इस खबर में क्या है?
Murshidabad Accident: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बरहमपुर में शुक्रवार सुबह रेलवे फाटक पर बड़ा हादसा हो गया. स्कूल जा रहे बच्चों को लेकर जा रही वैन को निमटिटा-कटवा पैसेंजर ट्रेन ने टक्कर मार दी. हादसे में दो छात्रों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई छात्र घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
ट्रेनों में सिगरेट पीने वालों की अब खैर नहीं, लगेगा भारी जुर्माना और होगी जेल
आठ लोग थे वैन में सवार
जानकारी के अनुसार, स्कूल वैन में चालक समेत आठ लोग सवार थे. ट्रेन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए. स्थानीय लोगों ने किसी तरह वाहन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला. सभी घायलों को पहले कर्णसुबर्णा ब्लॉक अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर रूप से घायल लोगों को बाद में मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.
रेलवे फाटक खुले होने पर उठे सवाल
यह हादसा कर्णसुबर्णा और गोविंदपुर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित रेलवे फाटक पर हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एक ट्रेन गुजरने के बाद फाटक खोल दिया गया था. इसी दौरान दूसरी दिशा से आ रही निमटिटा-कटवा पैसेंजर ट्रेन वहां पहुंच गई और वैन उसकी चपेट में आ गई. घटना के बाद रेलवे फाटक खुले रहने और गेटमैन की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
Murshidabad Accident: रेलवे ने विशेष टीम भेजी
हादसे के बाद पूर्वी रेलवे ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, एक विशेष जांच दल घटनास्थल भेजा जा रहा है. जांच में यह पता लगाया जाएगा कि दुर्घटना के समय गेटमैन ड्यूटी पर था या नहीं और यदि था तो फाटक खुला कैसे रह गया.
हावड़ा रेल रूट पर सफर से पहले देख लें लिस्ट, दो दिन बंद रहेगा इस रूट पर चक्का
पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए. दुर्घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. रेलवे का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदारी तय की जाएगी.
मुख्य बिंदु:
- मुर्शिदाबाद के बरहमपुर में रेलवे क्रॉसिंग पर बड़ा हादसा.
- स्कूल वैन को ट्रेन ने टक्कर मारी, दो छात्रों समेत तीन लोगों की मौत.
- हादसे में कई छात्र घायल, गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर.
- रेलवे ने विशेष टीम गठित कर घटना की जांच के दिए आदेश.
- रेल गेट खुले होने को लेकर उठे सवाल, गेटमैन की भूमिका जांच के दायरे में.
इसे भी पढ़ें-


