Dhanbad News: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के एट लेन मेमको मोड़ के पास गुरुवार रात लक्ष्मी मार्बल सेंटर में आग फैल गई. आग लगने की खबर मिलते ही तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की. समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पाई थी. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार नुकसान लगभग आठ से दस लाख रुपये तक हो सकता है.
स्थानीय लोगों ने आग की सूचना दी
दुकान के मालिक रवींद्र साव शाम को दुकान बंद कर अपने घर लौट चुके थे. रात करीब 9.30 बजे आसपास के दुकानदारों ने धुआं और लपटें निकलते देख बरवाअड्डा पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने अग्निशमन विभाग को बुलाया. दमकलकर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. स्थानीय लोगों ने बताया कि आग पहले दुकान के पीछे लगी और फिर धीरे-धीरे पूरे परिसर में फैल गई. दुकान के अंदर फाल्स सिलिंग लगी थी और गैस सिलेंडर भी रखा हुआ था.
शटर के कारण राहत कार्य में मुश्किल
दुकान का सामने का शटर बंद होने के कारण दमकलकर्मी अंदर प्रवेश नहीं कर पाए. आग तेजी से फैल रही थी. देर रात शटर काटने के लिए गैस कटर का प्रयास किया गया, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण इसमें कठिनाई आई. समाचार तैयार होने तक आग को पूरी तरह नियंत्रित नहीं किया जा सका.
इसे भी पढ़ें-रातू में विधिक जागरूकता शिविर, कानून और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

