Khan Sir Coaching Controversy: पटना में खान सर की कोचिंग संस्थान में हुई मारपीट और हंगामे की घटना के बाद संस्थान का संचालन प्रभावित हो गया है. हालात को देखते हुए बुधवार को कोचिंग में नियमित कक्षाएं नहीं चल सकीं. घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग परिसर पहुंचे, लेकिन उन्हें पढ़ाई नहीं होने की जानकारी दी गई. इस दौरान कई छात्रों ने खान सर के समर्थन में नारेबाजी भी की.
मंगलवार रात हुई घटना के बाद पूरे परिसर में तनाव का माहौल बना रहा. कोचिंग प्रबंधन का कहना है कि फिलहाल स्थिति सामान्य होने तक संस्थान के संचालन को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा.
गार्ड पर हमले का आरोप, अस्पताल में इलाज जारी
खान सर ने बताया कि कुछ लोग जबरन कोचिंग परिसर में दाखिल हुए और वहां तैनात सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट की. उनके अनुसार हमले में गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर में चोट आई. घटना के समय ऑनलाइन कक्षाएं भी संचालित हो रही थीं.
घायल सुरक्षा कर्मी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. घटना के बाद कोचिंग स्टाफ और छात्रों में भी चिंता का माहौल देखा गया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
परिसर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना को देखते हुए प्रशासन ने कोचिंग के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है. भवन के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके.
मीडिया से बातचीत के दौरान खान सर ने भी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की.
धमकी मिलने का दावा, साजिश की आशंका जताई
खान सर ने आरोप लगाया कि घटना को अंजाम देने वाले लोगों ने संस्थान को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी है. उन्होंने इसे पूर्व नियोजित कार्रवाई बताते हुए आशंका जताई कि कुछ लोग जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी और दोषियों की पहचान होना जरूरी है.
गोलीबारी को लेकर बयान पर दी सफाई
घटना के तुरंत बाद खान सर की ओर से गोली चलने की आशंका जताई गई थी, लेकिन बाद में उन्होंने अपने बयान पर स्पष्टीकरण दिया. उनका कहना था कि घटना के समय माहौल काफी तनावपूर्ण था और शुरुआती जानकारी घायल गार्ड से मिली थी.
उन्होंने कहा कि बाद में जो तथ्य सामने आए, उनके आधार पर स्थिति को स्पष्ट किया गया. दूसरी ओर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच में गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले को लेकर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने कहा है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. वहीं टाउन डीएसपी राजेश रंजन के अनुसार फिलहाल जांच का फोकस मारपीट और तोड़फोड़ की घटना पर है. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में गिरफ्तारी भी हो सकती है.
इसे भी पढ़ें-
- ई-शिक्षाकोष पर प्रोफाइल अपडेट का आखिरी मौका, 5 जून के बाद शिक्षकों की जानकारी होगी फ्रीज
- आम-लीची लेकर सिंगापुर पहुंचे लालू यादव, बेटी रोहिणी हुईं भावुक, बोलीं- आज मेरे घर भगवान आए हैं
- पटना में अफसर भाइयों के घर बड़ी चोरी, परिवार को 50 लाख से ज्यादा का झटका
- गर्मी की छुट्टियों में रेलवे का बड़ा फैसला, दिल्ली-हावड़ा रूट पर चलेगी स्पेशल ट्रेनें

