इस खबर में क्या है?
LPG Price Hike : कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में आज से भारी बढ़ोतरी लागू कर दी गई है. नई दरों के तहत सिलेंडर करीब ₹993 तक महंगा हो गया है, जिसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों पर पड़ने वाला है. हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत बनी हुई है, क्योंकि घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है.
पिछले महीने भी बढ़े थे दाम
इससे पहले भी तेल कंपनियों ने कीमतों में इजाफा किया था. बीते महीने 5 किलो के छोटे सिलेंडर की कीमत करीब ₹51 बढ़ाई गई थी, जबकि 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम ₹195 से ₹218 तक बढ़े थे. लगातार हो रही इस बढ़ोतरी से व्यवसायिक उपयोगकर्ताओं की लागत बढ़ती जा रही है.
घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर
घरेलू LPG सिलेंडर के दाम फिलहाल स्थिर रखे गए हैं. राजधानी दिल्ली में 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर ₹913 में ही उपलब्ध है. इससे पहले 7 मार्च को इसमें ₹60 की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद से कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है.
हर महीने तय होती हैं नई कीमतें
देश की प्रमुख तेल कंपनियां जैसे इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम हर महीने की पहली तारीख को LPG के दाम की समीक्षा करती हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत और रुपये-डॉलर के उतार-चढ़ाव के आधार पर ये दरें तय की जाती हैं.
पेट्रोल-डीजल के दाम में स्थिरता
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है. दिल्ली में पेट्रोल ₹94.72 प्रति लीटर और डीजल ₹87.62 प्रति लीटर पर बना हुआ है. पिछले साल मार्च में ₹2 प्रति लीटर की कटौती के बाद से कीमतें स्थिर हैं.
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
हालिया बढ़ोतरी के पीछे वेस्ट एशिया में बढ़ता तनाव एक बड़ी वजह मानी जा रही है. युद्ध जैसी स्थिति के चलते वैश्विक सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में करीब 50% तक उछाल आया है. खास तौर पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में रुकावट से सप्लाई चेन पर गंभीर असर पड़ा है, जो दुनिया के प्रमुख तेल मार्गों में शामिल है.
इसे भी पढ़ें-अक्षय तृतीया पर सोना खरीद रहे हैं? एक गलती और आपकी मेहनत की कमाई हो सकती है बर्बाद
इसे भी पढ़ें-सिर्फ मजदूरी नहीं, टेक्नोलॉजी से भी पहचान बनाएगा बिहार, केंद्रीय IT मंत्री से श्रेयसी सिंह ने की मुलाकात

