इस खबर में क्या है?
Tamil Nadu CM Vijay : तमिलनाडु की कमान संभालते ही मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने प्रदेश में ‘सामाजिक न्याय’ के एक नए अध्याय की घोषणा की है. शपथ ग्रहण समारोह के बाद अपने पहले संबोधन में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार का मुख्य लक्ष्य युवाओं को नशे के जाल से बाहर निकालना है. सीएम ने कहा कि ड्रग्स के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए आज से ही विशेष अभियान और कड़े प्रशासनिक फैसले लागू किए जा रहे हैं. उन्होंने कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और प्रदेश के हर नागरिक को भयमुक्त वातावरण देने का भरोसा दिलाया. विरोधियों पर कटाक्ष के बजाय उन्होंने उदारता दिखाते हुए कहा कि 8 करोड़ जनता में उनके शुभचिंतक और आलोचक सभी शामिल हैं और वे सबके मुख्यमंत्री के रूप में काम करेंगे.
प्रशासन में पारदर्शिता: जारी होगा ‘श्वेत पत्र’
मुख्यमंत्री विजय ने शासन को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए ‘ट्रांसपेरेंसी’ का मंत्र दिया है. उन्होंने घोषणा की कि वे जल्द ही प्रदेश की वर्तमान स्थिति और सरकारी योजनाओं की समीक्षा कर एक ‘व्हाइट पेपर’ (श्वेत पत्र) जनता के सामने रखेंगे. सीएम ने कहा कि उनकी सरकार के कामकाज में कुछ भी छिपा हुआ नहीं होगा. उन्होंने जनता से थोड़ा समय मांगते हुए विश्वास दिलाया कि किए गए सभी वादे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ क्रमबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे.
पहली कलम से 200 यूनिट मुफ्त बिजली को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने कार्यभार संभालते ही सबसे पहले घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी. उन्होंने 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने वाली फाइल पर हस्ताक्षर कर अपनी पहली चुनावी गारंटी पूरी की. इस दौरान भावुक होते हुए विजय ने कहा कि वे किसी राजघराने या रसूखदार परिवार से नहीं, बल्कि एक आम इंसान के रूप में जनता के बीच से आए हैं. उन्होंने फिल्मी सफर से लेकर राजनीति तक मिले जनसमर्थन को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया और तमिलनाडु के समग्र विकास का संकल्प लिया.
महिला सुरक्षा और पुनर्वास को प्राथमिकता
आधी आबादी की सुरक्षा को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले किसी भी अपराध पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के लिए पुलिस प्रशासन को विशेष निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही, ड्रग्स की चपेट में आए लोगों के लिए रिहैबिलिटेशन (पुनर्वास) केंद्रों की स्थापना की जाएगी, ताकि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके. सरकार का लक्ष्य एक स्वस्थ और सुरक्षित तमिलनाडु का निर्माण करना है.
इसे भी पढ़ें-घर से रवाना हुए विजय, आज सुबह 10 बजे लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, राहुल गांधी रहेंगे मौजूद
इसे भी पढ़ें-तमिलनाडु में TVK के लिए सत्ता का रास्ता साफ, विजय कल लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
इसे भी पढ़ें-तमिलनाडु में TVK के लिए बहुमत का रास्ता खुला, कांग्रेस के बाद वाम दलों ने दिया समर्थन

