Siwan Internet Ban : नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दे पर शनिवार को हुए धरना-प्रदर्शन के दौरान हिंसा और तनाव के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे जिले में इंटरनेट सेवा अगले आदेश तक बंद कर दी गई है. पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने इंटरनेट सेवा निलंबित किए जाने की पुष्टि की है.
प्रदर्शन के दौरान बिगड़े हालात, पुलिस-प्रदर्शनकारियों में हुई झड़प
शनिवार को आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया. स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए प्रशासन ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की. साथ ही संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और लगातार निगरानी की जा रही है.
बिहार के कई जिलों में बवाल, छपरा में पुलिस वाहन फूंका, सीवान में एसपी घायल; जानिए कहां क्या हुआ
Siwan Internet Ban : अफवाहों पर रोक लगाने के लिए लिया गया फैसला
प्रशासन का कहना है कि तनावपूर्ण हालात में सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से भ्रामक सूचनाएं तेजी से फैल सकती हैं. ऐसी अफवाहें कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकती हैं. इसी आशंका को देखते हुए एहतियातन पूरे जिले में इंटरनेट सेवा अगले आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है.
एसपी बोले- हालात पर लगातार रखी जा रही नजर
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि जिले की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं. शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें और अफवाहों को आगे बढ़ाने से बचें.
छात्र आंदोलन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा; धर्मेंद्र प्रधान ने छोड़ा पद, जानिए क्या बोले
प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें. यदि कोई संदिग्ध या भ्रामक सूचना मिले तो उसकी जानकारी तत्काल प्रशासन को दें.
स्थिति सामान्य होने पर बहाल होगी इंटरनेट सेवा
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इंटरनेट सेवा पर लगी रोक स्थायी नहीं है. जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य होने और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद ही इंटरनेट सेवा बहाल करने का निर्णय लिया जाएगा. तब तक प्रतिबंध प्रभावी रहेगा.
इसे भी पढ़ें-

