इस खबर में क्या है?
Mamata Banerjee Howrah Rally 2026 : जगतबल्लभपुर (हावड़ा) के बड़गछिया मैदान में मंगलवार को बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार अभियान के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने मंच से दावा किया कि चुनाव आयोग ने एक कथित साजिश के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर बदलाव किए हैं और करीब 90 लाख वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं.
ममता बनर्जी ने इस पूरी प्रक्रिया को “वोट चोरी” का बड़ा खेल बताते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है और जनता के वोटिंग अधिकार को कमजोर करने की कोशिश है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया के नाम पर किया जा रहा है, लेकिन इसके पीछे राजनीतिक मंशा छिपी हुई है.
मुख्यमंत्री ने भीड़ से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी नागरिक को मतदान से रोका जाए तो उसे चुप नहीं रहना चाहिए और विरोध दर्ज कराना चाहिए.
AI के जरिए 90 लाख नाम हटाने का गंभीर आरोप
ममता बनर्जी ने अपने भाषण में दावा किया कि AI तकनीक का दुरुपयोग कर बंगाल की वोटर लिस्ट से 90 लाख लोगों के नाम हटाए या गलत तरीके से दर्ज किए गए हैं. उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया सुनियोजित तरीके से की जा रही है ताकि कुछ वर्गों के वोटिंग अधिकार को प्रभावित किया जा सके. उनके अनुसार इनमें 60 लाख हिंदू मतदाता और 30 लाख अल्पसंख्यक मतदाता शामिल हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बंगाल के वास्तविक मतदाताओं के अधिकारों को कमजोर कर दूसरे राज्यों से लोगों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है, जिससे चुनावी संतुलन प्रभावित हो सकता है.
झाड़ू उठाने और विरोध करने की अपील
हजारों की भीड़ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी नागरिक को उसका मताधिकार प्रयोग करने से रोका जाता है तो उसे चुप नहीं रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में लोग खुलकर विरोध करें और जरूरत पड़ने पर “झाड़ू उठाकर” जवाब दें. ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला करते हुए उन्हें झूठा, भ्रष्टाचारी और दंगाई राजनीति करने वाला बताया. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में इस तरह की राजनीति पहले कभी नहीं देखी.
हावड़ा के उद्योग और रोजगार पर बयान
हावड़ा के औद्योगिक इतिहास का उल्लेख करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि एक समय यह क्षेत्र उद्योगों के लिए जाना जाता था, लेकिन वाममोर्चा सरकार के दौरान यहां का औद्योगिक ढांचा कमजोर हुआ. उन्होंने कहा कि टीएमसी सरकार ने पांचला और डोमजूर जैसे क्षेत्रों में छोटे और मध्यम उद्योगों को फिर से बढ़ावा देने का काम किया है. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में बेरोजगारी 40 प्रतिशत तक कम हुई है और लगभग 1.75 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार लगातार रोजगार सृजन पर काम कर रही है, जबकि विपक्षी दल अदालतों में जाकर रोजगार योजनाओं में बाधा डाल रहे हैं.
ईवीएम और कल्याणकारी योजनाओं पर टिप्पणी
ममता बनर्जी ने मतदान प्रक्रिया को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि अगर चुनाव के दिन ईवीएम मशीन में किसी प्रकार की गड़बड़ी दिखाई दे तो नागरिक मतदान न करें और उसका विरोध करें. उन्होंने इसे चुनाव को प्रभावित करने की रणनीति बताया. इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि लक्ष्मी भंडार योजना को लेकर जो वादे किए जा रहे हैं, वे केवल चुनावी झांसा हैं. उन्होंने दावा किया कि पहले भी कई राज्यों में इसी तरह के वादों का असर बाद में खत्म हो गया.
इसे भी पढ़ें-ED का एक्शन मोड ऑन, कोल केस में I-PAC डायरेक्टर अरेस्ट, अभिषेक बनर्जी का तीखा वार
इसे भी पढ़ें-बंगाल चुनाव से पहले कोलकाता पुलिस में बड़ा फेरबदल, 12 IPS अधिकारियों का तबादला

