Bhagalpur Encroachment: भागलपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने नगर निगम को भी चौंका दिया. मिरजानहाट रोड पर सड़क का बड़ा हिस्सा अस्थायी मछली बाजार में बदल चुका था. निगम की टीम पहुंचते ही बाजार हटवाया गया, 12,500 रुपये जुर्माना वसूला गया और अब रोजाना निगरानी का फैसला लिया गया है.
मिरजानहाट सड़क ही बन गई थी बाजार
शनिवार को अतिक्रमण शाखा प्रभारी जय प्रकाश यादव के नेतृत्व में निगम की टीम दक्षिणी क्षेत्र में अभियान चलाते हुए मिरजानहाट रोड पहुंची. यहां सड़क के दोनों ओर नहीं, बल्कि सड़क के हिस्से पर ही मछली विक्रेताओं ने दुकानें सजा रखी थीं. खुलेआम बिक्री के कारण वाहनों और पैदल चलने वालों को भारी परेशानी हो रही थी.
नवगछिया में शंकरपुर का 100 साल पुराना चैती दुर्गा मंदिर गंगा में समाया, कटाव ने मिटाई धार्मिक विरासत
टीम ने मौके पर सभी विक्रेताओं को हटाया और अवैध रूप से सड़क घेरकर कारोबार करने पर करीब 12,500 रुपये का जुर्माना लगाया.
एक दिन की कार्रवाई नहीं, अब हर दिन होगी जांच
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि मिरजानहाट में सिर्फ बाजार हटाकर अभियान खत्म नहीं होगा. रविवार को टीम फिर उसी जगह पहुंचेगी और इसके बाद लगातार निगरानी की जाएगी.
अतिक्रमण शाखा प्रभारी के अनुसार यदि दोबारा सड़क पर मछली बाजार लगाया गया तो संबंधित विक्रेताओं से दोगुना जुर्माना वसूला जाएगा. साथ ही कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
लोहिया पुल पर फुटपाथ खाली कराया
अभियान के दौरान निगम की टीम लोहिया पुल के पास भी पहुंची, जहां फुटपाथ पर केले रखकर बिक्री की जा रही थी. इससे पैदल चलने वालों का रास्ता संकरा हो गया था और यातायात प्रभावित हो रहा था.
टीम को देखते ही वहां अफरातफरी मच गई. निगम कर्मियों ने फुटपाथ पर रखे केले जब्त कर लिए. जब जब्त सामान के मालिक के बारे में पूछा गया तो वहां मौजूद किसी भी व्यक्ति ने केले पर अपना दावा नहीं किया.
निगम का साफ संदेश
नगर निगम ने कहा है कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. दोबारा कब्जा मिलने पर जुर्माने के साथ सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
इसे भी पढ़ें-



