Industry In Bihar: बिहार सरकार राज्य में उद्योगों के विकास और निवेश बढ़ाने के लिए लगातार नई योजनाएं ला रही है. इसके तहत राज्य के विभिन्न इंडस्ट्रियल एरिया में कुल 12.5 एकड़ में फैली 25 इंडस्ट्रियल यूनिट्स को जमीन और प्लग‑एंड‑प्ले शेड आवंटित किए गए हैं. यह कदम निवेशकों को आकर्षित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में उठाया गया है.
उद्योग सचिव की अध्यक्षता में बैठक में निर्णय
इस आवंटन को उद्योग सचिव और बिहार औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीआईएडीए) के निदेशक कुंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित परियोजना मंजूरी समिति (पीसीसी) की बैठक में मंजूरी दी गई. बैठक में इंडस्ट्रियल यूनिट्स के चयन और प्लॉट आवंटन के सभी पहलुओं पर चर्चा हुई.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
उम्मीदित निवेश और रोजगार के अवसर
प्रस्तावित योजनाओं के अनुसार, इन 25 यूनिट्स से लगभग 168.52 करोड़ रुपये का निवेश राज्य में आएगा. इसके साथ ही करीब 1,194 नए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है. आवंटित यूनिट्स आईटी/आईटीइएस, फूड प्रोसेसिंग, कपड़ा, प्लास्टिक और जनरल मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों से संबंधित हैं.
दो नए स्पेशल इकोनॉमी जोन की घोषणा
कुछ दिन पहले ही बिहार सरकार ने पश्चिम चंपारण के कुमारबाग और बक्सर के नवानगर में दो स्पेशल इकोनॉमी जोन बनाने की घोषणा की. प्रत्येक जोन में लगभग 125 एकड़ जमीन विकसित की जाएगी और इन पर कुल मिलाकर 300 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. यह पहल लाखों लोगों के लिए रोजगार और राज्य में औद्योगिक निवेश बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
उद्योग मंत्री का संदेश
उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने बताया कि सरकार बिहार की आर्थिक पहचान बदलने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है. स्पेशल इकोनॉमी जोन से देश के अन्य राज्यों के साथ-साथ विदेशों के उद्योगपति भी बिहार में फैक्ट्रियां लगाने के लिए आकर्षित होंगे. इससे न केवल निवेश बढ़ेगा बल्कि रोजगार और विकास के नए अवसर भी मिलेंगे.
इसे भी पढ़ें-समृद्धि यात्रा के दूसरे चरण में आज दरभंगा पहुंचेगे सीएम नीतीश, विकास कार्यों का करेंगे निरीक्षण


