Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की आठ स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर शुक्रवार को मतदान होगा. चुनाव प्रचार बुधवार शाम समाप्त हो गया है और अब उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला मतदाता करेंगे. मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा. चुनाव के लिए मतदान केंद्रों पर बैलेट बॉक्स पहुंचाने का काम गुरुवार रात तक पूरा कर लिया जाएगा. इन आठ सीटों पर कुल 150 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि 5,32,547 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. मतगणना 27 अक्टूबर को होगी.
933 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग, शिक्षक और स्नातक मतदाताओं के लिए अलग व्यवस्था
आठ निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के लिए कुल 933 केंद्र बनाए गए हैं. इनमें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 335 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 598 मतदान केंद्र शामिल हैं. कुल मतदाताओं में करीब 4.92 लाख स्नातक और 40 हजार शिक्षक मतदाता हैं.
आठ सीटों पर आज प्रचार का आखिरी मौका, 164 उम्मीदवारों की किस्मत 23 अक्टूबर को होगी तय
मतदान की तैयारियों के तहत सभी संबंधित जिला निर्वाचन पदाधिकारियों की ओर से 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित किया जाएगा. मतदाताओं और चुनाव से संबंधित सूचनाओं के लिए टॉल फ्री नंबर भी उपलब्ध रहेगा. सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए सुरक्षा कर्मियों को गुरुवार को ही रवाना कर दिया जाएगा.
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: चार सीटों पर इन उम्मीदवारों के बीच मुकाबला
सारण में आनंद पुष्कर, अफाक अहमद और जयराम यादव के बीच टक्कर
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मुकाबला दिलचस्प हो गया है. रालोमो से निलंबित रामपुकार सिन्हा के चुनाव मैदान से हटने के बाद जदयू के आनंद पुष्कर का सामना जनसुराज के अफाक अहमद और राजद के जयराम यादव से है. अफाक अहमद इसी सीट से वर्तमान विधान पार्षद हैं. पिछले चुनाव में उन्होंने आनंद पुष्कर को हराया था. राजद ने भी जयराम यादव को उम्मीदवार बनाया है.
पटना में भाजपा और राजद के प्रत्याशियों पर नजर
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राजद के डॉ. संजीव कुमार और भाजपा के नवल किशोर यादव के बीच मुकाबला है. जनसुराज की ओर से दिव्या ज्योति और कांग्रेस की ओर से संजय कुमार भी चुनाव मैदान में हैं.
तिरहुत में भाजपा और भाकपा के उम्मीदवार आमने-सामने
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के संजय कुमार के बीच मुकाबला है. जनसुराज के श्यामनंद यादव भी इस सीट पर चुनौती पेश कर रहे हैं.
दरभंगा में कांग्रेस, जदयू और राजद के बीच त्रिकोणीय मुकाबला
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा, जदयू के घनश्याम रॉय और राजद के कुमर राऊत चुनाव मैदान में हैं. यहां तीनों दलों के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा.
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: पटना से कोसी तक चुनावी मुकाबले पर नजर
पटना में नीरज कुमार के सामने अनुज सिंह की चुनौती
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना सीट का मुकाबला खास चर्चा में है. यहां जदयू के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ अनुज सिंह चुनाव लड़ रहे हैं. अनुज सिंह को जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का समर्थन मिल रहा है. राजद की ओर से छात्र नेता दिलीप कुमार भी मैदान में हैं.
तिरहुत में निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी भी मुकाबले में
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी, जदयू के अभिषेक झा और राजद की रश्मि विनायक के बीच मुकाबला है.
दरभंगा में भाजपा, राजद और कांग्रेस के उम्मीदवार आमने-सामने
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में राजद के अनिल कुमार झा, भाजपा के सर्वेश कुमार और कांग्रेस के रजनीकांत पाठक के बीच चुनावी टक्कर होगी.
कोसी में एनके यादव, नीतेश कुमार और मनोज कुमार के बीच मुकाबला
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में एनके यादव, राजद के नीतेश कुमार और कांग्रेस के मनोज कुमार चुनाव मैदान में हैं. इस सीट पर इन तीनों उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा.
कोसी स्नातक चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारी तेज, अजीत शर्मा के आवास पर बनी रणनीति
27 अक्टूबर को होगी मतगणना
शुक्रवार को मतदान समाप्त होने के बाद सभी आठ निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव परिणामों के लिए मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी. कुल 150 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटियों में बंद होगी. मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए संबंधित जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के स्तर पर इंतजाम किए गए हैं.
इसे भी पढ़ें-



