इस खबर में क्या है?
Kolkata Rail : रेलवे स्टेशनों पर सीढ़ियां और फुटओवर ब्रिज कभी बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती माने जाते थे. 85 वर्षीय शांति देवी जैसे वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्टेशन तक पहुंचना किसी कठिन परीक्षा जैसा अनुभव था. वहीं राजेश जैसे दिव्यांग यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए अक्सर दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था. लेकिन अब पूर्व रेलवे के स्टेशनों पर यह तस्वीर तेजी से बदल रही है. आधुनिक लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा ने यात्रियों की यात्रा को आसान और सम्मानजनक बना दिया है, जिससे ‘सीढ़ियों का डर’ अब धीरे-धीरे इतिहास बनता जा रहा है.
यात्रियों की सुविधा में बड़ा बदलाव
पूर्व रेलवे ने वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपने स्टेशनों पर बड़े स्तर पर आधुनिकीकरण किया है. 31 मार्च 2026 तक जोन में कुल 93 लिफ्ट और 77 एस्केलेटर चालू किए जा चुके हैं. इनमें आसनसोल, हावड़ा, मालदा और सियालदह मंडलों में व्यापक नेटवर्क तैयार किया गया है, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में आसानी हो रही है.
मंडलों में फैला लिफ्ट और एस्केलेटर नेटवर्क
पूर्व रेलवे के अनुसार आसनसोल में 23 लिफ्ट, हावड़ा में 19, मालदा में 37 और सियालदह में 14 लिफ्ट स्थापित की गई हैं. वहीं एस्केलेटर की बात करें तो आसनसोल में 9, हावड़ा में 26, मालदा में 16 और सियालदह में 26 एस्केलेटर यात्रियों की सुविधा के लिए काम कर रहे हैं. यह ढांचा लगातार विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
आगे भी जारी रहेगा विस्तार अभियान
रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भी नई योजना तैयार की है. इसके तहत 14 अतिरिक्त लिफ्ट और 4 नए एस्केलेटर लगाए जाएंगे. इनमें आसनसोल मंडल में 5, मालदा में 6 और सियालदह में 3 लिफ्ट शामिल हैं. यह कदम बढ़ती भीड़ और यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए उठाया गया है.
रेलवे का उद्देश्य: हर यात्री के लिए आसान सफर
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि ने कहा कि स्टेशन अनुभव को पूरी तरह आसान और आरामदायक बनाना ही मुख्य लक्ष्य है. लिफ्ट और एस्केलेटर के विस्तार से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी यात्री उम्र या शारीरिक स्थिति के कारण यात्रा में असुविधा महसूस न करे.
इसे भी पढ़ें-ट्रेनों में ठसाठस भीड़ के बीच रेलवे का ऐलान, 3 समर स्पेशल ट्रेनें दौड़ेंगी
इसे भी पढ़ें-ट्रेन के कोच में छिपा था नशे का जाल, मालदा स्टेशन पर 1.95 लाख का मादक पदार्थ बरामद
इसे भी पढ़ें-मजाक में खींची गई चेन, यात्रियों पर भारी पड़ रही देरी; मालदा मंडल में बढ़े मामले
इसे भी पढ़ें-गर्मियों में भीड़ से जूझते यात्रियों के लिए रेलवे ने तैयार की 4 स्पेशल ट्रेनें, जानें डिटेल्स

