Bhagalpur News : भागलपुर जिले में स्थित छह कोयला ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया को दोबारा गति देने की तैयारी शुरू हो गई है. इन ब्लॉकों में 9,217 मिलियन टन से अधिक कोयला भंडार होने का अनुमान लगाया गया है, जिसे ऊर्जा उत्पादन और औद्योगिक उपयोग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इनमें एक ब्लॉक कहलगांव क्षेत्र में जबकि पांच ब्लॉक पीरपैंती इलाके में स्थित हैं.
हाल ही में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में इन कोयला ब्लॉकों की नीलामी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक में निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने और नीलामी प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विचार किया गया.
पीरपैंती और कहलगांव में फैले हैं कोयला भंडार
खान एवं भू-तत्व विभाग के सचिव अनवीश कुमार ने बैठक में बताया कि इन सभी कोल ब्लॉकों की खोज सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट (CMPDI), रांची द्वारा की गई है. जिन क्षेत्रों की पहचान की गई है उनमें मिर्जागांव नार्थ, मिर्जागांव साउथ, राजगांव नार्थ, राजगांव साउथ, मंदार पर्वत और लक्ष्मीपुर शामिल हैं.
इन ब्लॉकों को राज्य के ऊर्जा और औद्योगिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि इनके विकास से भविष्य में बिजली उत्पादन और औद्योगिक गतिविधियों को मजबूती मिल सकती है.
पिछली नीलामी में नहीं मिला था कोई खरीदार
समीक्षा बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि केंद्र सरकार की ओर से इन कोल ब्लॉकों की ई-नीलामी की प्रक्रिया पहले भी शुरू की गई थी. वर्ष 2024 में आयोजित नीलामी के दौरान किसी भी कंपनी या निवेशक ने बोली नहीं लगाई थी. इसके चलते पूरी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई थी.
अब केंद्र के कोयला मंत्रालय और खान मंत्रालय ने दोबारा नीलामी की तैयारी शुरू कर दी है. इसके लिए संभावित निवेशकों को आकर्षित करने और अधिक प्रतिस्पर्धी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है.
निवेशकों को जोड़ने की बनेगी रणनीति
बैठक में मुख्य सचिव ने राज्य में संचालित ताप विद्युत परियोजनाओं और विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों को नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया. साथ ही संभावित निवेशकों तक इन ब्लॉकों की जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया.
इसके अलावा देश के अन्य राज्यों में कोयला खनन क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों को भी बिहार के इन कोल ब्लॉकों की नीलामी में भाग लेने के लिए आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है. अधिकारियों का मानना है कि व्यापक स्तर पर निवेशकों तक पहुंच बनाने से इस बार नीलामी प्रक्रिया को बेहतर प्रतिसाद मिल सकता है.
इसे भी पढ़ें-
- लंबित प्रोन्नति पर चला ‘हंटर’, सितंबर तक TMBU के 125 शिक्षकों को मिलेगा लाभ
- भागलपुर में मुख्यमंत्री का बड़ा निर्देश, श्रावणी मेला शुरू होने से पहले दुरुस्त हों सभी व्यवस्थाएं
- भागलपुर में मौसम मेहरबान, 3 जून तक बारिश का अनुमान; आम की खेती पर दिख रहा असर
- कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में 63 पदों पर बहाली प्रक्रिया शुरू, जानिए कब होगी काउंसलिंग

