Jharkhand : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 दिसंबर को झारखंड के दौरे पर रहेंगी. वह रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पहुंचने के बाद सेना के तीन हेलीकॉप्टरों के माध्यम से जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट आएंगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह करीब 10:20 बजे उनका आगमन होगा, जहां उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा. इसके बाद राष्ट्रपति सड़क मार्ग से करनडीह स्थित दिशोम जाहेरथान जाएंगी.
करनडीह और एनआईटी में उच्च स्तरीय सुरक्षा इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर करनडीह के जाहेरथान परिसर और आदित्यपुर स्थित एनआईटी कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है. शुक्रवार से ही स्पेशल फोर्स की तैनाती शुरू हो जाएगी. सुरक्षा एजेंसियों की अनुमति के बिना इन स्थलों पर किसी भी प्रकार की गतिविधि या आम लोगों की आवाजाही पर रोक रहेगी. प्रशासन और खुफिया एजेंसियां पूरे कार्यक्रम को लेकर सतर्क हैं.
आदिवासी परंपरा, ओलचिकी समारोह और दीक्षांत में शिरकत
करनडीह में राष्ट्रपति पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज के अनुसार पूजा-अर्चना करेंगी. इस दौरान वह ओलचिकी लिपि के प्रवर्तक पंडित रघुनाथ मुर्मू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी. ओलचिकी लिपि के शताब्दी वर्ष के समापन अवसर पर आयोजित समारोह में देश और विदेश से आए अतिथियों को सम्मानित किया जाएगा. आयोजकों के अनुसार राष्ट्रपति अपने संबोधन में संताली भाषा का प्रयोग कर सकती हैं. कार्यक्रम को लेकर पूजा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सजावट और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है.
एक दिन पहले पहुंचेंगे राज्यपाल और मुख्यमंत्री
करनडीह में प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राष्ट्रपति के आगमन से एक दिन पहले ही जमशेदपुर पहुंचेंगे. समारोह में करीब 100 विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति प्रस्तावित है. राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए हवाई क्षेत्र से लेकर जमीनी स्तर तक बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है.
इसे भी पढ़ें-झारखंड के लोगों की सुखद होगी रेलयात्रा, रेल मंत्री ने कई मांगें मानी


